Israel US Iran War: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल की जमकर तारीफ की है। उन्होंने इजरायल को अमेरिका का महान सहयोगी और निर्भीक, वफादार, बुद्धिमान और योद्धा बताया है। ट्रंप ने इजरायल को अमेरिका का सच्चा साथी बताते हुए तारीफों के पुल बांधे हैं। इसके साथ ही उन्होंने बिना नाम लिए अपने यूरोपीय सहयोगियों और नाटो देशों की कड़ी आलोचना की है। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल मीडिया पर इजरायल की अमेरिका के प्रति वफादारी और बहादुरी को लेकर एक पोस्ट किया है, जिसे अमेरिका के रैपिड रेस्पांस 47 यानी अमेरिकी राष्ट्रपति के प्रशासन ने एक्स पर शेयर किया है।
ट्रंप ने इजरायल के लिए क्या लिखा?
ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा, “चाहे लोग इज़रायल को पसंद करें या न करें, उन्होंने साबित कर दिया है कि वे संयुक्त राज्य अमेरिका के एक महान सहयोगी हैं। वे साहसी, निर्भीक, वफादार और बुद्धिमान हैं और जिन्होंने संघर्ष और तनाव के क्षण में अपना असली रंग दिखा दिया उन दूसरों के विपरीत इज़रायल कड़ी मेहनत से लड़ता है और जीतना जानता है!”
नाटो और यूरोपीय सहयोगियों ने होर्मुज पर नहीं दिया ट्रंप का साथ
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नाटो और अपने यूरोपीय सहयोगियों से होर्मुज खुलवाने के लिए सहयोग मांगा था, लेकिन कोई भी उनकी मांग के समर्थन में नहीं आया। फ्रांस से लेकर जर्मनी और इटली, ऑस्ट्रेलिया तक ने होर्मुज में अपनी सेना भेजने से इनकार कर दिया। स्पेन ने अमेरिका को अपना एयर स्पेस भी ईरान के खिलाफ इस्तेमाल करने से रोक दिया। इसके बाद ट्रंप ने नाटो देशों को कागजी शेर कहकर आलोचना की। ट्रंप ने नाटो के लिए एक पोस्ट में कहा कि जब हमें उनकी जरूरत थी, तब वह हमारे साथ नहीं थे और आगे भी वह नहीं होंगे। इसे याद रखा जाएगा। ट्रंप के इस पोस्ट के बाद अमेरिका और नाटो देशों में तनाव की स्थिति है। हाल ही में फ्रांस और इटली के साथ भी ट्रंप का जबरदस्त तनाव और बयानबाजी चल रही है।