तेल अवीव/तेहरान: इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमलों के बीच इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि हमले में खामेनेई के ठिकाने को निशाना बनाया गया है और अब ईरान का इजरायल को नष्ट करने का प्लान खत्म हो चुका है। उन्होंने संकेत दिया कि 86 वर्षीय खामेनेई के हमले में बचने की संभावना बहुत कम है। नेतन्याहू ने कहा, 'हमने उस जगह पर निशाना साधा जहां खामेनेई थे। इजरायल को नष्ट करने की योजना अब खत्म हो चुकी है, और तानाशाह अली खामेनेई के न होने की बहुत ज्यादा संभावना है।' नेतन्याहू का यह बयान सामने आने के बाद पूरी दुनियाभर में हलचल मच गई है।
Related Stories
खामेनेई की स्थिति पर बना हुआ है असमंजस
इजरायल के दावों के बीच ईरान की तरफ से अभी तक कोई स्पष्ट आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि खामेनेई जिंदा हैं या नहीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने मीडिया से बातचीत में कहा कि 'जितना मुझे पता है, सुप्रीम लीडर और अन्य बड़े अधिकारी जिंदा हैं।' लेकिन खामेनेई ने हमले के बाद कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया है या उनकी मौजूदगी कहीं नजर नहीं आई है। इजरायली सूत्रों का कहना है कि प्रारंभिक आकलन में खामेनेई के हमलों में घायल होने या मारे जाने की संभावना है, लेकिन ईरान की तरफ से बार-बार कहा जा रहा है कि खामेनेई स्वस्थ हैं। ईरान के विदेश मंत्रालय ने भी कहा है कि सुप्रीम लीडर खामेनेई और राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन पूरी तरह स्वस्थ हैं।
ट्रंप ने ईरान हमलों को लेकर कई नेताओं से बात की
व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट के मुताबिक, ईरान पर हमलों के बाद अमेरिका के प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने सऊदी अरब, कतर, यूनाइटेड अरब अमीरात के नेताओं और NATO सेक्रेटरी-जनरल मार्क रूट से बात की है। इससे पहले ट्रंप ने 'बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान' शुरू होने की घोषणा करते हुए ईरान की जनता को संबोधित किया था और कहा था कि जब हम अपना काम पूरा कर लेंगे, तो आप अपनी सरकार पर कब्जा कर लेना। उन्होंने कहा था, 'वह आपकी होगी जिसकी बागडोर आप अपने हाथ में ले सकेंगे। संभवतः आने वाली कई पीढ़ियों में यह आपके पास एकमात्र मौका होगा। कई सालों से आप अमेरिका से मदद मांगते रहे हैं, लेकिन आपको कभी मदद नहीं मिली।'