1. Hindi News
  2. बिहार
  3. नालंदा के मॉडल अस्पताल में बच्चे की मौत के बाद हंगामा, डॉक्टर-स्टाफ से मारपीट; इमरजेंसी-ओपीडी ठप

नालंदा के मॉडल अस्पताल में बच्चे की मौत के बाद हंगामा, डॉक्टर-स्टाफ से मारपीट; इमरजेंसी-ओपीडी ठप

 Published : Aug 27, 2026 04:38 pm IST,  Updated : Aug 27, 2026 04:38 pm IST

नालंदा के मॉडल अस्पताल में तीन वर्षीय बच्चे की मौत के परिजनों ने अस्पताल में तोड़फोड़ की और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मारपीट की जिसके बाद डॉक्टर्स ने विरोध में इमरजेंसी और ओपीडी को बंद कर दिया

नालंदा मॉडल अस्पताल बच्चे की मौत हंगामा- India TV Hindi
नालंदा मॉडल अस्पताल बच्चे की मौत हंगामा Image Source : INDIA TV

बिहार के नालंदा जिला मुख्यालय बिहार शरीफ स्थित मॉडल अस्पताल में तीन वर्षीय बच्चे की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने ड्यूटी पर डॉक्टर के मौजूद नहीं रहने का आरोप लगाते हुए अस्पताल में तोड़फोड़ की और डॉक्टर समेत स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मारपीट की। घटना से नाराज डॉक्टरों ने रात करीब दो बजे के बाद इमरजेंसी और ओपीडी सेवाएं बंद कर दीं। इससे अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

इलाज के दौरान तीन वर्षीय बच्चे की हुई मौत

छोटी पहाड़ी मोहल्ले से एक परिवार रात करीब 12 बजे डिहाइड्रेशन से पीड़ित तीन वर्षीय बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचा था। बच्चे को शिशु वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर एसएनसीयू में चले गए। कुछ देर बाद इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया।

आक्रोशित परिजनों ने स्वास्थ्यकर्मियों के साथ की मारपीट 

आक्रोशित परिजनों और लोगों ने अस्पताल में तोड़फोड़ के साथ स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मारपीट की। इमरजेंसी में मरीजों का इलाज कर रहे डॉ. अमित कुमार के साथ भी मारपीट और गाली-गलौज का आरोप है। घटना की सूचना मिलते ही बिहार और लहेरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को शांत कराया

मारपीट के विरोध में इमरजेंसी और ओपीडी सेवा बंद 

मारपीट की घटना के विरोध में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने इमरजेंसी और ओपीडी सेवाएं बंद कर दीं। घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीओ और डीएसपी मौके पर पहुंचे और डॉक्टरों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। एसडीएम किसलय श्रीवास्तव ने कहा कि डॉक्टरों से बातचीत में स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मारपीट की जानकारी मिली है।

डॉक्टर्स से बातचीत के बाद, 11 बजे से सिर्फ इमरजेंसी सेवा शुरू कर दिया लेकिन ओपीडी सेवा अभी भी बंद है जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राजीव रंजन ने बताया जनहित को देखते हुए इमरजेंसी सेवा को चालू कर दिया गया है। डॉक्टरों ने मांग किया है कि अस्पताल कैम्पस में स्थाई पुलिस पिकेट का निर्माण कराया जाय।

( नालंदा से शिव कुमार की रिपोर्ट )

ये भी पढ़ें: 

महिला ने कॉलर पकड़कर पति को रोड पर घसीटा, कर दी जमकर पिटाई; घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।