न्यूयॉर्क: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने द न्यूयॉर्क टाइम्स अखबार और उसके 4 पत्रकारों के खिलाफ 15 अरब डॉलर की मानहानि का मुकदमा दायर किया है। अदालत के दस्तावेजों से इस बारे में जानकारी मिली है। फ्लोरिडा स्थित अमेरिकी जिला न्यायालय में दायर मुकदमे में अखबार के 2 पत्रकारों द्वारा लिखे गए और 2024 के चुनाव से पहले प्रकाशित कई लेखों और एक किताब का जिक्र है। इसमें कहा गया है कि ये ‘‘राष्ट्रपति ट्रंप के खिलाफ जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण मानहानि करने की न्यूयॉर्क टाइम्स की दशकों पुरानी प्रवृत्ति का हिस्सा हैं।’’
न्यूयॉर्क टाइम्स से नहीं मिला जवाब
मुकदमे में कहा गया है कि न्यूयॉर्क टाइम्स अखबार ने, ‘‘ऐसे बयानों को लापरवाही से, बयानों के झूठ होने की जानकारी के साथ, और/या उनकी सच्चाई या झूठ की बेपरवाही से अनदेखी करते हुए प्रकाशित किया।’’ न्यूयॉर्क टाइम्स ने मंगलवार सुबह इस बारे में प्रतिक्रिया प्राप्त करने के लिए भेजे गए ईमेल का तत्काल जवाब नहीं दिया है।
ट्रंप ने क्या कहा?
मुकदमे की घोषणा करते हुए सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में, ट्रंप ने न्यूयॉर्क टाइम्स पर उनके बारे में झूठ बोलने और उन्हें बदनाम करने का आरोप लगाया और कहा कि यह रेडिकल लेफ्ट डेमोक्रेट पार्टी का एक ‘मुखपत्र’ बन गया है।

ट्रंप ने अन्य मीडिया संस्थानों पर भी बोला हमला
ट्रंप ने अन्य मीडिया संस्थानों पर भी हमला बोला है, जिसमें जुलाई में द वॉल स्ट्रीट जर्नल और मीडिया कारोबारी रूपर्ट मर्डोक के खिलाफ 10 अरब अमेरिकी डॉलर का मानहानि का मुकदमा दायर करना भी शामिल है। अखबार ने फाइनेंसर जेफरी एपस्टीन के साथ ट्रंप के संबंधों पर भी एक खबर प्रकाशित की थी। (एपी)
यह भी पढ़ें:
भारत से बिगड़े रिश्तों पर डैमेज कंट्रोल में जुटा अमेरिका, व्यापार समझौते पर शुरू हुई वार्ता‘गाजा जल रहा है...’, इजरायल के रक्षा मंत्री का बयान, अमेरिका बोला- हमारे पास कुछ दिन ही बचे