अमेरिका में जग्गू भगवानपुरिया गैंग पर शिकंजा कस गया है। ड्रग्स, रंगदारी, अवैध हथियार और हत्या की साजिश की सनसनीखेज चार्जशीट इंडिया टीवी के पास है। इस चार्जशीट में पंजाब पुलिस के एक इंस्पेक्टर का भी जिक्र है। दरअसल, अमेरिका की ग्रैंड ज्यूरी ने भारत, अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको तक फैले कथित अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क का खुलासा करते हुए जग्गू भगवानपुरिया और उसके कई सहयोगियों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं।
कोकीन की सप्लाई में शामिल है जग्गू भगवानपुरिया गैंग
चार्जशीट में ड्रग तस्करी, रंगदारी, अवैध हथियारों के कारोबार, हत्या की साजिश और करोड़ों की संपत्ति जब्त करने की मांग का जिक्र किया गया है। अमेरिकी चार्जशीट में दावा किया गया है कि जग्गू भगवानपुरिया ने लॉस एंजिलिस से कनाडा के वैंकूवर तक बड़ी मात्रा में कोकीन भेजने की साजिश में अहम भूमिका निभाई। 16 फरवरी 2026 को कथित तौर पर करीब 163 किलो कोकीन की खेप के साथ 20 किलोग्राम अतिरिक्त कोकीन भेजने की व्यवस्था पर सहमति जताई गई।
भारत में ली हत्या की जिम्मेदारी
अमेरिकी चार्जशीट के मुताबिक, 15 जनवरी 2026 को पंजाब के मियानी में हुई हत्या की जिम्मेदारी लेने के लिए इंस्टाग्राम पोस्ट की योजना बनाई गई। अगले दिन मृतक के परिवार को उस पोस्ट का स्क्रीनशॉट भेजकर हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया।
पंजाब के भ्रष्ट पुलिस अधिकारी ने की मदद
अमेरिकी चार्जशीट में दावा है कि एक कथित भ्रष्ट पंजाब पुलिस अधिकारी की मदद से पीड़ित परिवार को झूठे हत्या के मामले में फंसाने की साजिश रची गई। आरोप है कि परिवार से पैसे नहीं देने पर 3 लोगों को आरोपी बनाने की धमकी दी गई। बाद में कथित तौर पर पैसे लेकर परिवार के दो सदस्यों का नाम हटाने की पेशकश की गई। अमेरिकी जांच एजेंसी पंजाब पुलिस के इस अधिकारी के प्रत्यर्पण की मांग करेगी।
अमेरिका में कारोबारी से मांगी करोड़ों की रंगदारी
आरोप है कि गैंग के सदस्य ने अमेरिकी इमिग्रेशन हिरासत में रहते हुए भी ओहायो के एक कारोबारी से पहले 15 लाख रुपये और बाद में 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। साथ ही, कारोबारी और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी गई। कारोबारी के घर की तस्वीर भेजकर भी कथित तौर पर डराने की कोशिश की गई।
अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट का खुलासा
चार्जशीट में दावा है कि गिरोह अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको के जरिए बड़े पैमाने पर कोकीन और हेरोइन की तस्करी करता था। गिरोह का लक्ष्य 5 किलोग्राम से अधिक कोकीन और 1 किलोग्राम से ज्यादा हेरोइन की तस्करी और सप्लाई बताया गया है। जांच के दौरान, अमेरिकी एजेंसियों के गोपनीय मुखबिर के जरिए पूरे नेटवर्क की निगरानी की गई।
100 किलोग्राम से ज्यादा कोकीन की खेप
मई-जून 2025 के दौरान करीब 100 किलो कोकीन और 1 किलो हेरोइन की खेप की डिलीवरी का पूरा नेटवर्क अमेरिकी एजेंसियों ने ट्रैक किया। आखिरकार पूरी खेप अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने जब्त कर ली।
अवैध हथियार कारोबार का भी आरोप
चार्जशीट में बिना लाइसेंस हथियार बेचने की साजिश का भी जिक्र है। आरोपियों पर ग्राहकों को हथियारों की तस्वीरें भेजकर सौदा तय करने और सार्वजनिक जगहों पर डिलीवरी देने का आरोप लगाया गया। एक आरोपी के पास से मशीनगन कन्वर्जन डिवाइस लगी 9 एमएम पिस्तौल बरामद होने का भी दावा किया गया है।