बिहार में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान भले ही न हुआ हो, लेकिन सियासी सरगर्मी पूरी तरह बढ़ चुकी है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी ने अपनी 'सीमांचल न्याय यात्रा' के जरिए बुधवार को बिहार चुनाव का बिगुल फूंक दिया है। किशनगंज पहुंचे ओवैसी ने इस दौरान महागठबंधन पर तीखा हमला बोला और उसे बीजेपी की 'बी टीम' बताया।
महागठबंधन में शामिल होने पर बयान
ओवैसी से जब महागठबंधन में शामिल होने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि बिहार की जनता देख रही है कि असल में भाजपा की 'बी टीम' कौन है। उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को पत्र लिखा था और मीडिया के जरिए भी यह पैगाम भेजा था कि वे महागठबंधन में शामिल होना चाहते हैं। उन्होंने सिर्फ 6 सीटों की मांग की थी, लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं आया।
"हमने अपना फर्ज निभाया"
ओवैसी ने कहा, "हमने अपना फर्ज निभाया है और बिहार की जनता देख रही है कि कौन भाजपा को कामयाब करना चाहता है।" बिहार में मजलिस पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इस सवाल पर ओवैसी ने सीधे जवाब देने से किनारा कर लिया। उन्होंने कहा, "जब लिस्ट जारी होगी तो आपको पता चल जाएगा।" गठबंधन को लेकर भी उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
गौरतलब है कि असदुद्दीन ओवैसी चार दिनों की 'सीमांचल न्याय यात्रा' के दौरान किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और कटिहार के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। इस यात्रा का उद्देश्य सीमांचल क्षेत्र में अपनी पार्टी की चुनावी तैयारियों को धार देना है।
"उनसे मोहब्बत मुसलमानों के ईमान का हिस्सा"
'आई लव मोहम्मद' मामले पर बोलते हुए ओवैसी ने कहा कि हर मुसलमान पैगंबर साहब से मोहब्बत करता है, क्योंकि यह उनके ईमान का हिस्सा है। उन्होंने पोस्टर लगाने से मना करने को पूरी तरह गलत बताया।
तेजस्वी यादव के बयान पर ओवैसी का कटाक्ष
वहीं, तेजस्वी यादव के उस बयान पर कि पहले डिग्री धारियों को रोजगार दिया जाएगा, ओवैसी ने कटाक्ष करते हुए पूछा कि उन्हें यह भी बताना चाहिए कि बिहार में कितने युवा स्नातक पास हैं। पत्रकार वार्ता के दौरान उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान समेत अन्य नेता भी मौजूद थे।
(रिपोर्ट- राजेश दुबे)
ये भी पढ़ें-
VIDEO: क्रूरता की हदें पार... मुंह में पत्थर ठूंसकर लगा दिया था फेवीक्विक, जंगल में रोता मिला नवजात
अति पिछड़ों को लेकर महागठबंधन का बड़ा दांव, आज कर सकता है ये तीन घोषणाएं