1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बांकीपुर से तेज प्रताप की पार्टी की उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन रद्द, जानें क्यों हुआ ऐसा?

बांकीपुर से तेज प्रताप की पार्टी की उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन रद्द, जानें क्यों हुआ ऐसा?

 Reported By: Nitish Chandra Written By: Kajal Kumari
 Published : Jul 14, 2026 04:53 pm IST,  Updated : Jul 14, 2026 06:00 pm IST

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल की प्रत्याशी वीणा मानवी का नामांकन रद्द हो गया है। जानें किस वजह से रद्द हुआ उनका नामांकन?

वीणा मानवी का नामांकन रद्द- India TV Hindi
वीणा मानवी का नामांकन रद्द

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मंगलवार को बड़ी खबर सामने आई है। लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की पार्टी जेजेडी (जनशक्ति जनता दल) की उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन कैंसिल कर दिया गया है। उनका नामांकन रद्द होने से इस उपचुनाव में बड़ा दिलचस्प मोड़ आ गया है। बता दें कि तेज प्रताप यादव की पार्टी से उम्मीदवार वीणा मानवी के नामांकन के दौरान भी काफी हंगामा देखने को मिला था और उन्हें नामांकन के ठीक बाद गिरफ्तार कर लिया गया था।


जानें क्यों रद्द हुआ नामांकन?
नियम के अनुसार, गैर-मान्यता प्राप्त दल या निर्दलीय प्रत्याशी के नामांकन पत्र पर 10 प्रस्तावकों का हस्ताक्षर होना अनिवार्य होता है और वीणा मानवी के नामांकन पत्र में केवल 9 प्रस्तावकों के हस्ताक्षर पाए गए। इसी कमी के चलते उनका नामांकन खारिज कर दिया गया है।

तेज प्रताप यादव ने क्या कहा?
पार्टी की उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन पत्र रद्द होने की जानकारी मिलते ही जेजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव पटना कलेक्ट्रेट पहुंचे और निर्वाची पदाधिकारी से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद तेज प्रताप यादव ने मीडिया से कहा कि उनकी पार्टी की उम्मीदवार के साथ साजिश की गई है, जानबूझकर वीणा मानवी का नामांकन रद्द कराया गया है। उन्होंने कहा हमें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। इसे लेकर हम कोर्ट जाएंगे और कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। हमारी उम्मीदवार के साथ अन्याय हुआ है और हमें न्याय जरूर मिलेगा।



क्यों दिलचस्प हुआ बांकीपुर उपचुनाव?

बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट के लिए होने वाला उपचुनाव काफी दिलचस्प हो गया है। इस सीट से भाजपा ने अपना उम्मीदवार बदल दिया। पार्टी ने अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ बंटी को उम्मीदवार बनाया, लेकिन नामांकन दाखिल करने के कुछ ही समय बाद अभिषेक ने व्यक्तिगत कारण बताते हुए नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। इस सीट से जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। तो वहीं, राजद ने रेखा देवी को चुनाव मैदान में उतारा है। 

कब होगी बांकीपुर उपचुनाव के लिए वोटिंग
बता दें कि पटना की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए आगामी 30 जुलाई को वोटिंग होगी। बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है और अब इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। 

ये भी पढ़ें:
बांकीपुर में BJP ने झटपट बदल दिया कैंडिडेट, अभिषेक ने छोड़ा, अब नीरज सिन्हा लड़ेंगे चुनाव

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।