अमेरिका ने भारत और 16 अन्य देशों से खरीदे गए सामान पर 10 फीसदी टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। अमेरिका का कहना है कि यह कदम इन सामानों के प्रोडक्शन में जबरन मजदूरी के प्रयोग के मुद्दे पर उठाया गया है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर ने शुक्रवार को ट्रेड एक्ट के सेक्शन 301 के तहत 60 देशों पर नए टैरिफ का ऐलान किया। यह घोषणा तमाम देशों पर पहले से लगे 10 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क के एक्सपायर होने के 1 दिन पहले की गई है।
ट्रेड एक्ट के तहत 60 देशों पर लगाया टैरिफ
USTR के बयान में कहा गया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर ही जेमिसन ग्रीर ने 1974 के ट्रेड एक्ट की धारा 301 के तहत 60 देशों पर टैरिफ लगाने का कदम उठाया है। ट्रंप प्रशासन के मुताबिक, यह एक्शन इसलिए लिया गया क्योंकि ये देश जबरन मजदूरी से बने सामान के इम्पोर्ट पर रोक लगाने और उसे प्रभावी ढंग से लागू करने में फेल रहे।
यह स्टेप मानवाधिकारों के उल्लंघन और ट्रेड के गलत तरीकों, दोनों को सुधारने के लिए लिया गया है, ताकि हर जगह कामगारों की भलाई हो सके: जेमिसन ग्रीर
Reciprocal Tariffs खारिज हुआ तो लगाया 10% टैरिफ
गौरतलब है कि बीते फरवरी में अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने इमरजेंसी शक्तियों का प्रयोग करके पिछले साल ट्रंप प्रशासन की तरफ से लगाए गए "Reciprocal Tariffs" को गैर-कानूनी करार देकर खारिज कर दिया था। इसके जवाब में ट्रंप प्रशासन ने सभी देशों पर 10 प्रतिशत टैरिफ लगाया था, जो आज (शुक्रवार को) खत्म हो रहा है। इससे पहले हाल ही में अमेरिका ने ऐलान किया था कि अगस्त, 2028 से वह जेनेरिक दवाओं के आयात पर टैरिफ लगाना शुरू करेगा।
2025 में भारत-अमेरिका के बीच हुआ 141 अरब डॉलर का व्यापार
जान लें कि अमेरिका, भारत का दूसरा सबसे बड़ा ट्रेड पार्टनर और निर्यात के लिए सबसे बड़ा डेस्टिनेशन है। वाणिज्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 2025 में दोनों देशों के बीच वस्तुओं का व्यापार करीब 141 अरब अमेरिकी डॉलर का था, जिसमें भारत का निर्यात 87.3 अरब अमेरिकी डॉलर रहा। ये भी बता दें कि भारत ने USTR की तरफ से शुरू की गई जांचों पर आपत्ति जताई है। भारत ने इस बात पर जोर दिया है कि इन मुद्दों पर उस द्विपक्षीय व्यापार समझौते के अंतर्गत चर्चा की जा सकती है, जिस पर अभी भी बातचीत हो रही है।
(इनपुट- PTI)
ये भी पढ़ें- 'उन्हें अभी ज्यादा तकलीफ नहीं हुई है, बड़ा हमला करना होगा', ट्रंप ने ईरान को फिर दी चेतावनी