वॉशिंगटन: अमेरिका के युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ ने ईरान को लेकर बड़ा बयान देते हुए एक बार फिर साफ चेतावनी दी है कि अगर तेहरान अमेरिका के साथ समझौता नहीं करता है, तो सैन्य कार्रवाई और तेज की जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ दिन इस जंग के लिए 'निर्णायक' होंगे और लड़ाई राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की शर्तों पर ही खत्म होगी। हेगसेथ ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप 'ब्लफ नहीं करते और पीछे नहीं हटते', इसलिए ईरान के नए नेतृत्व को इसे समझना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि ईरान में पहले ही सत्ता परिवर्तन हो चुका है और मौजूदा नेतृत्व को पहले से ज्यादा समझदारी दिखानी चाहिए।
Related Stories
'डील नहीं हुई तो और बढ़ेगा हमला'
हेगसेथ ने कहा, 'ट्रंप समझौते के लिए तैयार हैं और शर्तें ईरान को पता हैं। अगर ईरान तैयार नहीं होता, तो अमेरिकी युद्ध विभाग और ज्यादा तीव्रता के साथ कार्रवाई जारी रखेगा।' उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका के पास विकल्प बढ़ते जा रहे हैं, जबकि ईरान के पास सैन्य रूप से बहुत कम विकल्प बचे हैं। अमेरिकी युद्ध मंत्री ने जोर देकर कहा कि आने वाले दिन बेहद अहम हैं और इसी दौरान यह तय होगा कि संघर्ष किस दिशा में जाएगा। उन्होंने दावा किया कि लगातार हमलों से ईरान की सैन्य क्षमता कमजोर हो रही है और सेना के भीतर मनोबल भी गिरा है।
क्रैश F-15 के पायलट मिशन पर वापस
हेगसेथ ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि कुछ हफ्ते पहले कुवैत में 'फ्रेंडली फायर' में गिराए गए अमेरिकी F-15 फाइटर जेट्स के 3 कैप्टन फिर से ऑपरेशन में लौट आए हैं। उन्होंने बताया कि ये पायलट हाल ही में तेहरान पर बमबारी मिशन में भी शामिल हुए थे। हेगसेथ ने कहा कि फिलहाल अमेरिका ईरान में जमीनी सैनिक भेजने की योजना नहीं बना रहा है, लेकिन अगर ऐसा फैसला लिया जाता है तो उसे सार्वजनिक नहीं किया जाएगा। हेगसेथ के इस बयान को संभावित जमीनी कार्रवाई के इशारे के तौर पर देखा जा रहा है। बता दें कि अमेरिका बार-बार ईरान को अलग-अलग तरह की धमकियां दे रहा है।
'ईरान के हर हमले को रोकेगा अमेरिका'
हेगसेथ ने बताया कि ट्रंप द्वारा साझा किया गया वीडियो इस्फहान में एक गोला-बारूद डिपो पर अमेरिकी हमले का है। उन्होंने कहा कि ऐसे वीडियो कम ही सामने आते हैं, क्योंकि ईरान ने लगभग पूरे देश में इंटरनेट पर कड़ी पाबंदी लगा रखी है। हेगसेथ ने कहा कि ईरान भले ही मिसाइल हमले जारी रखे, लेकिन अमेरिका उन्हें रोकने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने दोहराया कि ईरान के पास हालात बदलने के लिए सैन्य विकल्प सीमित हैं। सैन्य तनाव के बीच हेगसेथ ने यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक बातचीत जारी है और उसमें तेजी आ रही है।