Tuesday, February 17, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. 'लठबंधन वाले सिर्फ लठ चलाना जानते हैं, इन्हें युवाओं की चिंता नहीं', महागठबंधन पर जमकर बरसे पीएम मोदी

'लठबंधन वाले सिर्फ लठ चलाना जानते हैं, इन्हें युवाओं की चिंता नहीं', महागठबंधन पर जमकर बरसे पीएम मोदी

Edited By: Subhash Kumar @ImSubhashojha Published : Oct 23, 2025 07:09 pm IST, Updated : Oct 23, 2025 10:38 pm IST

पीएम मोदी ने बिहार चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान महागठबंधन पर जमकर हमला बोला है। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा है कि नीतीश जी और एनडीए ने बिहार को 'जंगल राज' से बाहर लाने, कानून का राज स्थापित करने के लिए कड़ी मेहनत की; अब लोग गर्व से खुद को बिहारी कहते हैं।

PM Modi bihar assembly election 2025- India TV Hindi
Image Source : PTI महागठबंधन पर जम कर बरसे पीएम मोदी। (फाइल फोटो)

बिहार में विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक है। राज्य में 6 और 11 नवंबर को दो चरण में 243 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव होंगे। वहीं, चुनाव का रिजल्ट 14 नवंबर को जारी किया जाएगा। बिहार चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के माध्यम से बिहार के युवा कार्यकर्ताओं से बातचीत की।  पीएम मोदी ने कहा है कि यह चुनाव बिहार के इतिहास में एक नया अध्याय लिखने वाला है और युवा इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। पीएम मोदी ने विपक्षी महागठबंधन को लठबंधन करार दिया है। आइए जानते हैं कि पीएम मोदी ने अपने संबोधन में और क्या कुछ कहा है।

'GST कम होने का बिहार के युवा जबरदस्त लाभ उठा रहे'

पीएम मोदी ने कहा- "बिहार के मेरे युवा साथियों, आप सभी को भाई-दूज के पर्व की ढेर सारी शुभकामनाएं। आज चित्रगुप्त पूजा का पावन दिन भी है, आज बहीखातों की पूजा भी की जाती है। आजकल देश में #GSTBachatUtsav भी चल रहा है। मुझे पता चला है कि #GSTBachatUtsav में बिहार के नौजवानों ने भी अपने लिए खूब खरीदारी की है। बाइक, स्कूटी पर GST कम होने का बिहार के युवा जबरदस्त लाभ उठा रहे हैं। त्योहारों की इस उमंग में छठी मईया की पूजा की तैयारी भी जोरो पर है। इन सबके साथ-साथ बिहार लोकतंत्र का महापर्व भी मना रहा है। ये बिहार की समृद्धि का नया अध्याय लिखने का चुनाव है। इसमें बिहार के नौजवानों की बहुत बड़ी भूमिका है। इसलिए, बिहार के आप नौजवान साथियों के साथ संवाद का अवसर मिलना उतना ही आनंद देता है।"

रफ्तार पकड़ चुका है बिहार- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा- "आज देश में विकास का महायज्ञ चल रहा है और बिहार भी इसमें कंधे से कंधा मिलाकर चल रहा है। बिहार में हर एक क्षेत्र में, हर एक दिशा में काम हो रहा है। कहीं अस्पताल बन रहे हैं, कहीं अच्छे स्कूल बन रहे हैं, कहीं नए रेलवे रूट बन रहे हैं। इसका बहुत बड़ा कारण ये है कि देश और बिहार में एक स्थिर सरकार है। जब स्थिरता होती है, तो विकास तेज होता है। बिहार की NDA सरकार की शक्ति भी यही है। इसलिए आज बिहार का हर नौजवान उत्साह से कह रहा है - रफ्तार पकड़ चुका है बिहार, फिर से NDA सरकार!"

राष्ट्रीय एकता दिवस की चर्चा

पीएम मोदी ने कहा- "मैं बिहार के सभी नौजवानों से कहूंगा कि हर बूथ में सब नौजवानों को एकत्र करें और उस इलाके में जो बुजुर्ग लोग हों, वो आकर जरा सबको पुरानी बातों को बताएं। वो जो विचलित करने वाले उनके अनुभव हैं, वो सभी नई पीढ़ी को बताने का कार्यक्रम बनाया जा सकता है। बिहार के सभी युवा कार्यकर्ताओं को एक और काम करना है। चुनाव की भागदौड़ रहेगी, छठ का महापर्व भी इसी बीच है। लेकिन, छठ के तुरंत बाद 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस है, देश के महान नेता सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती है। इस दिन Run for Unity होनी है। मैं तो कहूंगा कि हर गांव में कितनी ही चुनावी आपाधापी हो, लेकिन सरदार पटेल को याद करना चाहिए। बड़े शहरों में हर वार्ड में 15-20 मिनट, एकता दौड़ का आयोजन किया जाना चाहिए और ज्यादा से ज्यादा बेटे-बेटियों को इसमें जोड़ना चाहिए।"

लोग जंगलराज को वापस नहीं आने देना चाहते- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा- "मुझे सारी ताकत 140 करोड़ देशवासियों से मिली है और ये सारी ताकत मतदाता के एक वोट की ताकत है। उस वोट ने ये परिस्थिति पैदा की है कि आज राम मंदिर भी बन गया, ऑपरेशन सिंदूर भी हो गया और देश नक्सलवाद से मुक्ति की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। ये वोट की ताकत है और मैं मानता हूं कि पूरे हिंदुस्तान में वोट की ताकत की सबसे ज्यादा समझ मेरे बिहार के भाई बहनों को है। इसलिए, जंगलराज को एक बार हटाने के बाद आज वो किसी भी हालत में जंगलराज को वापस नहीं आने देना चाहते। आज बिहार की बेटियां आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं, ये हम सब के लिए बहुत ही गर्व का विषय है। Science और Technology का क्षेत्र हो, Aviation से Space Technology तक, Fashion Technology और Fintech Industry हो, या Medical education और Media जैसे क्षेत्र हो, बिहार की बेटियों ने हर जगह अपना परचम लहराया है।"

जनता उनको लठबंधन कहती है- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा- "जो लोग अपने आप को गठबंधन कहते हैं, बिहार की जनता उनको लठबंधन कहती है। वो सिर्फ लठ चलाना और झगड़ा करना जानते हैं। लठबंधन वालों के लिए अपना स्वार्थ ही सबसे बड़ा है। इन्हें बिहार के युवाओं की चिंता नहीं है। दशकों तक देश और बिहार के नौजवान नक्सलवाद और माओवादी आतंक से पीड़ित रहे। लेकिन, इन लोगों ने आपको नहीं, बल्कि अपने स्वार्थ को हो प्राथमिकता दी। माओवादी आतंक से मदद लेकर ये लोग चुनाव भी जीतते रहे। बिहार को तबाह करने में नक्सलवाद-माओवादी आतंक ने बहुत बड़ी भूमिका निभाई है। ये माओवादी स्कूल, कॉलेज, अस्पताल कुछ भी खोलने नहीं देते थे और बने बनाए संस्थान को बम से तोड़ देते थे। ये उद्योगों को घुसने नहीं देते थे। इसलिए, इनके राज में विकास पूरी तरह चौपट हो गया था। मैं मानता हूं कि इन्होंने बिहार की दो पीढ़ियों के भविष्य बर्बाद किया है।"

बिजली सुधरना, लालटेन वालों को पसंद नहीं- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा- "बिहार को बाहर लाने में बहुत मेहनत लग रही है, लेकिन हम लोग कर रहे हैं। हमने 2014 के बाद से बड़ी मेहनत की है। NDA ने बिहार को जंगलराज के अंधेरे से निकालकर विकास की नई रोशनी में लाने का काम किया है। बीते वर्षों में बिहार में विकास के जो कार्य हुए हैं, उनसे एक मजबूत नींव बन गई है। अब हमें इसपर विकास की भव्य इमारत बनानी है। 2014 में डबल इंजन को सरकार बनने के बाद विकास के कार्यों में नई गति आई है। बिजली की व्यवस्था बहुत ज्यादा सुधरी है। बिजली सुधरना, लालटेन वालों को तो पसंद आएगा ही नहीं। हम जानते हैं कि जब बिजली पर्याप्त होती है, तो उद्योगों को, बिजनेस को बल मिलता है और इससे आपके लिए रोजगार के अवसर बढ़ते हैं।"

बिहार का नौजवान अब बाहर नहीं जाएगा- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा- "हमारी सरकार के डिजिटल इंडिया अभियान ने बिहार के नौजवानों को बहुत बड़ी शक्ति दी है। सस्ते डेटा ने, अच्छे नेटवर्क ने बिहार में नई क्रांति ला दी है। आने वाले वर्षों में हमें बिहार को टेक्नोलॉजी का हब बनाना है। जिले-जिले में स्टार्टअप्स को बढ़ावा देना है। बिहार के नौजवानों के लिए आने वाले साल वाकई अभूतपूर्व अवसरों के होने वाले हैं। बिहार का नौजवान अब बाहर नहीं जाएगा, बिहार में ही नाम कमाएगा।"

बिहार में जंगलराज नहीं, जनविश्वास का राज- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा- "नीतीश जी और NDA ने बहुत मेहनत से बिहार को अंधेरे से बाहर निकाला है। आज बिहार में जंगलराज नहीं, जनविश्वास का राज है। आज बिहार का बच्चा-बच्चा गर्व से कहता है कि मैं बिहारी हूं। मैं बिहार के लोगों के सामर्थ्य को दशकों से देखता आ रहा हूं। जब मैं गुजरात में था, उसी समय बिहार के 100 साल हुए थे। तो मैंने एक कार्यक्रम किया था, बिहार के जीवन में जिन्होंने बहुत बड़ा योगदान किया है, ऐसे अलग-अलग 100 लोगों को मैंने गुजरात बुलाया था और उनका सम्मान करके गुजरात के लोगों को बताया था कि बिहार कितना शक्तिशाली और सामर्थ्यवान है।"

बिहार में डर नहीं, विकास बोलता है- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा- "दुर्भाग्य है कि आजकल लठबंधन वालों की देशभर में साथी सारी पार्टियां बिहार के लोगों को गाली देती हैं, उनसे मारपीट करती है, बिहारियों से नफरत करती हैं। इसलिए कांग्रेस और RJD वालों से जवाब मांगना चाहिए कि बताओ कि फलाने राज्य में बिहार के लोगों का अपमान INDI अलायंस के लोग कर रहे हैं, तुम्हारा क्या जवाब है? अब बिहार में डर नहीं, विकास बोलता है। बिहार में अब पलायन की नहीं, प्रगति की बात होती है। आज बिहार में नई सड़कों से लेकर एक्सप्रेस वे तक, गंगा पर नए पुलों से लेकर आधुनिक रेलवे स्टेशनों तक, और अब मेट्रो से लेकर एयरपोर्ट तक हर दिशा में नई संभावनाएं बन रही है। इस इंफ्रास्ट्रक्चर से युवाओं के लिए रोजगार का निर्माण हो रहा है।"

हमारी सरकार मखाने का प्रचार कर रही- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा- "हमारी सरकार मखाने का प्रचार कर रही है। उसे Super food के तौर पर दुनिया के कोने-कोने में ले जा रही है। इसका लाभ भी बिहार के नौजवानों को हो रहा है। अब बिहार में मखाने से जुड़े स्टार्टअप्स बन रहे हैं। नौजवानों को यहीं अवसर मिल रहे हैं कि वो आगे बढ़े और दुनिया भर में नाम कमाएं। आप सभी से मेरा एक और आग्रह है - हमारे जो first time voters हैं, उनसे आप सभी जुड़ें। First time voters के लिए खास सम्मान समारोह किया जाए और उनको एकत्र किया जाए। और उनको कहना चाहिए कि मतदाता बनना बहुत बड़ी बात होती है, आप देश के निर्णयों और देश के नीति निर्धारकों के भागीदार बन रहे हैं।"

ये भी पढे़ें- "जंगलराज लौटा तो तेजस्वी CM बनेंगे", प्रशांत किशोर ने कसा तंज, छठ यात्रियों की बदहाली को लेकर BJP पर भी साधा निशाना

दो सीटों का झगड़ा सुलझा, लेकिन 11 पर नहीं बनी बात, इन सीटों पर आपस में लड़ रहे इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement