1. Hindi News
  2. बिहार
  3. 'राजनीतिक पार्टी बनाने पर विचार करूंगी...', RJD से निकाली गईं महिला नेता ने कर दिया बड़ा ऐलान

'राजनीतिक पार्टी बनाने पर विचार करूंगी...', RJD से निकाली गईं महिला नेता ने कर दिया बड़ा ऐलान

 Published : Dec 08, 2025 04:42 pm IST,  Updated : Dec 08, 2025 05:19 pm IST

बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान RJD से निष्कासित की गईं महिला नेता रितु जायसवाल ने नई पार्टी बनाने के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा है कि पार्टी में महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व और युवाओं को आगे बढ़ने का मौका दिया जाएगा।

RItu jaisawal rjd new party- India TV Hindi
राजनीतिक पार्टी बनाएंगी रितु जायसवाल। Image Source : X (@ACTIVISTRITU) PTI

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से निष्कासित की गईं महिला नेता रितु जायसवाल ने नयी पार्टी बनाने का संकेत दिया है। बता दें कि हाल ही में संपन्न हुए बिहार विधानसभा चुनाव में रितु जायसवाल ने परिहार सीट निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था। चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद राष्ट्रीय जनता दल ने रितु जायसवाल को पार्टी से 5 साल तक के लिए निष्कासित कर दिया था। अब रितु जायसवाल ने नयी पार्टी बनाने के संकेत दिए हैं और कहा है कि अगर वह पार्टी का गठन करती हैं तो पार्टी में महिलाओं को सम्मानजनक प्रतिनिधित्व मिलेगा।

रितु जायसवाल ने क्या कहा?

रितु जायसवाल ने कहा- "अगले कुछ महीनों में मैं बिहार के युवाओं से, खासकर महिलाओं से, संवाद करूंगी। इस संवाद के आधार पर मैं एक राजनीतिक पार्टी बनाने पर विचार करूंगी। एक ऐसी राजनीतिक पार्टी, जहां महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व मिले, जहां युवाओं को आगे बढ़ने का मौका मिले, जहां टिकटों की खरीद–फरोख्त न होती हो, और जहां परिवारवाद के लिए कोई जगह न हो। आपके सुझाव और आपकी आलोचना, दोनों का ही स्वागत रहेगा।"

रितु जायसवाल के बारे में जानें

रितु जायसवाल ने अपना राजनीतिक सफर सिंहवाहिनी पंचायत की मुखिया के रूप में शुरू किया था। उनके पति पूर्व सिविल सेवक अरुण कुमार हैं। वह राजद की महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष रह चुकी हैं। साल 2020 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने राजद के टिकट पर परिहार सीट से चुनाव लड़ा था। इसके बाद उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में शिवहर सीट से राजद के टिकट पर चुनाव लड़ा। हालांकि, यहां वह जदयू की लवली आनंद ने करीब 30,000 वोटों से हार गईं।

परिहार सीट का चुनाव रिजल्ट

रितु जायसवाल ने साल 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में राज्य की परिहार सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ा था। इस सीट पर हुए चुनाव के परिणाम में भाजपा की गायत्री देवी ने 82644 वोट प्राप्त किए और 17189 वोटों के अंतर से चुनाव जीत लिया। दूसरे नंबर पर रितु जायसवाल रहीं जिन्हें 65455 मिले। वहीं, राजद की स्मिता गुप्ता को 48534 वोट मिले और वह तीसरे स्थान पर रहीं। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- तेज प्रताप ने भर दिया लाखों का बिजली बिल, 2022 से नहीं भरा था, कनेक्शन नहीं कटने पर हो रहा था बवाल

किस शराब को पीने से होगा फायदा, जीतन राम मांझी ने बताया, कहा- 'शराब पीने वाले मजदूरों को नहीं पकड़ना चाहिए'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।