1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिकी जनरल का बड़ा दावा, कहा- 'जंग शुरू होने के बाद से 86 फीसदी घटी ईरान की मिसाइल लॉन्च क्षमता'

अमेरिकी जनरल का बड़ा दावा, कहा- 'जंग शुरू होने के बाद से 86 फीसदी घटी ईरान की मिसाइल लॉन्च क्षमता'

 Published : Mar 05, 2026 12:40 am IST,  Updated : Mar 05, 2026 06:29 am IST

अमेरिका के टॉप मिलिट्री ऑफिसर जनरल डैन केन ने बड़ा बयान दिया है। कैन ने कहा कि लड़ाई के पहले दिन से ईरान की तरफ से दागी गई बैलिस्टिक मिसाइलों की संख्या काफी कम हो गई है।

Iran Missile- India TV Hindi
Iran Missile Image Source : AP

Israel US Attack On Iran: अमेरिका के सबसे वरिष्ठ सैन्य अधिकारी जनरल डैन केन ने बुधवार को पेंटागन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अहम जानकारी दी।  केन ने कहा कि ईरान की ओर से दागी जा रही बैलिस्टिक मिसाइलों की संख्या लड़ाई के पहले दिन की तुलना में 86 प्रतिशत कम हो गई है। इसके अलावा, पिछले 24 घंटों में ही इसमें 23 प्रतिशत की और कमी आई है। 

कम हुए ड्रोन हमले

जनरल डैन केन ने यह भी बताया कि ईरान की ओर से हमला करने वाले ड्रोनों की संख्या शुरुआती दिनों की तुलना में 73 प्रतिशत कम हो गई है। यह सब इसलिए हो रहा है क्योंकि शनिवार से अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर बड़े पैमाने पर हमले शुरू किए हैं। इस ऑपरेशन को ऑपरेशन एपिक फ्यूरी नाम दिया गया है। इन हमलों से ईरान की मिसाइल और ड्रोन लॉन्च करने की क्षमता काफी कमजोर पड़ गई है। ईरान ने जवाब में क्षेत्र के उन देशों पर मिसाइल और ड्रोन से हमले किए हैं, जहां अमेरिकी सैनिक या उनके ठिकाने हैं।

अमेरिकी सेना कर रही है अटैक

जनरल केन ने कहा कि अब तक ईरान ने 500 से ज्यादा बैलिस्टिक मिसाइलें और 2,000 से ज्यादा ड्रोन दागे हैं। यह अमेरिका और उसके सहयोगी देशों के लिए एयर डिफेंस की एक बहुत बड़ी चुनौती थी लेकिन अमेरिकी सेना अब ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल सिस्टम को निशाना बना रही है और उन्हें नष्ट कर रही है। इसका मकसद है कि ईरान इन हथियारों से क्षेत्र में अमेरिकी सेना, उसके सहयोगी देशों या हितों को खतरा ना पहुंचा सके।

अमेरिका के पास है पर्याप्त गोला-बारूद

कुछ विशेषज्ञों ने चिंता जताई है कि अमेरिका और उसके सहयोगी देशों के पास एयर डिफेंस इंटरसेप्टर का स्टॉक कम पड़ सकता है लेकिन जनरल केन और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने इसे खारिज किया। केन ने कहा, "हमारे पास हमला करने और बचाव करने दोनों के लिए पर्याप्त सटीक हथियार और गोला-बारूद है।" हेगसेथ ने कहा कि ईरान की गोली चलाने की क्षमता और अमेरिका की बचाव करने की क्षमता के बीच का फर्क हर दिन और बढ़ता जा रहा है।

जारी रहेगा सैन्य अभियान

अमेरिकी सेना अब ईरान के अंदर गहराई तक हमले कर रही है। उन्होंने ईरान की हवाई रक्षा को कमजोर कर दिया है और अब आसमान पर ज्यादा नियंत्रण हासिल कर लिया है। इससे अमेरिका के विमान आसानी से ईरान के अंदरूनी इलाकों में हमले कर सकते हैं। अमेरिकी अधिकारी दावा कर रहे हैं कि उनके पास पर्याप्त हथियार हैं और वो सैन्य अभियान को जारी रखेंगे। 

यह भी पढ़ें:

VIDEO: अमेरिकी सबमरीन ने किया घातक हमला, ईरानी युद्धपोत को हिंद महासागर में डुबो दिया

ईरान जिसे भी सुप्रीम लीडर चुनेगा उसका 'खात्मा' हमारा लक्ष्य, इजराइली रक्षा मंत्री ने दी चेतावनी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश