Wednesday, March 18, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार: नशे में धुत दूल्हे को देख दुल्हन ने किया शादी से इंकार, विवाद के बाद बारातियों को बनाया गया बंधक, खूब कटा हंगामा

बिहार: नशे में धुत दूल्हे को देख दुल्हन ने किया शादी से इंकार, विवाद के बाद बारातियों को बनाया गया बंधक, खूब कटा हंगामा

Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd Published : Mar 14, 2026 10:53 am IST, Updated : Mar 14, 2026 10:53 am IST

बिहार के बांका में नशे में धुत दूल्हे को देखकर दुल्हन भड़क गई और उसने शादी करने से मना कर दिया। इसके बाद लड़की पक्ष के लोगों ने लड़के पक्ष को बंधक बना लिया।

groom- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT दूल्हे को देख दुल्हन ने किया शादी से इंकार

बांका: बिहार के बांका जिला के शंभूगंज थाना क्षेत्र के कमड्डी गांव में देर रात एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब वरमाला से ठीक पहले दूल्हा नशे की हालत में अजीब हरकतें करने लगा। दूल्हे की हालत देखकर दुल्हन ने साफ तौर पर शादी से इंकार कर दिया। 

इसके बाद शादी स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर नोकझोंक होने लगी। नाराज लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हा समेत कई बारातियों को बंधक बना लिया। रातभर चले हाई वोल्टेज ड्रामे और पंचायत के बाद आज सुबह दोनों पक्षों में समझौता हुआ, जिसके बाद विधि-विधान से शादी संपन्न कराई गई और दुल्हन को विदा कर दिया गया।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार शंभूगंज के कमड्डी गांव निवासी प्रभास कुमार सिंह की पुत्री स्वीटी कुमारी की शादी भागलपुर जिले के बाथ गांव निवासी राजेश कुमार रंजन के पुत्र सौरभ कुमार रंजन के साथ तय हुई थी। लड़की पक्ष की ओर से शादी को लेकर भव्य तैयारी की गई थी। पूरे गांव को सजाया गया था और मेहमानों के स्वागत के लिए भोज-भंडारे की विशेष व्यवस्था की गई थी।

ढोल-नगाड़े और बैंड-बाजे के साथ बारात कमड्डी गांव पहुंची। रथ पर सवार होकर सेहरा बांधे दूल्हा भी बारात के साथ आया। शुरुआत में सभी रस्में सामान्य रूप से पूरी हुईं। समधी मिलन और दूल्हे का स्वागत भी हो चुका था। लेकिन वरमाला से पहले अचानक दूल्हे की हालत बिगड़ने लगी। वह लड़खड़ाने लगा और अजीबोगरीब हरकतें करने लगा।

दूल्हे की इस हालत को देखकर दुल्हन ने शादी करने से इंकार कर दिया। इसके बाद लड़की पक्ष के लोग नाराज हो गए और उन्होंने दूल्हा समेत कई बारातियों को रोक लिया। लड़की पक्ष का कहना था कि शादी की तैयारी में करीब पांच लाख रुपये खर्च हुए हैं और जब तक इसकी भरपाई नहीं होगी, तब तक बारातियों को नहीं छोड़ा जाएगा।

इसको लेकर देर रात तक दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और हंगामा होता रहा। पूरी रात गांव में तनाव का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटे रहे।

आज सुबह दूल्हे की हालत सामान्य होने के बाद गांव के लोगों ने पंचायत बुलाई। करीब चार घंटे तक चली बातचीत के बाद दोनों पक्षों में सहमति बनी और शादी कराने का निर्णय लिया गया। इसके बाद शुक्रवार को विधि-विधान के साथ शादी संपन्न कराई गई और दुल्हन को विदा कर दिया गया। समझौता कराने में सुबोध सिंह, सुरेंद्र मंडल, दिनेश मंडल और विधुरंजन कुमार सहित कई ग्रामीणों ने अहम भूमिका निभाई।

ग्रामीणों के अनुसार दूल्हे के कुछ दोस्तों ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया था, जिसके कारण उसकी हालत बिगड़ गई। इसी वजह से वह मंच पर जाने से पहले लड़खड़ाने लगा और अजीब हरकतें करने लगा, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। (इनपुट- बांका से दीपक कुमार)

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement