1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. कनाडा की आग को लेकर ट्रंप ने फिर किया पोस्ट, शेयर की AI से बनी 'एयर फिल्टर बॉर्डर' की तस्वीर

कनाडा की आग को लेकर ट्रंप ने फिर किया पोस्ट, शेयर की AI से बनी 'एयर फिल्टर बॉर्डर' की तस्वीर

 Written By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jul 26, 2026 07:19 am IST,  Updated : Jul 26, 2026 07:19 am IST

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा की आग को लेकर एक बार फिर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। उन्होंने एक एआई जेनरेटेड तस्वीर शेयर की है, जिसमें उन्होंने अमेरिका-कनाडा बॉर्डर पर एक विशाल एयर फिल्टर दिखाया है।

ट्रंप ने शेयर की एआई तस्वीर।- India TV Hindi
ट्रंप ने शेयर की एआई तस्वीर। Image Source : TRUTHSOCIAL/@REALDONALDTRUMP/AP

कनाडा के जंगलों में आग लगने के बाद धुएं की वजह से अमेरिका के कई शहरों की एयर क्वालिटी खराब हुई है। इसे लेकर ट्रंप ने कनाडा पर टैरिफ लगाने की धमकी भी दे दी है। वहीं अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक AI-जनरेटेड तस्वीर शेयर की, जिसमें US-कनाडा बॉर्डर पर एक बड़ा एयर फिल्टर दिखाया गया है। इसके जरिए उन्होंने कनाडा के जंगलों में लगी आग का धुआं अमेरिका तक पहुंचने को लेकर कनाडा की आलोचना और तेज कर दी। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ट्रुथ सोशल पर यह पोस्ट की।

ट्रंप ने शेयर की AI तस्वीर

'ट्रुथ सोशल' पर पब्लिश हुई इस तस्वीर में दोनों देशों के बीच एक विशाल फिल्टरेशन बैरियर (हवा साफ करने वाली दीवार) दिखाई गई है, जिस पर लिखा है, "नॉर्थ अमेरिका - एयर फिल्टर बैरियर - साफ हवा साफ बॉर्डर"। ट्रंप की यह पोस्ट कनाडा के जंगलों की आग से निकलने वाले धुएं को लेकर टैरिफ लगाने की उनकी हालिया धमकी के बाद आई है। उन्होंने ओटावा पर आरोप लगाया था कि वह प्रदूषित हवा को बॉर्डर पार करने दे रहा है।

ट्रंप ने मार्क कार्नी से की बात

इससे पहले रविवार को 'एयर फोर्स वन' में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्होंने इस मामले पर कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से बात की है और कनाडा से आग पर काबू पाने के लिए कोशिशें तेज़ करने को कहा है। ट्रंप ने कहा, "बातचीत अच्छी रही, लेकिन मैंने उनसे कहा कि आपको इन आग को हमारी हवा को जहरीला बनाने से रोकना होगा। हमारी हवा ज़हरीली हो गई है।" 

ट्रंप ने कनाडा की मदद का दिया सुझाव

यह बताते हुए कि अमेरिका जंगलों की आग से निपटने में कनाडा की मदद करने को तैयार है, ट्रंप ने सुझाव दिया कि धुएं से हुई परेशानी के लिए ओटावा को वॉशिंगटन को आर्थिक मुआवज़ा देना चाहिए। उन्होंने कहा, "अगर हम उनकी मदद कर सकते हैं, तो करेंगे। लेकिन शायद उन्हें हमें कुछ मुआवज़ा या ऐसा ही कुछ देना चाहिए? या हमें कुछ टैरिफ लगाने चाहिए?" ट्रंप ने आगे दावा किया कि जंगल की आग के धुएं ने अमेरिका के कुछ हिस्सों, खासकर मिशिगन में कमर्शियल कामकाज में रुकावट डाली है। उन्होंने बताया कि वहां हवा की खराब क्वालिटी के कारण फ़ैक्टरियों और वर्कप्लेस को कुछ समय के लिए कामकाज रोकना पड़ा।

यह भी पढ़ें-

बर्लिन में LGBTQ+ इवेंट के लिए जुटी भीड़ को वैन ने रौंदा, एक की मौत; 17 घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश