मुंगेर: प्यार, भरोसा और फिर एक ऐसी खौफनाक साजिश जिसने मुंगेर से लेकर पूर्णिया तक को हिला कर रख दिया है। 40 दिनों से लापता एक युवती की तलाश जब खत्म हुई, तो सामने आया एक ऐसा सच जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। स्नेहा कुमारी, जो नर्स बनने का सपना देख रही थी, उसे उसके ही प्रेमी ने मौत के घाट उतार दिया। इतना ही नहीं प्रेमी ने सबूत मिटाने के लिए शव को श्मशान घाट में जला भी दिया। पुलिस ने टेक्निकल एविडेंस के आधार पर इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री को सुलझा लिया है, लेकिन मां की पथराई आंखें आज भी इंसाफ की भीख मांग रही हैं।
दरअसल, पूरा मामला मुंगेर जिले के सफियासराय थाना क्षेत्र का है। यहां की रहने वाली स्नेहा कुमारी बीते 17 जनवरी से लापता थी। घर में वह बोल के गई कि भागलपुर GNM की ट्रेनिंग के लिए जा रही है, लेकिन फिर वापस नहीं लौटी। 18 जनवरी को आखिरी बार मां से बात हुई और उसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। पुलिस ने जब तफ्तीश जब शुरू की तो शक की सुई पूर्णिया के बरहरा कोठी निवासी नीरज कुमार यादव पर जाकर टिकी। पहले तो नीरज ने अनजान बनने का ढोंग किया, लेकिन जब पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाला तो पता चला कि 17 जनवरी से गायब होने तक दोनों के बीच 198 बार बात हुई थी। 17 से 20 जनवरी तक दोनों की लोकेशन भी एक ही जगह पाई गई। इन्हीं सबूतों के आधार पर पुलिस ने नीरज को हिरासत में लिया।
जांच की परतें खुलीं तो पता चला कि स्नेहा की हत्या कर उसके शव को पूर्णिया के श्मशान घाट में जला दिया गया है। श्मशान के डोम राजा ने भी मृतका की पहचान की है। स्नेहा की मां का आरोप है कि उसकी बेटी की हत्या सिर्फ धोखे के लिए नहीं बल्कि अंग तस्करी के लिए की गई। उन्होंने कहा कि मेरी बेटी की किडनी निकाल ली गई है। उसकी गला दबाकर हत्या की गई और सबूत छुपाने के लिए उसे जला दिया गया। हम प्रशासन से मांग करते हैं कि अपराधी नीरज को ऐसी सजा मिले कि किसी और की बेटी के साथ ऐसा न हो।
वहीं मुंगेर के SP सैयद इमरान मसूद ने बताया कि लड़की नीरज से प्रेम करती थी। लड़के का शादी दूसरी लड़की से होने वाली थी। इसी को लेकर लड़की पूर्णिया में लड़के के पास गई और शादी का दबाव बनाई। इसके बाद लड़के ने इसकी गला दबा कर हत्या कर दी। पुलिस की टीम जब पूर्णिया पहुंची तो किराये के मकान में रह रहे पड़ोसी ने भी लड़की की तस्वीर को देख कर पहचाना। पडोसी ने कहा कि स्नेहा यहां आई थी। पुलिस टीम ने जब नीरज से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल लिया। एसपी ने कहा कि आरोपी को जल्द से जल्द सजा दिलाई जाएगी। (इनपुट- मोहम्मद इम्तियाज खान)
यह भी पढ़ें-
दर्दनाक हादसा! सामने जा रही ट्रेलर से टकराई बस, 6 यात्रियों की हुई मौत; कई घायल
संपादक की पसंद