1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका में सरकारी शटडाउन से थमने लगे जहाजों के पहिये, वित्तीय संकट से एयर कंट्रोलर की कमी के चलते उड़ानों में देरी

अमेरिका में सरकारी शटडाउन से थमने लगे जहाजों के पहिये, वित्तीय संकट से एयर कंट्रोलर की कमी के चलते उड़ानों में देरी

 Published : Nov 01, 2025 12:21 pm IST,  Updated : Nov 01, 2025 12:21 pm IST

अमेरिका में चल रहे सरकारी शटडाउन के चलते अब जहाजों के पहिये थमने की नौबत आ गई है। अमेरिका के विभिन्न एयरपोर्ट पर एयर कंट्रोलर की कमी हो गई है। वजह उन्हें बिना वेतन काम करना पड़ रहा है।

सीन डफी, अमेरिका के परिवहन मंत्री और बगल में बाएं खड़े हैं उपराष्ट्रपति जेडी वेंस- India TV Hindi
सीन डफी, अमेरिका के परिवहन मंत्री और बगल में बाएं खड़े हैं उपराष्ट्रपति जेडी वेंस Image Source : AP

वाशिंगटन (एपी): अमेरिका में जारी सरकारी ‘शटडाउन’ के चलते देशभर के हवाई यातायात नियंत्रण केंद्र वेतन संकट, कर्मचारियों की कमी और वित्तीय दबाव से जूझ रहे हैं। ऐसे में हवाई अड्डों पर एयर कंट्रोलर की कमी हो गई है, जिससे शुक्रवार को कई हवाई अड्डों पर उड़ानों में देरी हुई। सरकारी वित्तपोषण की कमी से पैदा हुआ अमेरिका का यह शटडाउन अब एक महीने के करीब पहुंच चुका है।

स्थिति नहीं सुधरी तो आगे रद्द हो सकती हैं उड़ानें

अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने चेतावनी दी है कि यदि स्थिति नहीं सुधरी, तो यात्रियों को और अधिक उड़ान देरी और रद्द होने का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि देश के हवाई यातायात नियंत्रक एक अक्टूबर से बिना वेतन के काम कर रहे हैं। डफी ने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विमानन उद्योग के शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें शटडाउन के दौरान हवाई यात्रा पर पड़ने वाले असर पर चर्चा हुई। बैठक के बाद उन्होंने व्हाइट हाउस के बाहर पत्रकारों से कहा, “और अधिक चुनौतियां आने वाली हैं।”

1 अक्तूबर से लागू हुआ था अमेरिका में शटडाउन

यह शटडाउन एक अक्टूबर को तब शुरू हुआ, जब डेमोक्रेटिक पार्टी के सदस्यों ने अल्पकालिक वित्तीय सहायता प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया और मांग की कि विधेयक में ‘अफोर्डेबल केयर एक्ट’ के तहत स्वास्थ्य बीमा के लिए संघीय सब्सिडी का विस्तार शामिल किया जाए। शटडाउन तब लागू होता है जब सरकार के पास खर्च के लिए धन समाप्त हो जाता है और संसद से नए वित्तीय पैकेज को मंजूरी नहीं मिलती है। ऐसी स्थिति में कई सरकारी विभागों का कामकाज ठप पड़ जाता है, जैसा कि इस समय अमेरिका में हो रहा है। (भाषा)

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश