1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ट्रंप अपने शपथ ग्रहण में मां से मिली बाइबल का करेंगे इस्तेमाल, जेडी वेंस के पास होगी नानी की निशानी

ट्रंप अपने शपथ ग्रहण में मां से मिली बाइबल का करेंगे इस्तेमाल, जेडी वेंस के पास होगी नानी की निशानी

 Published : Jan 18, 2025 02:02 pm IST,  Updated : Jan 18, 2025 02:02 pm IST

अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ग्रहण करने जा रहे डोनाल्ड ट्रंप इस दौरान अपनी मां की दी हुई बाइबल साथ रखेंगे। ट्रंप के शपथ ग्रहण समिति के अनुसार वह अपनी मां से मिली बाइबल का इस्तेमाल शपथ के लिए करेंगे।

अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस। - India TV Hindi
अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस। Image Source : AP

वाशिंगटन: डोनाल्ड ट्रंप जब आगामी 20 जनवरी को अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे तो इस दौरान उनकी मां की निशानी उनके साथ होगी। ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह से जुड़ी समिति ने शुक्रवार को बताया कि वह अपनी मां द्वारा दी गई बाइबल और लिंकन बाइबल का इस्तेमाल अपने शपथ ग्रहण के दौरान करेंगे। वहीं उपराष्ट्रपति पद की शपथ लेने जा रहे उनके जोड़ीदार जेडी वेंस के पास नानी की दी हुई निशानी साथ होगी।

बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप की मां ने 1955 में न्यूयॉर्क के जमैका में उनको बाइबल दिया था। तब डोनाल्ड ट्रंप फर्स्ट प्रेस्बिटेरियन चर्च में प्राइमरी स्कूल की पढ़ाई कर रहे थे। उन्होंने तब से अपनी मां से मिली इस बाइबल को संभाल कर रखा है। इस बाइबल के कवर के निचले हिस्से पर ट्रंप का नाम लिखा है। समिति ने बताया कि इसके अलावा शपथ ग्रहण समारोह में लिंकन बाइबल का भी इस्तेमाल किया जाएगा।

क्या है लिंकन बाइबल

अमेरिका के 16वें राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन ने जिस बाइबल का इस्तेमाल अपने शपथ ग्रहण में किया था, उसे अब लिंकन बाइबल के नाम से जाना जा रहा है। लिंकन बाइबल का पहली बार इस्तेमाल चार मार्च 1861 को 16वें राष्ट्रपति (अब्राहम लिंकन) के शपथ ग्रहण समारोह में किया गया था। उसके बाद से अब तक इसका इस्तेमाल केवल तीन बार किया गया है। पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा अपने दोनों शपथ ग्रहण समारोह में जबकि ट्रंप ने 2017 में अपने प्रथम शपथ ग्रहण समारोह में लिंकन बाइबल का इस्तेमाल कर चुके हैं। समिति ने कहा कि उपराष्ट्रपति पद के लिए चुने गए जे डी वेंस अपनी नानी की पारिवारिक बाइबल का इस्तेमाल करेंगे। (भाषा) 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश