Narkatiaganj assembly election 2025: पश्चिमी चंपारण जिले की नरकटियागंज विधानसभा सीट बिहार की 243 विधानसभा सीटों में से एक अहम सीट है। सामान्य श्रेणी की यह सीट वाल्मीकि नगर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है। इस सीट के अंतर्गत आने वाले अधिकांश इलाके ग्रामीण हैं। माना जा रहा है कि 2025 के विधानसभा चुनावों में इस सीट पर NDA और महागठबंधन के बीच कड़ी टक्कर होगी। नरकटियागंज विधानसभा सीट पर दूसरे चरण में 11 नवंबर को वोटिंग होगी और नतीजे 14 नवंबर को आएंगे। पिछले 4 चुनावों की बात करें तो इस सीट पर 2020 में इस सीट पर बीजेपी, 2015 में कांग्रेस, 2014 के उपचुनाव में बीजेपी और 2010 के चुनाव में भी बीजेपी का ही दबदबा रहा था।
Related Stories
पिछले कुछ चुनावों में क्या रहे थे नतीजे?
परिसीमन के बाद बनी इस सीट पर अब तक 4 चुनाव (2010, 2014 उपचुनाव, 2015, 2020) हो चुके हैं, जिनमें बीजेपी का दबदबा देखने को मिला है। 2025 के विधानसभा चुनावों में जन सुराज पार्टी जैसे नए खिलाड़ी भी यहां पैठ बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इस सीट पर 2010 में बीजेपी के सतीश चंद्र दुबे ने जीत हासिल की थी। 2014 के उपचुनाव में रश्मि वर्मा (बीजेपी) ने परचम लहराया था। 2015 में कांग्रेस के विनय वर्मा ने बीजेपी की रेणु देवी को 16,061 वोटों के अंतर से मात दी। हालांकि 2020 में बाजी पलट गई जब बीजेपी की रश्मि वर्मा ने विनय वर्मा को 21,134 वोटों के भारी अंतर से हराया था। इस तरह देखा जाए तो इसे बीजेपी के दबदबे वाली सीट कहा जा सकता है।
2020 के विधानसभा चुनावों में क्या हुआ था?
2020 के बिहार विधानसभा चुनाव तीन चरणों में हुए थे, जिसमें NDA ने 125 सीटें जीतकर सरकार बनाई। NDA में बीजेपी को 74, JDU को 43, HAM और VIP को 4-4 सीटें मिली थीं। महागठबंधन ने 110 सीटें जीतीं, जिसमें RJD को 75, कांग्रेस को 19 और वाम दलों को 16 सीटें प्राप्त हुईं। नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA ने सरकार बनाई, लेकिन अगस्त 2022 में नीतीश ने महागठबंधन के साथ सरकार बनाई और जनवरी 2024 में फिर NDA में लौट आए। 2025 के चुनावों में महिला मतदाता निर्णायक हो सकती हैं, क्योंकि 2020 में कई सीटों पर महिलाओं का मतदान पुरुषों से अधिक था।