1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका में गूंजी गोलियों की तड़तड़ाहट, दो घटनाओं में 2 की मौत, 10 लोग घायल

अमेरिका में गूंजी गोलियों की तड़तड़ाहट, दो घटनाओं में 2 की मौत, 10 लोग घायल

 Edited By: Amar Deep
 Published : Nov 18, 2024 09:39 am IST,  Updated : Nov 18, 2024 09:39 am IST

अमेरिका के न्यू ऑरलियन्स में दो जगहों पर फायरिंग होने का मामला सामने आया है। दोनों घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि 10 लोग घायल हो गए हैं।

न्यू ऑरलियन्स में दो जगहों पर हुई गोलीबारी।- India TV Hindi
न्यू ऑरलियन्स में दो जगहों पर हुई गोलीबारी। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

न्यू ऑरलियन्स: अमेरिका का न्यू ऑरलियन्स शहर गोलियों की तड़तड़ाट से गूंज उठा। यहां दो अलग-अलग जगहों पर हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। पहला मामला सेंट रोच इलाके का है, जहां 9 लोग घायल हुए। वहीं दूसरा मामला अलमोनास्टर एवेन्यू ब्रिज का है। यहां गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया जा सकता है। मामले की जांच की जा रही है।

सेंट रोच इलाके में हुई पहली घटना

अधिकारियों ने गोलीबारी की घटनाओं के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि दोनों मामलों के संबंध में अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। न्यू ऑरलियन्स पुलिस विभाग की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, न्यू ऑरलियन्स के सेंट रोच इलाके में दोपहर 3:30 बजे के बाद गोलीबारी की सूचना मिली थी। गोली चलने की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस की टीम पहुंची। पुलिस को वहां पर आठ लोग घायल अवस्था में मिले। इसमें बताया गया कि सभी आठ लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके अलावा एक घायल व्यक्ति एक निजी कार से वहां पहुंचा।

45 मिनट बाद हुई दूसरी फायरिंग

इसके 45 मिनट बाद पुलिस को ‘अलमोनास्टर एवेन्यू ब्रिज’ पर गोलीबारी की एक और घटना की सूचना मिली। पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि तीसरे पीड़ित को निजी वाहन से अस्पताल ले जाया गया और उसकी हालत स्थिर है। पुलिस ने बताया कि दोनों घटनाओं के संबंध में अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। वहीं मामले से जुड़े किसी संदिग्ध की जानकारी भी नहीं मिली है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। (इनपुट- एजेंसी)

यह भी पढ़ें- 

गर्भवती महिला के किए दर्जनों टुकड़े, बोरे में पैक किया और नाले में फेंक आए; परिवार के ही 4 लोग गिरफ्तार

नाइजीरिया के बाद ब्राजील पहुंचे पीएम मोदी, एयरपोर्ट पर हुआ जोरदार स्वागत; G20 समिट में लेंगे हिस्सा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश