1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार: महिला JEE पर गुस्से में फूट पड़े विधायक प्रफुल्ल मांझी, लगाई जमकर फटकार, VIDEO हो रहा वायरल

बिहार: महिला JEE पर गुस्से में फूट पड़े विधायक प्रफुल्ल मांझी, लगाई जमकर फटकार, VIDEO हो रहा वायरल

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Mar 25, 2026 08:07 am IST,  Updated : Mar 25, 2026 08:19 am IST

बिहार के जमुई की सिकंदर विधानसभा के विधायक ने महिला JEE को कड़ी फटकार लगाई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Bihar MLA- India TV Hindi
महिला JEE पर गुस्सा हुए विधायक Image Source : REPORTER INPUT

जमुई: बिहार के जमुई की सिकंदर विधानसभा से हम पार्टी के विधायक प्रफुल्ल मांझी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक महिला JEE के ऊपर गुस्से में चिल्ला रहे हैं। मामला बस स्टैंड की बाउंड्री वॉल के निर्माण कार्य से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। इस निर्माण कार्य में कथित अनियमितता की शिकायत के बाद मांझी नाराज हुए।

क्या है पूरा मामला?

जमुई जिले की सिकंदर विधानसभा से हम पार्टी के विधायक प्रफुल्ल मांझी द्वारा एक महिला जूनियर इंजीनियर (JE) को कड़ी फटकार लगाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। यह मामला बस स्टैंड की बाउंड्री वॉल के निर्माण कार्य से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें कथित अनियमितता की शिकायत सामने आई थी।

जानकारी के मुताबिक विधायक प्रफुल्ल मांझी निर्माणाधीन बस स्टैंड की बाउंड्री वॉल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि निर्माण कार्य में पुरानी और घटिया ईंटों का उपयोग किया जा रहा है। मौके पर पहुंचते ही वे नाराज हो गए और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाने लगे। वायरल वीडियो में विधायक को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “नया ईंट कहां है, दिखाओ… इसे तोड़ो और जांच करो।” 

उन्होंने मौके पर ही काम रुकवाने का निर्देश दिया और ईंटों की गुणवत्ता की जांच कराने की बात कही। इस दौरान वहां मौजूद महिला जेई सोनी कुमारी ने बार-बार सफाई देने की कोशिश की। उनका कहना था कि उन्होंने पहले ही ठेकेदार को काम रोकने का निर्देश दिया था और इस संबंध में लिखित पत्र भी जारी किया गया था। इसके बावजूद ठेकेदार द्वारा कार्य शुरू कर दिया गया। हालांकि विधायक उनकी बातों से संतुष्ट नहीं दिखे और लगातार सवाल करते रहे कि जब काम रोक दिया गया था, तो फिर निर्माण कैसे जारी है।

करीब पांच मिनट तक चले इस पूरे घटनाक्रम में विधायक का रवैया काफी सख्त नजर आया। वीडियो में वे महिला अधिकारी से तीखे लहजे में बात करते और “तुम-तड़ाक” करते भी सुनाई दे रहे हैं। इसको लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आ रही है। कुछ लोग इसे जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी और सख्ती बता रहे हैं, जबकि अन्य इसे एक महिला अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार करार दे रहे हैं।

विधायक प्रफुल्ल मांझी ने इस मामले पर सफाई देते हुए कहा कि जहां भी गड़बड़ी मिलती है, वहां कार्रवाई जरूरी होती है। उन्होंने कहा कि पुरानी ईंटों को हटाने और स्वीकृत एस्टीमेट के अनुसार ही काम करने का निर्देश दिया गया है। यह परियोजना करीब एक करोड़ रुपये की बताई जा रही है, जिस पर वे पिछले तीन वर्षों से प्रयासरत थे।

वहीं, इस पूरे मामले पर जेईई सोनी कुमारी ने फिलहाल कोई प्रतिक्रिया देने से परहेज किया है। जबकि स्थानीय लोगों की माने तो बाउंड्री वॉल के शिलान्यास के लिए विधायक को नहीं बुलाने के कारण विधायक नाराज थे जिसे लेकर उन्होंने अपना गुस्सा जेईई पर उतार दिया। (इनपुट: जमुई से मो अंजुम आलम)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।