1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. Time Machine: समय में पीछे जाता है, हमें धरती पर बैठे गैलेक्सी की सैर कराता है, जानिए कैसे काम करता है जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप

Time Machine: समय में पीछे जाता है, हमें धरती पर बैठे गैलेक्सी की सैर कराता है, जानिए कैसे काम करता है जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप

 Written By: Shilpa
 Published : Jul 19, 2022 10:55 am IST,  Updated : Jul 19, 2022 10:57 am IST

जब आप चंद्रमा को देखते हैं, तो आप वास्तव में उसे वैसे ही देखते हैं जैसा वह 1.3 सेकेंड पहले था। यह समय में केवल एक छोटी सी झलक है, लेकिन यह अब भी अतीत है।

James Webb Space Telescope- India TV Hindi
James Webb Space Telescope Image Source : NASA

Highlights

  • यूनिवर्स की तस्वीरें भेज खबरों में छाया रहा जेम्स
  • गैलेक्सी की अतीत की तस्वीरें आज के वक्त में दिखाईं
  • जेम्स वेबस से पहले हबल की तस्वीरों पर होती थी चर्चा

James Webb Telescope: जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप (जेडब्ल्यूएसटी) हाल के दिनों में काफी सुर्खियों में रहा है। उसने गैलेक्सी की एक से एक खूबसूरत तस्वीरें भी भेजी हैं। जिन्हें देखने के बाद लोग अपनी नजरें नहीं हटा पाए हैं। टेलीस्कोप के लिए ब्रह्मांड की आकर्षक तस्वीरें जारी किए जाने के साथ ही यह एक रोमांचक सप्ताह रहा है। ये तस्वीरें हमें सुदूर धुंधली गैलेक्सी को उस रूप में देखने का मौका देती हैं, जैसी वे 13 अरब साल पहले थीं। ये तस्वीरें ब्रह्मांड की गहराइयों को सही रूप में दिखाती हैं और ये पीछे देखने का अवसर प्रदान करती हैं। ये तस्वीरें इस बारे में दिलचस्प जानकारी देती हैं कि ब्रह्मांड का विस्तार किस तरह से हुआ और हम किस तरह ब्रह्माण्ड संबंधी पैमाने पर दूरियों की गणना करते हैं।

आधुनिक समय की यात्रा

समय के संदर्भ में पीछे मुड़कर देखना एक अजीब अवधारणा की तरह लग सकता है, लेकिन अंतरिक्ष अनुसंधानकर्ता हर दिन ऐसा करते हैं। हमारा ब्रह्मांड भौतिकी के नियमों से बंधा है, जिनमें से एक सबसे प्रसिद्ध 'नियम' प्रकाश की गति है। जब हम 'प्रकाश' के बारे में बात करते हैं, तो हम वास्तव में विद्युत-चुंबकीय ‘स्पेक्ट्रम’ में सभी तरंगदैर्ध्य का जिक्र कर रहे होते हैं, जो लगभग 3,00,000 किलोमीटर प्रति सेकेंड की गति से यात्रा करती हैं। प्रकाश इतनी तीव्र गति से यात्रा करता है कि हमारे दैनिक जीवन में यह तात्कालिक प्रतीत होता है। इस त्वरित गति के बावजूद ब्रह्मांड में कहीं भी यात्रा करने में अब भी कुछ समय लगता है।

जब आप चंद्रमा को देखते हैं, तो आप वास्तव में उसे वैसे ही देखते हैं जैसा वह 1.3 सेकेंड पहले था। यह समय में केवल एक छोटी सी झलक है, लेकिन यह अब भी अतीत है। सूर्य के प्रकाश के साथ भी ऐसा ही है और सूर्य की सतह से उत्सर्जित फोटॉन (प्रकाश कण) को पृथ्वी तक पहुंचने में आठ मिनट लगते हैं। 

हमारी आकाशगंगा- दुग्धमेखला/क्षीरमार्ग, 100,000 से अधिक प्रकाश-वर्ष तक फैली हुई है और जेडब्ल्यूएसटी की ‘कैरिना नेबुला’ तस्वीर में देखे गए सुंदर नए पैदा हुए सितारे 7,500 प्रकाश वर्ष दूर हैं। दूसरे शब्दों में, तस्वीर के रूप में यह निहारिका (नेबुला) उस समय की तुलना में लगभग 2,000 साल पहले की है। माना जाता है कि उस समय प्राचीन मेसोपोटामिया में पहली बार लेखन का उपयोग किया गया था।

जब भी हम पृथ्वी से दूर देखते हैं, हम समय को पीछे मुड़कर देखते हैं कि चीजें एक समय कैसी थीं। यह खगोलविदों के लिए एक महाशक्ति है क्योंकि हम अपने ब्रह्मांड के रहस्य की पहेली को सुलझाने की कोशिश करने के लिए प्रकाश का उपयोग कर सकते हैं।

जेडब्ल्यूएसटी को क्या चीज शानदार बनाती है

अंतरिक्ष आधारित टेलीस्कोप हमें प्रकाश की कुछ निश्चित श्रेणियों को देखने का मौका देती हैं, जो पृथ्वी के घने वातावरण से गुजरने में असमर्थ हैं। हबल स्पेस टेलीस्कोप को पराबैंगनी (यूवी) और विद्युत चुंबकीय स्पेक्ट्रम के दृश्य, दोनों का उपयोग करने के लिए डिजाइन किया गया था।

जेडब्ल्यूएसटी को ‘इन्फ्रारेड लाइट’ की एक विस्तृत श्रृंखला का उपयोग करने के लिए डिजाइन किया गया है। यह एक प्रमुख कारण है कि हबल की तुलना में जेडब्ल्यूएसटी समय को और पीछे देख सकता है।

गामा किरणों से लेकर रेडियो तरंगों सहित विद्युत चुंबकीय स्पेक्ट्रम पर गैलेक्सी तरंगदैर्ध्य की एक श्रृंखला का उत्सर्जन करती हैं। ये सभी हमें आकाशगंगा में होने वाली विभिन्न भौतिकी के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी देती हैं।

जब आकाशगंगाएं हमारे पास होती हैं तो हम इन तरंगदैर्ध्य की एक विस्तृत श्रृंखला की जांच कर सकते हैं कि उनके अंदर क्या हो रहा है।

लेकिन जब गैलेक्सी बहुत दूर होती हैं, तो हमारे पास वह सुविधा नहीं रह जाती है। सबसे दूर की गैलेक्सी से प्रकाश, जैसा कि हम अभी देखते हैं, ब्रह्मांड के विस्तार के कारण लाल तरंगदैर्ध्य तक फैला होता है।

इसका मतलब है कि कुछ प्रकाश जो पहली बार उत्सर्जित होने पर हमारी आंखों को दिखाई दे रहा था, ब्रह्मांड के विस्तार के रूप में उसकी ऊर्जा खो गई है। यह अब विद्युत चुंबकीय स्पेक्ट्रम के एक पूरी तरह से अलग क्षेत्र में है। यह एक घटना है जिसे 'ब्रह्मांड संबंधी रेडशिफ्ट' कहा जाता है।

यहीं पर जेडब्ल्यूएसटी की विशेषताएं वास्तव में चमकती हैं। जेडब्ल्यूएसटी द्वारा पता लगाए जाने योग्य अवरक्त तरंगदैर्ध्य की विस्तृत श्रृंखला इसे गैलेक्सी को देखने देती है जो हबल कभी नहीं कर सकता था। जेडब्ल्यूएसटी के विशाल दर्पण और शानदार ‘पिक्सेल रिजॉल्यूशन’ के साथ आपके पास ज्ञात ब्रह्मांड में सबसे शक्तिशाली टाइम मशीन है।

बैठें और लुत्फ उठाएं

हम प्रौद्योगिकी के एक उल्लेखनीय युग में रहते हैं। सिर्फ 100 साल पहले, हमें नहीं पता था कि हमारे बाहर गैलेक्सी भी हैं। अब हमारा अनुमान है कि इनकी संख्या खरबों में है।

निकट भविष्य के लिए, जेडब्ल्यूएसटी हमें हर हफ्ते अंतरिक्ष और समय के माध्यम से यात्रा पर ले जाएगी। आप नासा द्वारा जारी किए जाने के साथ ही नवीनतम समाचारों के साथ अपडेट रह सकते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश