बिहार के महनार विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा करने पहुंचे तेज प्रताप यादव को भारी फजीहत झेलनी पड़ी। यहां RJD समर्थकों ने तेज प्रताप के सामने 'लालटेन छाप जिंदाबाद', 'तेजस्वी यादव जिंदाबाद' के नारे लगाए। आक्रोशित समर्थकों ने तेज प्रताप के काफिले को कुछ दूर तक खदेड़ कर भगाया। इतना ही नहीं, काफिले पर पत्थरबाजी भी की।
जानें पूरा घटनाक्रम-
बता दें कि यह घटना महनार के चुनावी मैदान से तेज प्रताप यादव के निकलने के तुरंत बाद हुई। तेज प्रताप यादव महनार विधानसभा क्षेत्र के हीरानंद उच्च विद्यालय के प्रांगण में जनशक्ति जनता दल (JJD) के उम्मीदवार जय सिंह राठौर के लिए वोट मांगने और जनसभा करने के लिए पहुंचे थे। यहां उन्होंने बुधवार शाम 5 बजे से लेकर शाम 6 बजे के आसपास तक सभा को संबोधित किया। वह हेलीकॉप्टर से पहुंचे थे लेकिन समय ज्यादा होने के कारण हेलीकॉप्टर तेज प्रताप को उतार कर फिर उड़ान भर लिया। इसके बाद तेज प्रताप सड़क के रास्ते से ही सभा स्थल पहुंचे और गाड़ी से ही अपने क्षेत्र महुआ के लिए निकल रहे थे। इसी दौरान RJD के समर्थकों ने उनके खिलाफ नारेबाजी की और जमकर विरोध किया।
JJD के उम्मीदवार ने लगाया साजिश का आरोप
इस पूरी घटना को लेकर जनशक्ति जनता दल के उम्मीदवार जय सिंह राठौर ने बताया कि जनसभा के दौरान हम लोगों को कुछ दिक्कत नहीं हुई। लेकिन सभा करके लौट रहे थे तब राजद के चार-पांच गुंडों द्वारा हम लोगों के गाड़ी के ऊपर पत्थर फेंके गए और नारेबाजी की गई।
सामने आया वीडियो-
'RJD उम्मीदवार ने 15-16 करोड़ में खरीदा टिकट'
जय सिंह राठौर ने यहां के RJD उम्मीदवार रविंद्र सिंह पर पूरा आरोप लगाया है। उन्होंने साजिश के तहत घटना को अंजाम देने का बात कही है। जय सिंह ने आरोप लगाया, ''रविंद्र सिंह ने 15-16 करोड़ रुपये में टिकट खरीदा है और 5-6 करोड़ रुपये चुनाव में खर्च करेंगे। लोगों को पैसा और दारू देंगे फिर जीत नहीं होगी तो इसी तरीके के हमले करवाएंगे। ये लोग जंगल राज स्थापित करना चाहते हैं लेकिन ऐसा होगा नहीं, जनता सब जान चुकी है। हम प्रशासन से भी सुरक्षा का मांग करते हैं।''
(रिपोर्ट- राजा बाबू)