Valmiki Nagar assembly election 2025: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में स्थित वाल्मीकि नगर विधानसभा सीट सामान्य श्रेणी की सीट है। यह विधानसभा सीट वाल्मीकि नगर लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। बिहार में विधानसभा नंबर 1 यह सीट नेपाल सीमा के पास बसी है। इस सीट पर जातिगत समीकरण और सामाजिक-आर्थिक मुद्दे चुनावी नतीजों को प्रभावित करते हैं। इस सीट पर 2010, 2015 और 2020 में हुए विधानसभा चुनावों के परिणाम लगभग एकतरफा रहे हैं और इनमें से 2 बार जेडीयू और एक बार निर्दलीय उम्मीदवार ने बाजी मारी है। वाल्मीकि नगर विधानसभा सीट पर दूसरे चरण में 11 नवंबर को वोटिंग होगी और नतीजे 14 नवंबर को आएंगे।
2020 और 2015 में क्या रहे थे चुनाव परिणाम
2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में वाल्मीकि नगर सीट पर जनता दल युनाइटेड यानी कि JDU के धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ रिंकू सिंह ने बड़ी जीत दर्ज की थी। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के राजेश सिंह को 20 हजार से भी ज्यादा मतों के अंतर से हराया था इस सीट पर नोटा के आगे का बटन 8090 मतदाताओं ने दबाया था। वहीं, 2015 की बात करें तो इस सीट पर धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ रिंकू सिंह का ही परचम लहराया था। उस चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर उन्होंने कांग्रेस के इरशाद हुसैन को 33 हजार से भी ज्यादा मतों के अंतर से पराजित किया था। उन चुनावों में भी नोटा को 6767 वोट मिले थे।
2020 के बिहार चुनावों में NDA ने मारी थी बाजी
2020 में बिहार विधानसभा चुनाव 3 चरणों में हुए थे। उन चुनावों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी कि NDA ने 125 सीटें जीतकर सरकार बनाई, जिसमें बीजेपी को 74, जेडी(यू) को 43 और अन्य सहयोगियों को 8 सीटें मिलीं। महागठबंधन ने 110 सीटें जीतीं, जिसमें आरजेडी को 75 और कांग्रेस को 19 सीटें मिलीं। चुनावों के बाद नीतीश कुमार फिर से मुख्यमंत्री बने। वाल्मीकि नगर विधानसभा सीट पर जेडी (यू) का दबदबा रहा है और पिछले 2 चुनावों से धीरेंद्र प्रताप सिंह लगातार जीत दर्ज कर रहे हैं। ऐसे में महागठबंधन के सामने इस सीट को जेडीयू के हाथों से छीनने की बड़ी चुनौती होगी।