बिहार में इन दिनों लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इस दौरान, भीड़ को काबू में करने के लिए वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। लेकिन कई बार वाटर कैनन के सही तरीके से काम नहीं करने से पुलिस को शर्मिंदगी भी झेलनी पड़ती है। इसलिए अब नए वाटर कैनन खरीदे जाएंगे। दरअसल, सम्राट कैबिनेट की आज (बुधवार को) हुई बैठक में कुल 30 एजेंडे पर मुहर लगी। इसमें 30 वाटर कैनन और 86 वज्र वाहनों की खरीद को मंजूरी भी शामिल है।
62 करोड़ रुपये से खरीदे जाएंगे नए वाटर कैनन और वज्र वाहन
बता दें कि 30 नए वाटर कैनन और 86 वज्र वाहनों की खरीद पर बिहार सरकार 62 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इसके अलावा, बिहार म्यूजियम में 35 पदों पर अस्थायी नियुक्ति की मंजूरी दी गई है। नियमित नियुक्ति होने तक इन पदों को संविदा या निविदा के आधार पर भरा जाएगा। बिहार हरित हाइड्रोजन नीति-2026 के ड्राफ्ट को भी मंजूरी मिली है। इसके अलावा, सड़क परियोजनाओं, क्रूज टर्मिनल से जुड़े प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी गई है।
बीते 15 सितंबर को ही हुआ था पटना में प्रदर्शन
गौरतलब है कि इससे पहले, बीते 15 सितंबर को ही पटना में जोरदार प्रदर्शन हुआ था। दारोगा भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया था। इस दौरान, उनकी झड़प पुलिसकर्मियों से भी हुई थी। जान लें कि बिहार दारोगा भर्ती परीक्षा इसी साल 27 मई को हुई थी। इस एग्जाम के माध्यम से 1799 पदों को भरा जाना था। हालांकि, बाद में अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि इस एग्जाम में पेपर लीक और धांधली हुई है। अभ्यर्थियों ने मांग की कि ये परीक्षा रद्द की जाए।
छात्रों ने सीएम हाउस के घेराव का ऐलान किया
जान लें कि बीते 15 सितंबर को बिहार दरोगा की मुख्य परीक्षा को रद्द करने की डिमांड करते हुए अभ्यर्थियों ने सीएम आवास के घेराव की घोषणा भी की थी। इस मांग को लेकर पटना के कई अभ्यर्थी बीते कई दिनों से प्रदर्शन भी कर रहे थे। अभ्यर्थियों की मांगों की बात करें तो वे 70वीं BPSC परीक्षा और 1799 पदों वाली दरोगा बहाली प्रक्रिया में कथित अनियमितता के बाद इस रद्द करने की डिमांड कर रहे थे। उनकी ये भी मांग थी कि BSSC की लटके हुए एग्जाम को को जल्द से जल्द करवाया जाए। साथ ही, रिक्रूटमेंट के प्रोसेस में पारदर्शिता लाई जाए और गड़बड़ियों की हाईलेवल जांच हो।
ये भी पढ़ें- पटना के आयकर चौराहे पर विद्यार्थियों का प्रदर्शन, पुलिस ने किया वाटर कैनन का इस्तेमाल