1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार में आसमान से बरसी आफत, बिजली गिरने से 7 की मौत; CM ने मुआवजे का किया ऐलान

बिहार में आसमान से बरसी आफत, बिजली गिरने से 7 की मौत; CM ने मुआवजे का किया ऐलान

 Reported By: Nitish Chandra, Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jul 01, 2024 08:39 pm IST,  Updated : Jul 01, 2024 08:59 pm IST

बिहार में भीषण गर्मी के बाद अब कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। तेज हवाओं और बादल गरजने के साथ बारिश का दौर शुरू हो चुका है। बिहार के 6 जिलों में आसमानी बिजली गिरने से 7 लोगों की मौत हुई है।

बिहार के 6 जिलों में गिरी आसमानी बिजली- India TV Hindi
बिहार के 6 जिलों में गिरी आसमानी बिजली Image Source : SOCIAL MEDIA

बिहार के कई जिलों में भीषण बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटों में बिहार के 6 जिलों में आसमानी बिजली गिरने से 7 लोगों की मौत हो गई। इस घटना पर सीएम ने दुख जताया है। साथ ही मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा दिए जाने का ऐलान किया है। खराब मौसम के बीच सीएम नीतीश कुमार ने राज्य के लोगों से खास अपील भी की है।

औरंगाबाद में 2, भागलपुर और दरभंगा जिले में गई 1-1 की जान

भारी बारिश में आसमानी बिजली गिरने से औरंगाबाद में 2, बक्सर में 1, भोजपुर में 1, रोहतास में 1, भागलपुर और दरभंगा जिले में 1 लोगों की जान गई है। बिजली गिरने से गई जान के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया।

सीएम ने कहा, खराब मौसम में घर से बाहर न निकलें

 सीएम ने मृतकों के परिवार को मुआवजे का ऐलान करते हुए लोगों से खास अपील भी की है। सीएम नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कहा कि खराब मौसम में पूरी सतर्कता बरतें। आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी किए गए सुझावों का पालन करें। खराब मौसम में घरों में रहें, और सुरक्षित रहें।

बिहार के इन जिलों में बारिश का अलर्ट

बिहार के कई जिलों में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल और अररिया समेत कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

बिहार की ये नदियां उफान पर

भारी बारिश के चलते बिहार की कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। कोसी, बागमती, गंडक, बूढ़ी गंडक, गंगा, सोन और पुनपुन सहित नदियां उफान पर हैं। अभी ये नदियां खतरे के निशान से नीचे हैं। इस लिए लोगों को बाढ़ से राहत मिली हुई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।