अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने सोमवार को कहा कि स्विट्जरलैंड में ईरानी अधिकारियों के साथ हुई बातचीत से युद्ध खत्म करने के लिए संभावित समझौते की मजबूत नींव तैयार हुई है। वेंस ने पत्रकारों से कहा कि अंतिम समझौता एक घर की तरह है। हमने उसकी नींव रख दी है। अभी घर पूरी तरह नहीं बना है, लेकिन हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और इससे अमेरिकी जनता को फायदा होगा।
वेंस और ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकर कालीबाफ के बीच सोमवार को लंबी वार्ता हुई। यह बातचीत दोनों देशों के बीच युद्ध को स्थायी रूप से समाप्त करने के प्रयासों का हिस्सा थी। स्विट्जरलैंड में रविवार से शुरू हुई यह वार्ता सोमवार तड़के तक चली।
फ्रीज संपत्तियों को लेकर वेंस का बयान
हालांकि, बातचीत के दौरान कई कठिन क्षण भी आए, लेकिन दोनों पक्ष कुछ मुद्दों पर सहमति बनाने में सफल रहे। वेंस ने यह भी संकेत दिया कि अमेरिकी प्रशासन ईरान की कुछ फ्रीज संपत्तियों को रिलीज करने पर विचार कर सकता है। इन पैसों का इस्तेमाल ईरान अमेरिका से सोयाबीन, मक्का और गेहूं खरीदने के लिए कर सकेगा।
उन्होंने बताया कि यह प्रस्ताव राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद और अमेरिकी वार्ता दल के प्रमुख सदस्यों में शामिल जेरेड कुशनर ने कतर के अधिकारियों के साथ मिलकर तैयार किया है। वेंस के अनुसार, इस प्रक्रिया पर कतर की निगरानी होगी और प्रतिबंधों में राहत मिलने के बाद उपलब्ध होने वाला ईरानी धन सीधे अमेरिकी कृषि उत्पाद खरीदने में इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे ईरान की जनता को लाभ मिलेगा।
उच्चस्तरीय बातचीत का दौर समाप्त
वार्ता में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे पाकिस्तान और कतर ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि उच्चस्तरीय बातचीत का दौर समाप्त हो गया है, लेकिन तकनीकी स्तर की वार्ताएं इस सप्ताह स्विट्जरलैंड में जारी रहेंगी। मध्यस्थ देशों ने बातचीत में हुई प्रगति को "उत्साहजनक" बताया।
वहीं, एक वरिष्ठ अमेरिकी राजनयिक ने दावा किया कि कई अहम मुद्दों पर आगे बढ़ने में सफलता मिली है। इनमें वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खुला रखने और दक्षिणी लेबनान में इजरायल एवं ईरान समर्थित हिजबुल्लाह के बीच युद्धविराम बनाए रखने के लिए तंत्र विकसित करना शामिल है।
ये भी पढ़ें-