1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना में अपराधियों का आतंक: अस्पताल में कैदी को इलाज के दौरान मारी गोली, कुछ ही दूर एक युवक को काटकर मार डाला

पटना में अपराधियों का आतंक: अस्पताल में कैदी को इलाज के दौरान मारी गोली, कुछ ही दूर एक युवक को काटकर मार डाला

 Reported By: Nitish Chandra Edited By: Subhash Kumar
 Published : Jul 17, 2025 09:30 am IST,  Updated : Jul 17, 2025 01:48 pm IST

पटना में जेल से अस्पताल लाए गए कैदी को इलाज के दौरान गोली मार दी गई है। 5 की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। वहीं, कुछ ही दूरी पर एक और हत्या हुई है।

patna paras hospital firing- India TV Hindi
पटना में अस्पताल में गोलीबारी। Image Source : ANI/INDIA TV

बिहार में एक के बाद एक हो रही अपराध की घटनाएं राष्ट्रीय स्तर तक चर्चा का विषय बनी हुई हैं। विपक्षी दलों की ओर से सरकार पर लगातार हमला किया जा रहा है और पुलिस पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं। हालांकि, इसके बावजूद भी अपराध कम होने का नाम नहीं ले रहा है। अब राजधानी पटना से एक और सनसनीखेज वारदात की खबर सामने आई है। यहां जेल से अस्पताल लाए गए कैदी को इलाज के दौरान गोली मारी गई है। वहीं, शाहपुर थाना क्षेत्र में भी एक युवक की हत्या कर दी गई है। आइए जानते हैं इन घटनाओं के बारे में।

क्या है पूरा मामला?

बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आ रहे हैं। शास्त्री नगर थाना क्षेत्र स्थित पारस अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती हुए चंदन मिश्रा नामक कैदी को 5 की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने अस्पताल के अंदर घुसकर गोली मार दी। कैदी को गोली लगते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। ये घटना गुरुवार को सामने आई है। चंदन मिश्रा की मौत हो गई है।

अब तक पुलिस ने क्या एक्शन लिया?

जानकारी के अनुसार, मृतक चंदन मिश्रा मूल रूप से बक्सर का रहने वाला है और वह बक्सर के केसरी हत्याकांड में नामजद आरोपी है। वह इस समय बेउर जेल में बंद था और उसे इलाज के लिए पैरोल पर अस्पताल लाया गया था। घटना की सूचना मिलते ही शास्त्री नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। वारदात को जिस तरह अंजाम दिया गया, उसने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोपी हमलावर गोलीबारी के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की तलाश जारी है।

इधर युवक को काटकर मार डाला

दूसरी तरफ राजधानी पटना से कुछ ही दूर शाहपुर थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात हुई है। यहां हथियारबंद अपराधियों ने देर रात एक युवक की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी है। लगातार हो रही अपराध की घटनाओं ने पुलिस प्रशासन पर कड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस ने घटना पर क्या कहा?

पटना पश्चिम सिटी के एसपी भानु प्रताप सिंह ने इस घटना पर कहा- "शिवम उर्फ बंटी नाम के शख्स की धारदार हथियार से हत्या की गई है। एफएसएल टीम ने मौके से नमूने एकत्र किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और आगे की जांच जारी है। सभी सबूत और तथ्य एकत्र करने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और हमने परिवार के सदस्यों से बात की है। उस व्यक्ति को आखिरी बार कल रात 11 बजे देखा गया था। प्रथम दृष्टया, यह आपसी संघर्ष का मामला लगता है और पीड़ित और संदिग्ध एक-दूसरे को जानते होंगे।"

ये भी पढ़ें- VIDEO: पटना में बैंक मैनेजर का कत्ल या हादसा, कुएं में कैसे गिरे, पत्नी से कहा, 'मैं मर रहा हूं मुझे बचा लो'

14 दिन में 50 मर्डर..., बिहार में अपराध बेलगाम, चुनाव से पहले बढ़ी नीतीश सरकार की मुश्किलें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।