1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका में ‘शटडाउन’ से हाहाकार, लगातार दूसरे दिन 1000 से अधिक उड़ानें रद्द; दूसरे देशों तक पहुंचा असर

अमेरिका में ‘शटडाउन’ से हाहाकार, लगातार दूसरे दिन 1000 से अधिक उड़ानें रद्द; दूसरे देशों तक पहुंचा असर

 Published : Nov 09, 2025 10:49 am IST,  Updated : Nov 09, 2025 10:49 am IST

अमेरिका में सरकारी शटडाउन से हालात और बिगड़ने लगे हैं। शटडाउन के चलते रविवार को भी अमेरिका में एक हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द रहीं। इसका असर अब दूसरे देशों तक पहुंचने लगा है।

अमेरिका के एक एयरपोर्ट पर खड़े विमान। - India TV Hindi
अमेरिका के एक एयरपोर्ट पर खड़े विमान। Image Source : AP

वाशिंगटनः अमेरिका में सरकारी ‘शटडाउन’ ने हाहाकार मचा रखा है। फंडिंग की कमी से सरकारी सेवाएं ठप होने लगी हैं। इससे आम जनता की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अमेरिका की प्रमुख विमानन कंपनियों ने लगातार दूसरे दिन 1,000 से अधिक उड़ानें रद्द कर दीं। इससे हवाई यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 

अमेरिका के उद्योग और अर्थव्यवस्था पर गहरा असर

विशेषज्ञों का अनुमान है कि यदि यह सिलसिला जारी रहा तो इसका असर यात्रा उद्योग और अर्थव्यवस्था पर और गहरा हो सकता है, जिसमें उड़ानों में 10% तक की कटौती हो सकती है। उत्तरी कैरोलिना के चार्लोट हवाई अड्डे पर शनिवार सुबह सबसे अधिक प्रभाव पड़ा, जहां दोपहर तक 130 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं। इसके अलावा, अटलांटा, शिकागो, डेनवर और न्यू जर्सी के न्यूार्क हवाई अड्डों पर भी व्यापक व्यवधान देखे गए। 

देश के 40 प्रमुख हवाई अड्डे प्रभावित

अमेरिका के ज्यादातर कर्मचारी बिना वेतन के काम कर रहे हैं। इससे रडार केंद्रों और एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावरों में कर्मचारियों की कमी हो गई है। जिससे न्यूयॉर्क शहर के आसपास के पूर्वी तट के कई हवाई अड्डों पर उड़ानें रद्द और विलंबित रहीं। अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने शटडाउन के बीच देशभर के 40 प्रमुख हवाई अड्डों पर उड़ानों को सीमित करने का आदेश जारी किया है। हालांकि, सभी रद्दीकरण एफएए के आदेश से ही नहीं जुड़े हैं। कुल मिलाकर रद्द हुई उड़ानें देश की समग्र उड़ानों का एक छोटा हिस्सा हैं, लेकिन यदि शटडाउन लंबा खिंचा, तो आने वाले दिनों में यह संख्या तेजी से बढ़ सकती है। इससे 14 नवंबर तक 10% तक की और कमी हो सकती है। 

कई देशों में पहुंचा अमेरिकी शटडाउन का असर

शटडाउन का असर केवल घरेलू स्तर तक सीमित नहीं है। अमेरिकी सैन्य अड्डों पर कार्यरत यूरोपीय देशों के स्थानीय कर्मचारियों को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। शटडाउन शुरू होने के लगभग छह सप्ताह बाद, इटली, पुर्तगाल और अन्य जगहों पर हजारों कर्मचारी बिना वेतन के काम कर रहे हैं। कुछ मामलों में, मेजबान देशों ने अस्थायी रूप से बिल चुकाए हैं, उम्मीद करते हुए कि अमेरिका बाद में इसकी भरपाई करेगा। यह शटडाउन अमेरिकी यात्रियों और वैश्विक व्यापार दोनों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है, और विशेषज्ञों का कहना है कि इसका समाधान जल्द निकालना आवश्यक है ताकि और बड़े नुकसान से बचा जा सके। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश