1. Hindi News
  2. बिहार
  3. Bihar Assembly Election LIVE: 'मुकेश सहनी महागठबंधन में हैं भी या नहीं' प्रशांत किशोर ने कसा तंज

Bihar Assembly Election LIVE: 'मुकेश सहनी महागठबंधन में हैं भी या नहीं' प्रशांत किशोर ने कसा तंज

 Updated : Oct 16, 2025 11:25 pm IST

बिहार चुनाव में बीजेपी प्रचार अभियान को धार देने के लिए आज यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ मैदान में उतर रहे हैं। दूसरी तरफ, दिग्गजों के नॉमिनेशन शुरू हो चुके हैं। आज बीजेपी के दिग्गजों के पर्चा दाखिल करने का दिन है।

Prashant Kishor- India TV Hindi
प्रशांत किशोर। Image Source : PTI

बिहार में पहले चरण की 121 सीटों के लिए नामांकन की अंतिम समयसीमा नजदीक है, और अब मात्र 20 घंटे बचे हैं। हालांकि, महागठबंधन में अभी तक सीट बंटवारे को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है, न ही सभी सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा हुई है। कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने आपस में अपनी सीटें बांट ली हैं, लेकिन विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के नेता मुकेश साहनी को अनिश्चितता में छोड़ दिया गया है। इसके अलावा NDA के धड़े से भी कई बड़ी खबरें आई हैं।

बिहार चुनावों से जुड़ी हर बड़ी खबर के लिए हमारे साथ बने रहें:

Bihar Assembly Election LIVE

Auto Refresh
Refresh
  • 10:16 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    'मुकेश सहनी महागठबंधन में हैं भी या नहीं'

    प्रशांत किशोर ने बिहार के महागठबंधन में चल रही खींचतान पर तंज कसते हुए कहा कि पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि मुकेश सहनी महागठबंधन में हैं भी या नहीं। उन्होंने दोनों गठबंधनों (महागठबंधन और NDA) पर आरोप लगाया कि बिहार में उन्होंने करोड़ों रुपये में सीटें बेची हैं। इसके साथ ही, प्रशांत किशोर ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा, 'तेजस्वी यादव हमें डरा नहीं सकते। इस चुनाव में हम RJD को तीसरे नंबर पर धकेल देंगे।'

     

  • 9:31 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    3 दिन के दौरे पर बिहार पहुंचे अमित शाह

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को तीन दिवसीय दौरे पर चुनावी राज्य बिहार पहुंचे, जहां वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संगठन से जुड़ी बैठकें करेंगे, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दलों के नेताओं से मुलाकात करेंगे और कई जन सभाओं को संबोधित करेंगे।

  • 9:30 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    सीटों का आवंटन पता न होने से मुकेश साहनी परेशान

    महागठबंधन में सहमति बनी थी कि मुकेश साहनी की पार्टी VIP को 18 सीटें दी जाएंगी, जिनमें से 10 सीटें RJD अपने कोटे से और 8 सीटें कांग्रेस अपने कोटे से देगी। बावजूद इसके, न तो RJD और न ही कांग्रेस ने VIP को यह स्पष्ट किया है कि उनकी पार्टी को कौन-कौन सी सीटें आवंटित की जा रही हैं। इस अनिश्चितता के कारण मुकेश साहनी असमंजस में हैं और परेशान हैं।

  • 9:18 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    अमित शाह बिहार के तीन दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचे

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार को तीन दिवसीय दौरे पर चुनावी राज्य बिहार पहुंचे, जहां वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संगठन से जुड़ी बैठकें करेंगे, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दलों के नेताओं से मुलाकात करेंगे और कई जन सभाओं को संबोधित करेंगे।

  • 8:51 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    रोहिणी आचार्य ने तेज प्रताप यादव को दिया समर्थन

    लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी ने आचार्य ने महुआ सीट से नामांकन दाखिल करने पर तेज प्रताप यादव को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने लिखा- “तुम्हें दुनिया की सारी सफलता और खुशियां मिलें और तुम हमेशा उजाले की तरह आगे बढ़ते रहो भाई। ढेरों शुभकामनाएं, स्नेह व आशीर्वाद।” 

  • 8:35 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    LJP-R ने सभी 29 उम्मीदवारों का किया ऐलान

    चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने सभी 29 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। LJP (R) ने पहले 14 प्रत्याशियों के नाम की लिस्ट जारी की थी। वहीं, गुरुवार शाम दूसरी लिस्ट में शेष बची 15 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया। 

  • 8:23 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    राजद में शामिल होने पर बोले गायक खेसारी लाल यादव

    राजद में शामिल होने पर गायक खेसारी लाल यादव ने कहा- "मैं चाहता हूं कि हमारे बिहार से कोई न जाए। गुजरात, कोलकाता और दिल्ली से लोग यहां आकर काम करें। हम यही चाहते हैं।" जब उनसे पूछा गया कि क्या वह या उनकी पत्नी चुनाव लड़ेंगी, तो उन्होंने कहा- "चाहे वह चुनाव लड़े या मैं चुनाव लड़ूं, यह एक ही बात है। वह मेरी अर्धांगिनी हैं।"

  • 7:57 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    कितना पढ़े लिखे हैं तेज प्रताप?

    नामांकन करते हुए तेज प्रताप यादव ने जो हलफनामा भरा है उसके मुताबिक, उन्होंने साल 2010 में इंटरमीडिएट पास किया है। उन्होंने साल 2010 में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना से राममोहन राय सेमिनरी+2 से इंटरमीडिएट उत्तीर्ण किया था।

     

  • 7:57 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    तेज प्रताप के पास कितनी है संपत्ति?

    तेज प्रताप यादव द्वारा दाखिल नामांकन हलफनामे (2025) के अनुसार:

    कुल संपत्ति

    1. चल (Movable) संपत्ति: ₹91,65,629.49

    2. अचल (Immovable) संपत्ति: ₹1,96,47,914
    कुल संपत्ति: ₹ 2,88,13,543.49 (लगभग ₹2.88 करोड़)

  • 7:08 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    राजद, कांग्रेस के एजेंडे में गरीबों का कल्याण नहीं: योगी आदित्यनाथ

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस के एजेंडे में गरीब कल्याण का कोई स्थान नहीं है, उनका एकमात्र लक्ष्य अपने परिवार का कल्याण करना है।

  • 7:07 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    एक बार फिर जीत हासिल करेगा राजग: मोहन यादव

    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) एक बार फिर जीत हासिल करेगा। उन्होंने पटना जिले के विक्रम विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी सिद्धार्थ सौरभ के समर्थन में एक सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय जनता दल तथा कांग्रेस पर भी निशाना भी साधा और कहा कि बिहार की जनता ने जंगलराज देखा है। 

  • 6:41 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    महागठबंधन पर क्या बोले सम्राट चौधरी?

    बिहार विधानसभा चुनाव 2025 पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा- "जेडी (यू) ने अपनी 101 सीटों की घोषणा कर दी है। नामांकन प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। जहां तक ​​​​महागठबंधन का सवाल है, गठबंधन टूटता है या नहीं, हम देखेंगे कि क्या परिस्थितियां बनती हैं।"

  • 6:33 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    निषाद आबादी आरक्षण के मुद्दे पर वे एनडीए के साथ- संजय निषाद

    बिहार चुनाव पर यूपी के मंत्री संजय निषाद ने कहा- "बिहार में 18% निषाद आबादी है और आरक्षण के मुद्दे पर वे एनडीए के साथ लगते हैं" राहुल गांधी के फ़तेहपुर दौरे पर उन्होंने कहा- "ऐसे मुद्दों का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए। वे सिर्फ अपनी राजनीति चमका रहे हैं और कुछ नहीं"

  • 6:31 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    बिहार में सीट बंटवारे को लेकर महागठबंधन में विवाद है: आठवले

    केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि बिहार में विपक्षी महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर विवाद है और यदि इसके घटक दल अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव अलग से लड़ने का फैसला करते हैं तो इससे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को अधिक सीट जीतने में मदद मिलेगी। 

  • 6:30 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    तेजप्रताप ने महुआ सीट से नामांकन भरा

    पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने बृहस्पतिवार को वैशाली जिले की महुआ विधानसभा सीट से नामांकन पत्र दाखिल किया। तेज प्रताप को हाल में उनके पिता एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के संस्थापक अध्यक्ष लालू प्रसाद ने पार्टी से निष्कासित कर दिया था। 

  • 6:29 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    मुकेश सहनी डगरा के बैंगन बन गए- दिलीप जायसवाल

    भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बिहार इकाई के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर जारी गतिरोध को लेकर बृहस्पतिवार को कटाक्ष किया और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) तथा कांग्रेस पर विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के अध्यक्ष मुकेश सहनी के “अपमान” का आरोप लगाया।

  • 6:28 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    जद(यू) ने अपने सभी 101 उम्मीदवार घोषित किए

    जनता दल (यूनाइटेड) ने बिहार विधानसभा चुनाव में अपने कोटे की सभी 101 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं, जिनमें आधे से अधिक प्रत्याशी अन्य पिछड़े वर्ग (ओबीसी) और अति पिछड़े वर्ग (ईबीसी) से हैं। पार्टी ने चार मुस्लिम प्रत्याशी भी उतारे हैं।

  • 6:27 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    बुर्के वाली महिलाओं की पहचान के कदम पर EC का बयान

    निर्वाचन आयोग ने बुर्का पहनकर मतदान केंद्रों पर आने वाली महिलाओं को लेकर अपने कदम का बचाव करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि वह 1994 में लिए गए निर्णय को लागू कर रहा है, जब टी एन शेषन निर्वाचन आयोग के प्रमुख थे।

  • 6:10 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    हमारी पार्टी को दरकिनार नहीं किया गया: उपेंद्र कुशवाहा

    आरएलएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, "चर्चा की पूरी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और यह तय हो गया है कि कौन कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा। हमारी पार्टी को दरकिनार नहीं किया गया है। हमें छह सीटें दी गई हैं।

  • 5:40 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    BJP ने जारी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट

    भाजपा ने बिहार चुनाव के पहले चरण के लिए स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की। इस सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य नेताओं के नाम शामिल हैं।

  • 5:24 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    बिहार में फिर बनेगी NDA सरकार: मोहन यादव

    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने X पर कहा , आज पटना के बिक्रम विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के प्रत्याशी श्री सिद्धार्थ सौरव जी की नामांकन जनसभा को संबोधित किया। आदरणीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश के आर्थिक तंत्र में बदलाव आया है। आज गरीबों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है। दुनिया में भारत की साख बढ़ रही है। आज यहां जनता-जनार्दन का जो उत्साह और विश्वास देख रहा हूं, उससे यह तय है कि बिहार में एक बार फिर NDA की सरकार आ रही है।

  • 4:45 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    महुआ के लिए काम करने वाला दिलों में रहेगा: तेज प्रताप यादव

    महुआ विधानसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल करने के बाद जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने कहा, "जो महुआ की जनता के लिए काम करेगा, वह उनके दिलों में रहेगा। जो विकास लाएगा, उसे याद किया जाएगा।" उन्होंने आगे कहा, "जिस तरह हमने मेडिकल कॉलेज बनवाए हैं, अब (महुआ में) इंजीनियरिंग कॉलेज भी स्थापित किया जाएगा।"

  • 4:09 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    RLM ने बाकी दो उम्मीदवारों के नाम किए घोषित

    राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) ने बाकी दो उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। बाजपट्टी से रामेश्वर कुमार महतो और पारू से मदन चौधरी को टिकट मिला है। बता दें कि NDA गठबंधन में उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी RLM को 6 सीटें मिली हैं।

  • 3:30 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    CM योगी ने राम मंदिर को लेकर कांग्रेस-राजद पर साधा निशाना

    बिहार के सहरसा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "कांग्रेस और राजद के लोग हमेशा हमसे सवाल करते थे कि क्या राम मंदिर बनेगा, और हमने हमेशा कहा कि यह निश्चित रूप से बनेगा। अयोध्या में राम लला का मंदिर बन गया है, और बिहार में भी माता जानकी का भव्य मंदिर बन रहा है।"

  • 2:56 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    बसपा ने जारी की उम्मीदवारों की लिस्ट

    बहुजन समाज पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्‍मीदवारों के नामों का ऐलान करना शुरू कर दिया है। बसपा की पहली लिस्‍ट में 42 नामों की घोषणा की गई है। इसके साथ ही अपने स्‍टार प्रचारकों की लिस्‍ट भी जारी कर दी है, जिसमें आकाश आनंद का नाम भी शामिल है। यहां देखें उम्मीदवारों की पूरी लिस्ट-

     

  • 2:37 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    दादी की तस्वीर लेकर नामांकन करने पहुंचे तेज प्रताप

    तेज प्रताप यादव आज जब महुआ सीट से नामांकन करने पहुंचे तो सबकी निगाहें उनके हाथ में पकड़ी गई तस्वीर पर टिक गईं। दरअसल, तेज प्रताप अपने माता-पिता नहीं बल्कि अपनी दादी मरछिया देवी की तस्वीर लेकर नामांकन करने पहुंचे। 

     

  • 1:38 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    सम्राट चौधरी ने दाखिल किया नामांकन

    बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने मुंगेर की तारापुर विधानसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। उनके साथ तारापुर से जेडीयू के सीटिंग विधायक राजीव सिंह भी दिखे। इस दौरान सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार विकास के पथ पर अग्रसर हो चुका है। बिहार में विकास की गंगा बह रही है।

  • 12:53 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    कांग्रेस-राजद ने फिर शुरू की शरारत- योगी आदित्यनाथ

    यूपी सीएम ने कहा, "बिहार में विकास की इस नई प्रतिस्पर्धा को बाधित करने के लिए राजद, कांग्रेस और उनके सहयोगी दलों के इंडी गठबंधन ने फिर से शरारत शुरू की है और वह है 'विकास बनाम गुर्गे' की बहस। यहां पर राजद और कांग्रेस ने गुर्गे को लेकर एक नई बहस शुरू कर दी है। क्या उन्हें फर्जी मतदान करने का अधिकार दिया जाना चाहिए? क्या यहां पर विदेशी घुसपैठियों को आकर बिहार के दलितों, गरीबों और नागरिकों के अधिकार पर डकैती करने की छूट देनी चाहिए? राजद और कांग्रेस फर्जी मतदान करवाने की अपनी इस चेष्टा को पूरा करना चाहते हैं। हर मतदाता को अपनी पहचान दी गई है और पहचान पत्र दिखाकर ही वह मतदान में भागीदारी बढ़ सकता है। एनडीए की सरकार उसका समर्थन कर रही है, लेकिन कांग्रेस, राजद और उनके सहयोगी दल कहते हैं कि फर्जी मतदान होना चाहिए।"

  • 12:52 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे मुकेश सहनी

    मुकेश सहनी सीटों को लेकर बड़ा ऐलान करने वाले हैं। मुकेश सहनी आज शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे जिसमें सीटों को लेकर ऐलान हो सकती है। अब तक जो सूत्रों से खबर आ रही है उसके मुताबिक, सहनी को 18 सीटें दी गई है। सहनी अपने लिए 30 सीट की डिमांड कर रहे थे। 

  • 12:46 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    बिहार में फिर डबल इंजन की सरकार बने- योगी

    योगी आदित्यनाथ ने कहा, "उत्तर प्रदेश और बिहार का संबंध केवल एक संबंध नहीं है, एक साझी विरासत है। एक आत्मा का संबंध है, एक संस्कृति का संबंध है और एक संकल्प का भी संबंध है। यह संबंध उसी प्रकार से अटूट है जैसे भगवान राम और मां जानकी का संबंध अटूट है। डबल इंजन की सरकार बिहार में फिर से स्थापित हो और डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में बिहार की विकास गति तेजी से आगे बढ़ती दिखाई दे। जो कार्य पिछले 20 वर्षों में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार ने कर दिखाया है, वह गति इसी प्रकार से बनी रहे, इसके लिए अपने बिहार के बहनों-भाईयों का आह्वान करने के लिए आज मैं यहां आया हूं।"

  • 12:44 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    बिहार में मां जानकी का मंदिर बन रहा

    योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी में राम मंदिर बन चुका है। अयोध्या में भक्त रामलला के दर्शन कर रहे हैं। वहीं, बिहार में मां जानकी का मंदिर बन रहा है। दानापुर से रामकृपाल यादव को टिकट दिया गया है। योगी आदित्यनाथ यहां उनके समर्थन में प्रचार करने पहुंचे थे। इसके बाद वह बिहार में ही दूसरी रैली भी करेंगे। योगी ने कहा कि उन्हें पुराने साथी रामगोपाल यादव के कार्यक्रम में शामिल होने का मौका मिला। वह इससे बेहद खुश हैं।

  • 12:38 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    बिहार में अपहरण उद्योग नहीं चलता

    योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिहार में अब अपहरण उद्योग नहीं चलता है। आरजेडी के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले यहां जंगलराज हुआ करता था। उस समय यहां के युवा पलायन के लिए मजबूर थे। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आरजेडी ने खुद को कांग्रेस के पास गिरवी रख दिया है।

  • 12:28 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    दानापुर में योगी आदित्यनाथ की रैली

    दानापुर में योगी आदित्यनाथ रैली कर रहे हैं। यूपी सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार का अटूट नाता रहा है। आरजेडी सरकार के कार्यकाल को याद करते हुए उन्होंने कहा कि 1990 से 2005 तक बिहार का विकास नहीं हो पाया। वहीं, जेडीयू और नीतीश कुमार की तारीफ में उन्होंने कहा कि पिछले 20 साल में बिहार का विकास हुआ।

  • 11:10 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    JDU के 44 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी

    नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू ने 44 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इसमें अररिया से शगुफ्ता अजीम को उम्मीदवार बनाया गया है। एनडीए में शामिल जेडीयू और बीजेपी 101-101 बराबर सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं। 

  • 11:08 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    टिकट कटने से रामसूरत राय का भड़का गुस्सा

    बीजेपी ने रामसूरत राय को औराई सीट से टिकट नहीं दिया जिसके बाद वह भड़क गए हैं। रामसूरत ने कहा कि पिछली बार 16 और इस बार 5 यादव को टिकट दिया गया है। यादव को हटाना था, उम्र तो बहाना था। पार्टी में रहकर गद्दारों को सबक सिखाऊंगा। 

  • 11:03 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    बिहार नई उड़ान के लिए तैयार है- मनोज तिवारी

    विपक्षी दलों में आपस फूट है। न तेजस्वी यादव राहुल गांधी को चाहते हैं न राहुल गांधी तेजस्वी यादव को चाहते हैं। NDA के तमाम दलों को शानदार जीत मिलेगी- बीजेपी सांसद मनोज तिवारी

  • 10:47 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    छपरा में त्रिकोणीय लड़ाई

    सारण की छपरा विधानसभा सीट से बीजेपी ने छोटी कुमारी को अपना टिकट दिया है। छोटी कुमारी मूल रूप से परसा की रहने वाली है। छोटी कुमारी वैश्य समाज से आती हैं, छपरा विधानसभा क्षेत्र में वैश्य समाज का 65% वोट है जबकि बाकी 35% में सभी जातियां है। राजद से इस बार भोजपुरी अभिनेता और गायक खेसारी लाल की पत्नी चंदा देवी को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, बीजेपी व्यापार मण्डल की अध्यक्ष राखी गुप्ता जो भी वैश्य समाज से आती हैं, जो पूर्व में छपरा नगर निगम की अध्यक्ष रह चुकी हैं। वह टिकट के प्रयास में थी लेकिन टिकट नहीं मिलने के कारण कल अपना नामांकन निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में दाखिल किया।

  • 10:18 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    महागठबंधन में सीट शेयरिंग का ऐलान आज संभव

    पहले चरण के नामांकन में केवल दो दिन बचे हैं लेकिन महागठबंधन में अभी तक सीटों का बंटवारा नहीं हो पाया है। कल देर रात बिहार कांग्रेस के नेता तेजस्वी यादव से मिले थे। इसके बाद कहा जा रहा है कि आज महागठबंधन में सीट शेयरिंग का ऐलान हो सकता है। उसके पहले ही आरजेडी और कांग्रेस ने अपने नेताओं को सिंबल बांटना शुरू कर दिया है। RJD ने 45 तो कांग्रेस ने 23 उम्मीदवारों को सिंबल दे दिया है।

  • 10:16 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    सीट शेयरिंग के बाद अमित शाह का पहला बिहार दौरा

    बिहार में NDA इस समय सीट शेयरिंग के मामले में तो महागठबंधन से लीड कर रही है इस बीच गृह मंत्री अमित शाह आज से बिहार दौरे पर जा रहे हैं। अमित शाह 18 अक्टूबर तक बिहार में रहेंगे। खास बात है कि सीट शेयरिंग के बाद ये शाह का पहला बिहार दौरा है। वह बीजेपी नेता और कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी रणनीति पर मंथन करेंगे। साथ ही सहयोगियों के साथ प्रचार के प्लान को लेकर भी बातचीत होगी। शाह का मेन फोक्स उन सीटों पर होगा जहां BJP कमजोर है।

  • 10:05 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    एक-दूसरे के खिलाफ कैंडिडेट उतार रही महागठबंधन की पार्टियां

    महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर माथापच्ची जारी है। सीट शेयरिंग का फॉर्मूला अब तक सामने नहीं आ पाया है। दूसरी ओर अब महागठबंधन की पार्टियां एक दूसरे के खिलाफ कैंडिडेट उतारने लगी है। बेगूसराय के बछवाड़ा सीट पर कांग्रेस और लेफ्ट दोनों ही पार्टियों ने अपने अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। कांग्रेस ने जहां गरीबदास को अपना कैंडिडेट बनाया है तो वहीं, CPI ने अवधेश राय को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। इसी तरह मटिहानी सीट पर RJD और लेफ्ट में ही महाफाइट हो गई है। मटिहानी में RJD ने बोगो सिंह को टिकट दिया है तो लेफ्ट ने राजेंद्र प्रसाद को टिकट दिया है।

  • 9:09 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    खेसारी लाल की पत्नी चंदा को RJD ने दिया टिकट

    मशहूर भोजपुरी गायक और अभिनेता खेसारी लाल यादव की पत्नी चंदा को राजद ने छपरा से टिकट दिया है। खेसारी कुछ दिनों से आरजेडी की टिकट के लिए प्रयास कर रहे थे तो अब तेजस्वी यादव ने खेसारी की पत्नी को छपरा से मैदान में उतारा है। यहां से बीजेपी ने छोटी कुमारी को कैंडिडेट बनाया है।

     

  • 8:55 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    ऐश्वर्या की बहन करिश्मा राय को RJD ने परसा से बनाया उम्मीदवार

    लालू प्रसाद यादव ने तेज प्रताप यादव की पत्नी ऐश्वर्या राय की चचेरी बहन डॉ. करिश्मा राय को सारण की परसा सीट से टिकट दिया है। करिश्मा, चंद्रिका राय के बड़े भाई विधानचंद्र राय की पुत्री और तेज प्रताप की पत्नी ऐश्वर्या राय की बड़ी बहन हैं। 

  • 8:19 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    RJD में एक और बाहुबली सूरजभान की एंट्री

    आरजेडी खेमे में एक और बाहुबली की एंट्री हुई है। सूरजभान सिंह पशुपति पारस की पार्टी को छोड़कर RJD में शामिल हो गए हैं। आरजेडी मोकामा से सूरजभान की पत्नी वीणा देवी को उम्मीदवार बनाएगी। आज सूरजभान की पत्नी वीणा देवी RJD के सिंबल पर नॉमिनेशन फाइल करेंगी।

  • 8:17 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    चिराग पासवान की पार्टी की पहली लिस्ट जारी

    बिहार चुनाव के BJP और जेडीयू के बाद चिराग की पार्टी LJP (R) ने भी 14 कैंडिडेट्स की अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में उनके भांजे सीमांत मृणाल का भी नाम है तो प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी को गोविंदगंज से टिकट दिया गया है।  चिराग पासवान को एनडीए के सीट बंटवारे में 29 सीटें मिली हैं, लेकिन कुछ सीटों पर जेडीयू और हम से विवाद है, जिसका समाधान निकालने के लिए चर्चाओं का दौर भी जारी है।

  • 8:15 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    महुआ सीट से नॉमिनेशन करेंगे तेज प्रताप यादव

    जनशक्ति जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव महुआ सीट से गुरुवार नॉमिनेशन करेंगे। जेडीयू के मदन सहनी बहादुर पुर सीट से नॉमिनेशन करेंगे। नीतीश कुमार और संजय झा होगें मदन सहनी के नामाकंन मे शामिल होंगे। इनके साथ साथ साहेबपुर कमाल लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के उम्मीदवार सुरेंद्र कुमार, जहानाबाद -घोसी विधानसभा क्षेत्र से माले उम्मीदवार रामबली सिंह यादव और  बीजेपी के उम्मीदवार नीतीश मिश्रा झंझारपुर सीट से नॉमिनेशन करेंगे।

  • 8:12 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    सम्राट चौधरी तारापुर सीट से दाखिल करेंगे पर्चा

    आज बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी मुंगेर की तारापुर विधानसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल करेंगे। ये सीट पिछले 15 सालों से जेडीयू का गढ़ रही है। नामांकन के दौरान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और केंद्रीय मंत्री और मुंगेर से सांसद ललन सिंह भी रहेंगे तो वहीं दानापुर सीट पर पूर्व सांसद रामकृपाल यादव पर्चा भरने जा रहे हैं, उनके साथ यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ रहेंगे।

  • 8:11 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    3 दिन तक NDA की रणनीति बनाएंगे अमित शाह

    आज से केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह 3 दिन के बिहार दौरे पर हैं। 18 अक्टूबर तक अमित शाह भी बिहार में हैं। शाह जनसभाएं करने के साथ साथ बिहार में NDA की चुनाव रणनीति भी बनाएंगे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।