1. Hindi News
  2. बिहार
  3. सीवान में कोचिंग जा रही छात्रा को ट्रक ने कुचला, गुस्साई भीड़ ने ट्रक को किया आग के हवाले, पुलिस को भी खदेड़ा

सीवान में कोचिंग जा रही छात्रा को ट्रक ने कुचला, गुस्साई भीड़ ने ट्रक को किया आग के हवाले, पुलिस को भी खदेड़ा

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Feb 05, 2023 03:38 pm IST,  Updated : Feb 05, 2023 03:38 pm IST

सीवान में हाईवे पर ट्रक चालकों से वसूली की जा रही थी इसी दौरान एक ट्रक पुलिस वाले से बचने के लिए भागने लगा और भागने के दौरान ट्रक की चपेट में एक कोचिंग जा रही छात्रा आ गई जिससे उसकी मौत हो गई।

siwan bihar- India TV Hindi
नाराज लोगों ने ट्रक में लगाई आग, हाईवे जाम किया। Image Source : TWITTER- ANI

सीवान: बिहार के सीवान में दर्दनाक सड़क हादसे में एक लड़की की मौत के बाद लोगों ने जमकर हंगामा किया। नाराज लोगों ने ट्रक में आग लगा दी और हाईवे जाम कर दिया जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। ग्रामीणों ने पुलिस पर ट्रकों से अवैध वसूली का आरोप लगाया। बताया जा रहा है कि हाईवे पर ट्रक चालकों से वसूली की जा रही थी इसी दौरान एक ट्रक पुलिस वाले से बचने के लिए भागने लगा और भागने के दौरान ट्रक की चपेट में एक कोचिंग जा रही छात्रा आ गई जिससे उसकी मौत हो गई।

इसी साल मैट्रिक की परीक्षा देने वाली थी छात्रा

यह हादसा रविवार सुबह 6.30 बजे के करीब हुआ। ओरमा गांव की रहने वाली 15 वर्षीय हैप्पी कुमारी पुत्री सुरेंद्र सिंह इसी साल मैट्रिक की परीक्षा देने वाली थी। वह महादेवा VMHE हाई स्कूल के पास प्रताप सर के कोचिंग में साइकिल से पढ़ने जा रही थी। इसी दौरान एक अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। फिलहाल शव को लेकर परिजन ओरमा हाईवे पर रख कर प्रदर्शन कर रहे हैं। घटनास्थल पर पुलिस और पब्लिक के बीच नोक-झोंक भी हुई। लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बहुत देर बाद पुलिस पहुंची है।

हिरासत में लिया गया ट्रक ड्राइवर
इस मामले को लेकर मुफ्फसिल थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है और ट्रक भी जब्त कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस से हल्की नोक-झोंक होती रहती है, हमलोग घटनास्थल पर मौजूद हैं सब कुछ सामान्य कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो भी कानूनसम्मत कार्रवाई है वह की जाएगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।