1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका ने फिर तेज की गाजा में युद्ध विराम की कोशिशें, ट्रंप के दूत विटकॉफ करेंगे पश्चिम एशिया का दौरा

अमेरिका ने फिर तेज की गाजा में युद्ध विराम की कोशिशें, ट्रंप के दूत विटकॉफ करेंगे पश्चिम एशिया का दौरा

 Published : Jul 23, 2025 08:53 am IST,  Updated : Jul 23, 2025 08:58 am IST

इजरायल-हमास में 21 महीनों से जारी युद्ध का अब तक कोई अंत नहीं दिखाई दे रहा है। इस बीच गाजा का स्वास्थ्य मंत्रालय बार-बार आरोप लगा रहा है कि इजरायल खाद्य केंद्रों पर जाने वाले फिलिस्तीनियों की जान ले रहा है। ऐसे में अमेरिका ने गाजा युद्ध विराम के प्रयासों को फिर तेज कर दिया है।

डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिका के राष्ट्रपति।- India TV Hindi
डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिका के राष्ट्रपति। Image Source : AP

वॉशिंगटन: अमेरिका ने गाजा युद्ध विराम की कोशिशों को एक बार फिर से तेज कर दिया है। इस बाबत राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ जल्द ही पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) की यात्रा पर जाने वाले हैं। यह जानकारी मंगलवार को अमेरिकी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने दी। ब्रूस ने संवाददाताओं को बताया कि विटकॉफ इस क्षेत्र में इस "मजबूत उम्मीद" के साथ जा रहे हैं कि अमेरिका  संघर्षविराम समझौते के साथ-साथ मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए एक नया गलियारा (ह्यूमैनिटेरियन कॉरिडोर) स्थापित करने में सफल हो सकता है।

गाजा में चरमरा गई है मानवीय सेवाएं

गाजा में मानवीय सहायता और अन्य सेवाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। ऐसे में अमेरिका अब गाजा में शांति चाहता है। ब्रूस ने कहा, “मुझे लगता है कि हमारे पास कुछ अच्छी खबरें हो सकती हैं, लेकिन जैसा कि हम जानते हैं, यह स्थिति लगातार बदल सकती है।” हालांकि, ब्रूस ने यह स्पष्ट नहीं किया कि विटकॉफ कहां जा रहे हैं या उनका कार्यक्रम क्या है? जबकि तीन अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि विटकॉफ इस सप्ताह यूरोप की यात्रा पर हैं, जहां वे गाजा, संघर्षविराम की कोशिशों और अन्य मुद्दों पर बातचीत करेंगे। हालांकि उन्होंने मिडिल ईस्ट में उनके संभावित ठिकानों और कार्यक्रमों के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की।

खाद्य वितरण केंद्र पर मारे गए 85 फिलिस्तीनी

गाजा में खाद्य वितरण केंद्रों की ओर जाने वाले फिलिस्तीनी नागरिकों की मौत का सिलसिला जारी है। हाल ही में भोजन लेने वितरण केंद्र पर जा रहे 85 फिलिस्तीनियों की मौत को 21 महीनों के इजरायल-हमास युद्ध में सबसे भयावह माना गया है। ऐसे में अमेरिका मानवीयता के लिए गाजा में युद्ध विराम को तत्काल जरूरी समझ रहा है। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रेस कार्यालय ने विटकॉफ की यात्रा से संबंधित और विवरण देने के अनुरोधों का कोई उत्तर नहीं दिया है, और यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो सका कि उनका इस सप्ताह का कार्यक्रम क्या होगा। 

वितरण केंद्रों पर फिलिस्तीनियों को क्यों मार रहा इजरायल?

इज़रायली सेना ने कहा है कि उन्होंने चेतावनी स्वरूप गोलियां चलाईं, लेकिन मौतों की संख्या "बहुत बढ़ा-चढ़ाकर" बताई जा रही है। संयुक्त राष्ट्र की खाद्य एजेंसी ने इज़रायल पर मानवीय सहायता के लिए इकट्ठा भीड़ पर गोलीबारी करने का आरोप लगाया है। ब्रूस ने कहा कि जब नागरिक ज़िकिम क्रॉसिंग के माध्यम से आने वाली सहायता तक पहुंचने की कोशिश कर रहे थे, तब हुई यह घटना “बिल्कुल भयावह” थी और यही वजह है कि अमेरिका नए मानवीय गलियारे की स्थापना की पुरजोर वकालत कर रहा है। कतर में कई हफ्तों से चल रही बातचीत में कुछ मामूली प्रगति के संकेत मिले हैं, लेकिन कोई बड़ा समझौता नहीं हुआ है। एक मुख्य अड़चन यह बनी हुई है कि संघर्षविराम के बाद इज़रायली सैनिकों की तैनाती कैसे होगी।

किन बिंदुओं पर युद्ध विराम कराना चाहता है अमेरिका?

अमेरिका की योजना के तहत गाजा में 60 दिनों का संघर्षविराम प्रस्तावित है, जिसमें हमास कुछ बंधकों को रिहा करेगा। जबकि इज़रायल फिलिस्तीनी कैदियों को छोड़ेगा और गाजा में बड़ी मात्रा में मानवीय सहायता भेजी जाएगी। इन 60 दिनों के भीतर, दोनों पक्ष युद्ध को स्थायी रूप से समाप्त करने पर वार्ता शुरू करेंगे। हालांकि, इज़रायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि वे युद्ध तब तक जारी रखेंगे जब तक हमास सत्ता से हटाया नहीं जाता और उसे निहत्था (डिसआर्म) नहीं किया जाता। वहीं, हमास का कहना है कि जब तक युद्ध समाप्त नहीं हो जाता, वह सभी बंधकों को रिहा नहीं करेगा। हमास को यह आशंका भी है कि नेतन्याहू 60 दिन पूरे होने के बाद फिर से युद्ध शुरू कर सकते हैं, जैसा कि उन्होंने मार्च में किया था। हमास के पास 50 बंधक हैं, जिनमें से 20 के जीवित होने का अनुमान है। (एपी) 

यह भी पढ़ें

पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान को बड़ा झटका, पीटीआई के 7 नेताओं को 10 साल की कैद

एक प्लेन से टकराने वाला था अमेरिका का B-52 बॉम्बर, एयर ट्रैफिक कंट्रोल की बड़ी लापरवाही उजागर

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश