1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ट्रंप के समधी होंगे फ्रांस के नए राजदूत, अमेरिकी सीनेट ने लगाई मुहर; विवादों से रहा है नाता

ट्रंप के समधी होंगे फ्रांस के नए राजदूत, अमेरिकी सीनेट ने लगाई मुहर; विवादों से रहा है नाता

 Edited By: Amar Deep
 Published : May 20, 2025 09:59 am IST,  Updated : May 20, 2025 09:59 am IST

अमेरिकी सीनेट ने चार्ल्स कुशनर को फ्रांस का राजदूत नियुक्त करने पर मुहर लगा दी है। चार्ल्स कुशनर, डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप के ससुर हैं। उन्हें कई मामलों में दोषी भी ठहराया जा चुका है, हालांकि ट्रंप ने बहुत पहले ही उन्हें माफी दे दी है।

ट्रंप के समधी होंगे फ्रांस के नए राजदूत।- India TV Hindi
ट्रंप के समधी होंगे फ्रांस के नए राजदूत। Image Source : AP/FILE

वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समधी चार्ल्स कुशनर फ्रांस के राजदूत होंगे। अमेरिकी सीनेट ने उनकी नियुक्ति पर मुहर लगा दी है। बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी बेटी इवांका ट्रंप की शादी चार्ल्स कुशनर के बेटे जैरेड कुशनर से कराई है। चार्ल्स कुशनर का विवादों से भी नाता रहा है। हालांकि डोनाल्ड ट्रंप ने उन्होंने दिसंबर 2020 में माफी दे दी थी। इससे पहले कुशनर ने कहा था कि वह फ्रांस के साथ मिलकर काम करेंगे, ताकि दोनों देशों के बीच संबंधों में संतुलन लाया जा सके। 

कुशनर पर लग चुके हैं कई आरोप

दरअसल, अमेरिकी सीनेट ने ‘रियल एस्टेट’ कारोबारी चार्ल्स कुशनर की फ्रांस के राजदूत के रूप में नियुक्ति पर मुहर लगा दी है। कुशनर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जैरेड कुशनर के पिता हैं। कुशनर से जुड़े विवादों की बात करें तो उनपर टैक्स चोरी और चुनाव प्रचार अभियान के दौरान अवैध रूप से दान करने के आरोप लग चुके हैं और इसमें उन्हें दोषी भी ठहराया गया था। हालांकि ट्रंप ने कुशनर को दिसंबर 2020 में ही माफी दे दी थी। 

इवांका के ससुर हैं चार्ल्स कुशनर

बता दें कि चार्ल्स कुशनर के पक्ष में 45 के मुकाबले 51 मत पड़े। वह ‘कुशनर कंपनीज’ नामक ‘रियल एस्टेट’ फर्म के संस्थापक हैं। वहीं चार्ल्स के बेटे जैरेड, ट्रंप के पूर्व कार्यकाल में ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) के वरिष्ठ सलाहकार रह चुके हैं। जैरेड कुशनर की शादी ट्रंप की सबसे बड़ी बेटी इवांका से हुई है। ट्रंप ने पिछले साल नवंबर में चार्ल्स कुशनर को नामित करने के अपने इरादे की घोषणा करते समय उन्हें ‘‘एक कुशल कारोबारी, परोपकारी और सौदा करने में माहिर शख्स’’ बताया था।

फ्रांस जाएंगे चार्ल्स कुशनर

वहीं अब चार्ल्स कुशनर फ्रांस जाएंगे, क्योंकि दोनों पारंपरिक सहयोगियों के बीच तथा अमेरिका और शेष यूरोप के बीच संबंध ट्रंप की व्यापार नीतियों और यूक्रेन युद्ध में अमेरिका की भूमिका के कारण तनावपूर्ण हो गए हैं। इस महीने की शुरुआत में अपने नाम पर पुष्टि के लिए सीनेट में सुनवाई के दौरान चार्ल्स कुशनर ने कहा था कि वह फ्रांस के साथ मिलकर काम करेंगे ताकि दोनों देशों के महत्वपूर्ण आर्थिक संबंधों में अधिक संतुलन लाया जा सके। वह फ्रांस को रक्षा क्षेत्र में अधिक निवेश करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। (इनपुट- पीटीआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश