1. Hindi News
  2. बिहार
  3. आरा तनिष्क लूट कांड का आरोपी चुनमुन झा एनकाउंटर में ढेर, पुलिस के 5 जवान भी घायल

आरा तनिष्क लूट कांड का आरोपी चुनमुन झा एनकाउंटर में ढेर, पुलिस के 5 जवान भी घायल

 Reported By: Nitish Chandra, Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Mar 22, 2025 09:14 am IST,  Updated : Mar 22, 2025 10:38 am IST

बिहार के अररिया जिले में एसटीएफ और पुलिस ने कुख्यात अपराधी चुनमुन झा को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। वह आरा और पूर्णिया तनिष्क शो रूम लूटकांड में शामिल था। एनकाउंटर में पुलिस के 5 जवान भी घायल हुए।

Ara Tanishq Robbery, Tanishq Robbery Case, Tanishq Robbery News- India TV Hindi
पुलिस एनकाउंटर में ढेर हुआ चुनमुन झा। Image Source : INDIA TV

अररिया: बिहार के अररिया जिले में बिहार एसटीएफ और अररिया पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी चुनमुन झा को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। चुनमुन झा आरा तनिष्क शो रूम कांड की लूट में शामिल था। इस शोरूम से 10 करोड़ रुपये की लूट हुई थी। इसके साथ ही करीब डेढ़ साल पहले पूर्णिया में तनिष्क शो रूम के लूटकांड का आरोपी भी यही शख्स था। इस एनकाउंटर में STF और अररिया पुलिस के 5 जवान घायल हुए हैं।

चुनमुन का सहयोगी भागने में कामयाब रहा

पुलिस के मुताबिक चुनमुन झा अपने दो सहयोगियों के साथ भाग रहा था। एसटीएफ और अररिया पुलिस की टीम उनका पीछा कर रही थी। अपराधियों ने नरपतगंज थानाक्षेत्र के थाल्हा नहर के पास पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद एसटीएफ और पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। एसटीएफ और पुलिस की जवाबी फायरिंग में चुनमुन झा को 4 गोलियां लगीं जबकि उसका एक सहयोगी भागने में कामयाब हो गया। घायल चुनमुन को इलाज के लिए अररिया सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया था जबकि उसके दूसरे साथी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

Ara Tanishq Robbery, Tanishq Robbery Case, Tanishq Robbery News
Image Source : INDIA TVचुनमुन झा का एक सहयोगी भागने में कामयाब रहा।

एनकाउंटर में 5 पुलिसकर्मी हुए घायल

बदमाशों के साथ हुई इस मुठभेड़ में 5 पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। घायल पुलिसकर्मियों में एसटीएफ के इंस्पेक्टर मोहम्मद मुश्ताक, नरपतगंज थाने के एसएचओ कुमार विकास, एसटीएफ के ड्राइवर नागेश, एसटीएफ के सदस्य शहाबुद्दीन अंसारी और दीपक कुमार शामिल हैं। इन सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं, एनकाउंटर में घायल बदमाश को भी इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

क्या है आरा का तनिष्क शोरूम लूट कांड?

बता दें कि 10 मार्च को बिहार के भोजपुर जिले में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में करोड़ों की लूट का मामला सामने आया था। हथियारों से लैस बदमाशों ने नगर थाना क्षेत्र के गोपाली चौक स्थित तनिष्क के शोरूम से करोड़ों के गहने और नकदी लूट लिए थे। भीड़भाड़ वाले इलाके में 6 से 7 की संख्या में हथियारों से लैस बदमाशों ने तनिष्क शोरूम में गहने और नकदी की लूट की घटना को अंजाम दिया था। खास बात यह है कि इस पूरी वारदात के दौरान बदमाश करीब आधे घंटे तक शोरूम के अंदर रहे लेकिन बाहर किसी को लूट की भनक तक नहीं लगी।  (इनपुट: अरुण)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।