1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ट्रंप-जेलेंस्की वार्ता से पहले मिले बड़े संकेत, अमेरिकी हथियार निर्माताओं से मिले यूक्रेनी अधिकारी

ट्रंप-जेलेंस्की वार्ता से पहले मिले बड़े संकेत, अमेरिकी हथियार निर्माताओं से मिले यूक्रेनी अधिकारी

 Edited By: Amit Mishra
 Published : Oct 16, 2025 08:07 am IST,  Updated : Oct 16, 2025 08:07 am IST

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की जल्द ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलेंगे। जेलेंस्की ट्रंप से सैन्य मदद की मांग करें इससे पहले ही यूक्रेनी अधिकारियों ने अमेरिकी हथियार निर्माताओं से मुलाकात की है।

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की (L) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (R)- India TV Hindi
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की (L) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (R) Image Source : AP

कीव: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच इस सप्ताह के अंत में अहम मुलाकात होनी है। ट्रंप के साथ होने वाली मुलाकात से पहले यूक्रेनी सरकार के एक प्रतिनिधिमंडल ने अमेरिका के प्रमुख हथियार निर्माताओं से मुलाकात की है। यूक्रेन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस बारे में जानकारी दी है। यूक्रेनी राष्ट्रपति कार्यालय के प्रमुख आंद्री येरमक और प्रधानमंत्री यूलिया स्विडेंको के नेतृत्व वाले एक प्रतिनिधिमंडल ने लॉकहीड मार्टिन और रेथियॉन के प्रतिनिधियों से मुलाकात की है। येरमक ने यह जानकारी एक टेलीग्राम पोस्ट में दी है। 

वार्ता के दौरान क्या हुई चर्चा? 

यूक्रेनी राष्ट्रपति कार्यालय के प्रमुख आंद्री येरमक ने यह खुलासा नहीं किया कि वार्ता के दौरान क्या चर्चा हुई। येरमक कहा कि दोनों कंपनियों के साथ उनके देश का सहयोग बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि यूक्रेन रूस के पूर्ण युद्ध का प्रतिरोध करने के लिए और मदद की उम्मीद कर रहा है। यह युद्ध 24 फरवरी, 2022 को शुरू हुआ था। 

यूक्रेन को है हथियारों की जरूरत

येरमक के एक वरिष्ठ सलाहकार मायखाइलो पोडोल्याक ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर का कि यूक्रेन अमेरिका से क्रूज मिसाइलें, वायु रक्षा प्रणालियां और संयुक्त ड्रोन उत्पादन समझौतों की मांग कर रहा है। रेथियॉन कंपनी पैट्रियट वायु रक्षा प्रणालियां रूसी लंबी दूरी के हमलों का मुकाबला करने के यूक्रेनी प्रयासों के लिए महत्वपूर्ण रही हैं और टॉमहॉक क्रूज मिसाइलें बनाती है। कीव के अधिकारी टॉमहॉक्स प्राप्त करने के इच्छुक हैं, जिससे यूक्रेन को मॉस्को सहित रूस के भीतरी इलाकों में सटीकता से तथा बड़े आयुधों के साथ हमला करने में सहायता मिलेगी। 

टॉमहॉक मिसाइलों पर होगी बात 

उम्मीद की जा रही है कि जेलेंस्की ओवल ऑफिस में राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात के दौरान टॉमहॉक मिसाइलों की खरीद के लिए अनुरोध करेंगे, वहीं वाशिंगटन ने इस कदम पर हिचकिचाहट दिखाई है। इसकी वजह यह चिंता है कि यह युद्ध को बढ़ा सकता है और अमेरिका तथा रूस के बीच तनाव को गहरा कर सकता है। 

ट्रंप ने दी थी रूस को चेतावनी

डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में रूस को चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर मॉस्को जल्द ही अपना युद्ध समाप्त नहीं करता है तो वह यूक्रेन को टॉमहॉक मिसाइलें भेज सकते हैं। पुतिन ने कहा कि टॉमहॉक मिसाइलों से यूक्रेन में युद्ध के मैदान की स्थिति नहीं बदलेगी जबकि क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि टॉमहॉक का मुद्दा मास्को के लिए अत्यधिक चिंता का विषय है। (एपी)

यह भी पढ़ें:

ब्रिटेन ने रूसी तेल कंपनियों के खिलाफ लिया बड़ा एक्शन, भारत की इस कंपनी पर भी लगाया प्रतिबंध

ट्रंप ने PM मोदी को महान शख्‍स बताते हुए किया बड़ा दावा, बोले- 'अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा भारत'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश