1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. पीएम मोदी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दी बधाई, जानें क्या कहा

पीएम मोदी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दी बधाई, जानें क्या कहा

 Reported By: Devendra Parashar Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Jun 10, 2026 11:08 pm IST,  Updated : Jun 11, 2026 12:23 am IST

पीएम मोदी को अमेरिका के राष्ट्रपति ने बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि पीएम मोदी एक मजबूत और बेहतरीन प्रधानमंत्री हैं। ट्रंप ने पीएम मोदी को अपना दोस्त भी बताया।

Donald Trump, PM Modi- India TV Hindi
डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी को दी बधाई Image Source : AP/PTI

नई दिल्ली: भारत के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री बने रहने का रिकॉर्ड बनाने के बाद पीएम मोदी को हर तरफ से बधाई मिल रही है। ऐसे में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी पीएम मोदी को बधाई दी है। ट्रंप ने कहा है कि पीएम मोदी मजबूत, सेहतमंद और बुद्धिमान व्यक्ति हैं। 

डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा?

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "मेरे दोस्त, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने पर बधाई। और वे वाकई एक बेहतरीन प्रधानमंत्री हैं! वे एक मज़बूत, स्वस्थ और समझदार व्यक्ति हैं, और आने वाले कई सालों तक वे महानता और सफलता हासिल करते रहेंगे!"

पीएम मोदी ने जताया आभार

पीएम मोदी ने ट्रंप की बधाई पर आभार जताया है। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप, आपकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। मैं हमारे दोनों देशों और दुनिया के फ़ायदे के लिए भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और आगे बढ़ाने की दिशा में आपके साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं।"

पीएम मोदी ने क्या रिकॉर्ड बनाया है?

पीएम मोदी सबसे ज्यादा दिनों तक सेवा देने वाले भारत के निर्वाचित पीएम बन गए हैं। उनसे पहले ये रिकॉर्ड पंडित जवाहरलाल नेहरू के पास था। जवाहर लाल नेहरू लगातार 4,398 दिनों तक निर्वाचित पीएम रहे थे। अब पीएम मोदी ने ये रिकॉर्ड तोड़ दिया है और उनके नाम पर लगातार 4,399 दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर रहने का रिकॉर्ड दर्ज हुआ है।

पीएम मोदी के रिकॉर्ड बनाने के मौके पर बुधवार को एनडीए की बैठक भी हुई, जिसकी अध्यक्षता पीएम मोदी ने की। इस दौरान एनडीए के सभी बड़े नेता दिल्ली के भारत मंडपम में मौजूद रहे। पीएम मोदी को बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी ने झालमुरी भी खिलाई, जोकि कोलकाता की फेमस स्ट्रीट फूड है। इसके बाद पीएम मोदी ने खुद अपने साथी नेताओं को झालमुरी बांटी और सभी ने इसका लुफ्त उठाया।

इसके बाद पीएम मोदी ने अपने संबोधन में उन योजनाओं के बारे में बताया, जिन्हें उनके कार्यकाल के दौरान जनता के हितों में लागू किया गया। इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस सरकार पर हमला भी बोला और कहा कि 2014 के बाद देश की किस्मत बदल गई। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश