पटना: बिहार चुनाव में अभी कुछ महीने बाकी हैं, ऐसे में लगता है कि अपमान का खुला मौसम आ गया है, पहले तो पीएम मोदी की मां को अपशब्द कहे गए और अब तेजस्वी यादव की पत्नी को अपमानित करने वाला बयान दिया गया है और ये बयान उन्होंने दिया है जो पहले राजद का ही हिस्सा थे। दरअसल, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के पूर्व नेता राजबल्लभ यादव ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए राज्य और समुदाय से बाहर शादी करने की ज़रूरत पर सवाल उठाया। उन्होंने तेजस्वी की पत्नी को जर्सी गाय कहकर अपमानित किया है।
नवादा ज़िले के नारदीगंज में एक जनसभा में तेजस्वी यादव की पत्नी का नाम लिए बिना राजबल्लभ ने कहा, राजद में जाति का इस्तेमाल सिर्फ़ वोट के लिए होता है। जब शादी की बात आई, तो शादी कहां हुई? हरियाणा और पंजाब में शादी करने की क्या ज़रूरत थी? क्या उन्हें कोई महिला मिल रही थी या जर्सी गाय? क्या यादव समुदाय में कोई लड़की नहीं थी।"
देखें वीडियो
नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी हैं राजबल्लभ
ये वही राजबल्लभ यादव हैं जो हाल ही में POCSO अधिनियम के तहत साढ़े नौ साल जेल में रहने के बाद रिहा हुए हैं और जेल से रिहा होने के बाद से ही राजबल्लभ यादव लगातार लालू यादव और तेजस्वी यादव पर हमला बोल रहे हैं। उनके इस बयान पर राजद की ओर से तीखी प्रतिक्रिया आई है।
राजद ने दिया राजबल्लभ को जवाब
नवादा के पूर्व विधायक और राजद नेता कौशल यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि यह बयान न केवल तेजस्वी की पत्नी राजश्री यादव पर बल्कि पूरे पिछड़े और दलित समाज की भावनाओं पर हमला है। उन्होंने कहा, "लालू प्रसाद यादव देश के शीर्ष नेताओं में से एक हैं, पिछड़ों और दलितों के नेता हैं। उनकी बहू के खिलाफ इस तरह की अपमानजनक टिप्पणी समाज को आहत करती है। पूरा समाज मर्माहत है। यह व्यक्ति पहले भी अपने आचरण से समाज को गलत संदेश देता रहा है।"
कौशल यादव ने कहा, "दस साल पहले नीतीश कुमार सरकार ने राजबल्लभ यादव को एक कुर्मी लड़की से बलात्कार के मामले में जेल भेज दिया था। अब जेल से बाहर आने के बाद, क्या लालू यादव की बहू को गाली देना उनके लिए इनाम जैसा है? क्या महिलाओं और लड़कियों को गलत नीयत से देखना ही उनकी पहचान है?