1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ईरान पर हमले का अमेरिका में ही शुरु हुआ विरोध, हैरिस और ममदानी ने ट्रंप के खिलाफ खोला मोर्चा

ईरान पर हमले का अमेरिका में ही शुरु हुआ विरोध, हैरिस और ममदानी ने ट्रंप के खिलाफ खोला मोर्चा

 Published : Mar 01, 2026 01:44 am IST,  Updated : Mar 01, 2026 01:44 am IST

अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर बड़ा हमला किया जिसके बाद ट्रंप ने ईरानी जनता से विद्रोह का आह्वान किया, वहीं कमला हैरिस और न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने इस हमले की कड़ी निंदा की। हैरिस ने कहा कि यह युद्ध अमेरिकी जनता की इच्छाओं के खिलाफ है, जबकि ममदानी ने शांति की अपील की है।

US Israel attack on Iran, Kamala Harris, Joe Biden, New York Mayor- India TV Hindi
कमला हैरिस और जोहरान ममदानी ने डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधा है। Image Source : AP

न्यूयॉर्क: अमेरिका और इजरायल ने शनिवार को ईरान पर बड़े पैमाने पर हमला शुरू किया। इस हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के कार्यालयों के आसपास के इलाकों समेत पूरे देश में कई ठिकानों को निशाना बनाया गया। हमलों की शुरुआत के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक वीडियो में ईरानी जनता से कहा कि वे अपने भाग्य की बागडोर अपने हाथ में लें और 1979 से शासन कर रहे इस्लामी नेतृत्व के खिलाफ विद्रोह करें। हालांकि इन हमलों का अब अमेरिका में ही विरोध शुरू हो गया है। देश की पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और न्यूयार्क के मेयर जोहरान ममदानी ने ईरान पर हमलों की निंदा की है।

'अमेरिका की जनता ये जंग नहीं चाहती'

हैरिस ने ट्रंप प्रशासन के इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा, 'डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका को एक ऐसी जंग में घसीट रहे हैं, जिसे अमेरिकी जनता नहीं चाहती। मैं साफ-साफ कहना चाहती हूं, मैं ईरान में सत्ता परिवर्तन वाली जंग का विरोध करती हूं, और हमारे सैनिकों को ट्रंप की अपनी पसंद की जंग के लिए खतरे में डाला जा रहा है। यह अमेरिकी जिंदगियों के साथ खतरनाक जुआ है, जो क्षेत्र की स्थिरता और दुनिया में हमारी साख को जोखिम में डाल रहा है। यह ताकत नहीं, बल्कि लापरवाही है जो दृढ़ संकल्प का रूप धारण कर रही है।'

'ट्रंप ने जंग खत्म करने का वादा किया था'

कमला हैरिस ने आगे कहा, 'मुझे पता है कि ईरान से कितना खतरा है, और उसके पास कभी परमाणु हथियार नहीं होने चाहिए, लेकिन यह तरीका उस खतरे को खत्म करने का नहीं है। राष्ट्रपति पद के लिए कैंपेन के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने वादा किया था कि वे जंग खत्म करेंगे, न कि शुरू करेंगे। यह झूठ था। फिर पिछले साल उन्होंने कहा कि 'हमने' ईरान के परमाणु कार्यक्रम को तबाह कर दिया। वह भी झूठ था। आइए सब साफ-साफ देखें कि आगे क्या होगा। राष्ट्रपति ने पहले ही कहा है कि इस संघर्ष में अमेरिकी हताहत हो सकते हैं। डग और मैं अपने सभी बहादुर सैनिकों के लिए प्रार्थना करेंगे।'

ममदानी ने भी ईरान पर हमले की निंदा की

न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने भी ट्वीट कर इस हमले की निंदा की। उन्होंने लिखा, 'आज अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए सैन्य हमले एक अवैध आक्रामक युद्ध के तेजी से आगे बढ़ने का संकेत हैं। अमेरिका के लोग शहरों पर बमबारी, नागरिकों की हत्या और एक नया युद्ध मोर्चा खोलना नहीं चाहते। वे सत्ता परिवर्तन के लिए और युद्ध नहीं चाहते, बल्कि वे संकट से राहत और शांति चाहते हैं। मैं इस पर ध्यान केंद्रित कर रहा हूं कि न्यूयॉर्क का हर निवासी सुरक्षित रहे। मैंने हमारे पुलिस कमिश्नर और इमरजेंसी मैनेजमेंट अधिकारियों से संपर्क किया है।' ममदानी ने न्यूयॉर्क में रहने वाले ईरानियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप यहां सुरक्षित रहेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश