राजधानी पटना में चंदन मिश्रा की हत्या के मामले में शूटर्स की पहचान की जा चुकी है। इस शूटआउट को फुलवारी शरीफ का रहने वाला तौसीफ उर्फ बादशाह लीड कर रहा था। उसके साथ अन्य शूटर्स के नाम मन्नू, सूरजभान और भिंडी उर्फ बलवंत सिंह हैं। अस्पताल में घुसे पांचवें शूटर की पहचान की जा रही है। इस शूटर गैंग का सरगना तौसीफ फुलवारी शरीफ का रहने वाला है, जबकि अन्य शूटर बक्सर के हैं। इनमें से शूटर मन्नू बक्सर के बेलाउर का, बलवंत बक्सर के लीलाधरपुर गांव का है।
पटना पुलिस ने फुलवारी शरीफ से लेकर बक्सर तक इन सभी शूटर्स के ठिकानों पर छापेमारी की है। इस मामले में चंदन मिश्रा के पिता मंटू मिश्रा के बयान के आधार पर पटना के शास्त्री नगर थाना में केस दर्ज किया गया है। इसमें बलवंत, मन्नू और तौसीफ उर्फ बादशाह को नामजद किया गया है। दो अज्ञात के अलावा अन्य पर साजिश करने की FIR दर्ज की गई है।

वहीं चंदन मिश्रा की हत्या करने वाले शूटर कितने बेखौफ थे, इसकी एक और बानगी सामने आई है। पता लगा है कि मुख्य शूटर तौसीफ उर्फ बादशाह ने हत्या का वीडियो भी बनाया था। अस्पताल में हुई गोलीबारी में चंदन की देखरेख कर रहे बक्सर के दुर्गेश पाठक के पैर के अंगूठे में गोली का छर्रा लगा है, जबकि कमरे में मौजूद एक अन्य शख्स कृष्णकांत पांडे जान बचाने के लिए बाथरूम में घुस गए। ये भी खुलासा हुआ है कि पांच नहीं बल्कि 6 शूटर्स थे जो चंदन मिश्रा के मर्डर के लिए अस्पताल आए थे। इनमें से पांच अस्पताल के अंदर गए, जबकि एक बाहर ही रहा। मर्डर के बाद ये लोग हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
पुलिस सूत्रों ने खुलासा किया है कि चंदन मिश्रा की हत्या शेरु सिंह नाम के अपराधी ने सुपारी देकर करवाई है। ये चंदन का पुराना साथी था और फिलहाल पुरुलिया जेल में बंद है। पुलिस के मुताबिक ये वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा है। सभी शूटर्स को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। अभी तक चंदन मिश्रा का मर्डर करने वाले छह में से चार शूटर्स की पहचान हो चुकी है। फिलहाल पुलिस अन्य दो आरोपियों की भी तलाश कर रही है।
संपादक की पसंद