Tuesday, February 10, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. '5 शब्दों में उनके कारनामे- कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन, करप्शन'; मुजफ्फरपुर में PM मोदी ने RJD पर साधा निशाना

'5 शब्दों में उनके कारनामे- कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन, करप्शन'; मुजफ्फरपुर में PM मोदी ने RJD पर साधा निशाना

Edited By: Shakti Singh
Published : Oct 30, 2025 12:23 pm IST, Updated : Oct 30, 2025 11:53 pm IST

मुजफ्फरपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने आरजेडी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एनडीए के राज में सुशासन रहता है, लेकिन आरजेडी के समय में गुंडाराज रहता है।

Narendra Modi- India TV Hindi
Image Source : X/BJP मुजफ्फरपुर में सभा के दौरान पीएम मोदी

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में प्रचार के लिए पीएम मोदी गुरुवार (30 अक्टूबर) को मुजफ्फरपुर पहुंचे। यहां जनसभा के दौरान उन्होंने कांग्रेस और आरजेडी पर जमकर निशाना साधा। आरजेडी के शासनकाल को गुंडराज बताते हुए उन्होंने 5 शब्दों में लालू की पार्टी के कारनामों की कथा कही। पीएम ने आरजेडी के शासन को कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन, करप्शन से परिभाषित किया।

विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए यानी सुशासन, एनडीए यानी जनता की सेवा, एनडीए यानी विकास की गारंटी। पीएम ने कहा कि उनकी सभा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए हैं और यह इस बात का प्रमाण है कि बिहार में एक बार फिर एनडीए सरकार बन रही है।

छठ महापर्व देश का गौरव

पीएम ने बताया कि वह छठ महापर्व को मानवता के महापर्व के रूप में यूनेस्को की विश्व विरासत की सूची में शामिल कराने के लिए लगातार कोशिश कर रहे हैं। ये हर बिहारी और हर हिंदुस्तानी के लिए गर्व का विषय होगा। उन्होंने कहा, "छठ महापर्व के बाद ये मेरी पहली जनसभा है। छठ महापर्व बिहार और देश का गौरव है। देश और दुनिया में छठ महापर्व मनाया जाता है। हम छठ के गीत सुनते हैं, तो भाव-विभोर हो उठते हैं। छठी मईया की पूजा में मां की भक्ति है। छठी मईया की पूजा में समता, ममता और सामाजिक समरसता है। छठी मईया की पूजा हमारी साझी विरासत का उत्सव भी है। इसलिए हमारी सरकार का प्रयास है कि दुनिया भी इन मूल्यों से सीखे।"

छठी मैया का अपमान बिहार नहीं सहेगा

रैली में पीएम मोदी ने कहा, "कांग्रेस और आरजेडी के लोग छठी मैया का अपमान कर रहे हैं। क्या कोई कभी चुनाव में वोट पाने के लिए छठी मैया का अपमान कर सकता है क्या? क्या ऐसा अपमान बिहार सहन करेगा क्या? हिंदुस्तान सहन करेगा क्या? क्या मेरी माताएं जो निर्जला उपवास करती हैं, वो सहन करेंगी क्या? आरजेडी-कांग्रेस के लोग कैसी बेशर्मी से बोल रहे हैं। उनके लिए तो छठी मैया की पूजा एक ड्रामा है, नौटंकी है, ऐसे लोगों को सजा दोगों की नहीं दोगे? जो माताएं बहनें निर्जला इतना लंबा व्रत रखती हैं, जो गंगा जी में खड़ी होकर सूर्य देव को अर्घ्य देती हैं, वो आरजेडी -कांग्रेस की नजर में ड्रामा करती हैं। क्या बिहार की माताएं-बहनें छठी मैया का ये अपमान बर्दाश्त करेंगी क्या? जो हर उस व्यक्ति का अपमान है, जो छठी मैया में आस्था रखता है। छठ पूजा के इस अपमान का बिहार चुनाव नहीं, आने वाले सैंकड़ों साल तक भूलने वाला नहीं है। सैंकड़ों साल तक इस अपमान को छठी मैया की पूजा करने वाला कोई नहीं भूलेगा। ये हमारा बिहार तो स्वाभिमान की धरती है, जिन लोगों ने छठ पूजा को गाली देने का काम किया है, बिहार ऐसे लोगों को कभी माफ नहीं करेगा।"

आरजेडी-कांग्रेस विकसित बिहार नहीं बना सकती

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, "आरजेडी-कांग्रेस कभी भी बिहार को विकसित नहीं बना सकती। इन पार्टियों ने बरसों तक बिहार पर एकछत्र राज किया है, लेकिन इन्होंने आपको सिर्फ विश्वासघात दिया है। आरजेडी-कांग्रेस की पहचान 5 चीजों से है। क्या किया है आरजेडी-कांग्रेस वालों ने, क्या किया है जंगलराज वालों ने। मैं 5 शब्दों में उनके कारनामों की कथा कहना चाहता हूं- कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन, करप्शन। जहां कट्टा, क्रूरता का राज हो, वहां कानून दम तोड़ देता है। जहां कटुता हो, वहां समाज में सद्भाव मुश्किल होता है। जहां कुशासन हो, वहां विकास का नामो-निशान नहीं होता है। जहां करप्शन हो, वहां सामाजिक न्याय नहीं मिलता है। गरीब का हक लूट जाता है, सिर्फ और सिर्फ कुछ परिवार ही फलते-फूलते हैं। ऐसे लोग कभी भी बिहार का भला नहीं कर सकते।"

जिनका इतिहास जमीन कब्जाने का, वो उद्योग को जमीन क्या देंगे? 

पीएम ने कहा, "बिहार को आगे बढाने के लिए उद्यम चाहिए, उद्योग चाहिए और उद्योग के लिए जमीन, बिजली, कनेक्टिविटी और कानून का राज चाहिए। सोचिए, जिनका इतिहास जमीन कब्जाने का हो, वो किसी उद्योग को जमीन देंगे क्या? जिन्होंने बिहार को लालटेन युग में रखा, वो बिजली दे पाएंगे क्या? जिन्होंने रेल को लूटा, वो बिहार में कनेक्टिविटी बढ़ाएंगे क्या? जिन्होंने भ्रष्टाचार और घोटाले के रिकॉर्ड तोड़ दिए, वो कानून का राज ला सकते हैं क्या? जंगलराज के दिनों को याद करते हैं, तो अंदाजा लगता है कि हालात कितने खतरनाक थे। आप मुजफ्फरपुर के लोग RJD सरकार में हुआ गोलू अपहरण कांड कभी नहीं भूल सकते। इसी शहर में 2001 में स्कूल जाते हुए एक छोटे से बालक को अपराधियों ने दिन-दहाड़े किडनैप के लिया था और बदले में बहुत सारे रुपये मांगे थे। और जब रुपये नहीं दे पाए, तो RJD के इन चट्टे-बट्टों ने उस छोटे से बालक के टुकड़े-टुकड़े कर दिए थे।"

यह भी पढ़ें-

चुनावी सभा करने पहुंचे तेज प्रताप यादव की फजीहत, RJD समर्थकों ने खदेड़ा, काफिले पर पत्थरबाजी की; VIDEO

'ना संपत्ति और ना कारोबार, पत्नी आंगनबाड़ी सेविका', बिहार चुनाव में कौन हैं सबसे गरीब उम्मीदवार? जानें

 

 

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement