1. Hindi News
  2. बिहार
  3. प्रशांत किशोर ने खुद को क्यों बताया 'सौदागर', लालू यादव पर भी ली चुटकी, जानिए क्या कहा

प्रशांत किशोर ने खुद को क्यों बताया 'सौदागर', लालू यादव पर भी ली चुटकी, जानिए क्या कहा

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Sep 13, 2025 11:24 pm IST,  Updated : Sep 13, 2025 11:36 pm IST

जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने रोहतास में लालू परिवार पर तंज कसा। साथ ही उन्होंने कहा कि मैं सौदागर हूं। बिहार के बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सौदा कर रहा हूं।

जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर - India TV Hindi
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर। फाइल Image Source : PTI

 रोहतास: जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर की बिहार बदलाव यात्रा शनिवार को रोहतास जिले में पहुंची। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि मैं सौदागर हूं, सौदा कर रहा हूं। बिहार के बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सौदा कर रहा हूं। लोगों को यह बता रहा हूं कि तुम अपने बच्चों का बेहतर भविष्य बना सकते हो, इन जाति और धर्म के आधार पर उन्माद फैलाने वाले नेताओं से बचो। इसी को सौदागर कहते हैं तो मुझे कोई समस्या नहीं है। बिहार को सुधारने का जज्बा रखने वाले हर व्यक्ति को जनसुराज का समर्थन करना ही है। 

 प्रशांत किशोर ने कहा कि वह बिहार के बच्चों का अच्छा भविष्य चाहते हैं। इसलिए लोगों को जाति और धर्म के नाम पर वोट नहीं देना चाहिए। इसके अलावा पीके ने लालू परिवार और विपक्षी दलों पर भी जमकर निशाना साधा।

प्रशांत किशोर ने लालू यादव पर साधा निशाना

रोहतास के डेहरी में प्रशांत किशोर ने आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव पर चुटकी लेते हुए कहा कि लालू प्रसाद कुछ करें न करें, लेकिन बिहार के सबसे अच्छे पिता जरूर हैं। वह अपने नौवीं पास बेटे को बिहार का राजा बनना चाहते हैं। चाहे बिहार की जनता का बेटा पढ़ लिखकर चपरासी भी नहीं बन पाए। उन्होंने कहा कि वह लालू प्रसाद यादव की शिकायत नहीं कर रहे हैं। वह लालू प्रसाद यादव की प्रशंसा कर रहे हैं।

क्योंकि लालू प्रसाद ने इतना तो किया है कि अपने बेटे को बिहार का मुख्यमंत्री बनने के लिए एड़ी चोटी एक कर दिया है। वह अपने बच्चों की भला चाहते हैं। लेकिन बिहार के अन्य लोग अपने बच्चों की भलाई के लिए क्या कर रहे हैं? यह हम सबको सोचने की जरूरत है। बता दे कि प्रशांत किशोर के कार्यक्रम में भोजपुरी के चर्चित गायक रितेश पांडे भी मौजूद रहे। 

रिपोर्ट- रंजन सिंह, रोहतास

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।