1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ट्रंप ने अब ओमान को दे डाली धमकी, ईरान से बातचीत पर दिया बड़ा बयान; बोले- 'जबरदस्त बमबारी करेंगे'

ट्रंप ने अब ओमान को दे डाली धमकी, ईरान से बातचीत पर दिया बड़ा बयान; बोले- 'जबरदस्त बमबारी करेंगे'

 Written By: Amar Deep
 Published : Aug 17, 2026 10:53 pm IST,  Updated : Aug 17, 2026 10:53 pm IST

ईरान और ओमान के बीच होर्मुज स्ट्रेट को लेकर चल रही बातचीत के बाद अब ट्रंप का बड़ा बयान आया है। ट्रंप ने ओमान को बीच में न पड़ने की सलाह दी है। उन्होंने कहा अगर वह बीच में आएंगे तो हम उनपर जबरदस्त बमबारी करेंगे।

डोनाल्ड ट्रंप ने ओमान को दी धमकी।- India TV Hindi
डोनाल्ड ट्रंप ने ओमान को दी धमकी। Image Source : AP

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अब ओमान को धमकी दी है। ट्रंप ने कहा है कि अगर ओमान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ईरान और अमेरिका के बीच आया, कोई रुकावट डालने की जुर्रत की, तो अमेरिकी फोर्सेज ओमान पर जबरदस्त अटैक करेंगी। असल में ईरान और ओमान होर्मुज से जहाजों की आवाजाही को लेकर बातचीत कर रहे हैं। दोनों देशों के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के लिए शिपिंग रूट का नक्शा तैयार करने पर सहमति भी बन चुकी है। इस बात को लेकर अब डोनाल्ड ट्रंप भड़क गए हैं। ट्रंप चाहते हैं कि होर्मुज पर अमेरिका का कन्ट्रोल हो। ईरान अमेरिका के साथ मिलकर कोई रास्ता निकाले, लेकिन ईरान और ओमान की बातचीत से ट्रंप का प्लान खतरे में है, इसीलिए आज ट्रंप ने ओमान को धमकाने की कोशिश की। 

ओमान पर बमबारी की दी धमकी

दरअसल, होर्मुज स्ट्रेट पर नियंत्रण को लेकर ईरान और ओमान के बीच समानांतर बातचीत के बारे में पूछे जाने पर ट्रंप ने कहा, "अगर ओमान बीच में आता है, तो हम उन पर जबरदस्त बमबारी करेंगे।" अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे संकेत दिया कि तेहरान के सार्वजनिक बयानों के बावजूद, अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी से ईरानी सरकार पर नया आर्थिक दबाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ईरानी लोग "अच्छे पोकर खिलाड़ी" हैं लेकिन वे "बर्बाद हो रहे हैं"। उन्होंने यह भी कहा कि नवंबर में होने वाले अमेरिकी मध्यावधि चुनावों का उनकी सोच से कोई लेना-देना नहीं है। 

अमेरिका के पास बड़ी संख्या में हथियार

ट्रंप ने पश्चिम एशिया में मौजूद अमेरिकी हथियारों के भंडार के कम होने के बारे में भी बात की और कहा, "हमने अब तक जो इस्तेमाल किया है, वह बहुत मामूली है।" उन्होंने कहा कि अमेरिका के पास बड़ी संख्या में मध्यम-स्तर के हथियार हैं, जबकि कई ज़्यादा एडवांस्ड सिस्टम पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेन को दे दिए थे, जिनमें इस क्षेत्र के लिए जरूरी एयर डिफेंस सिस्टम भी शामिल हैं। ट्रंप की ये टिप्पणियां ऐसे समय में आई हैं जब तेहरान और मस्कट होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित कमर्शियल नेविगेशन के लिए एक सिस्टम बनाने पर बातचीत कर रहे हैं। दोनों देशों ने हफ़्तों की तकनीकी बातचीत के बाद समुद्री कॉरिडोर के लिए एक संयुक्त शिपिंग रूट मैप को अंतिम रूप दिया था।

खत्म हो रहा ईरान के साथ सीजफायर

बता दें कि ओमान में अमेरिका का मिलिट्री बेस है। ईरान के साथ जंग के दौरान अमेरिकी फोर्सेज इस बेस का इस्तेमाल कर रही हैं। इसके बाद भी ओमान को ट्रंप की धमकी हैरान करने वाली है। अमेरिका और ईरान के बीच जो 60 दिन का सीमित सीजफायर हुआ था, वो भी आज खत्म हो रहा है। लेकिन इस दौरान जंग खत्म करने को लेकर दोनों देशों के बीच कोई ठोस बातचीत नहीं हुई है। हालांकि आज ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका IRGC के साथ बैकचैनल से बात कर रहा है। ट्रंप ने कहा कि अब ईरान के पास सरेंडर करने के अलावा कोई रास्ता नहीं है। बेहतर होगा ईरान की फोर्सज अमेरिका के सामने घुटने टेक दे।

यह भी पढ़ें-

ग्रीस के टूरिस्ट आइलैंड सिफनोस पर हैलीकॉप्टर क्रैश, तीन की हुई मौत; आसमान में छाया धुएं का गुबार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश