1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार के गोपालगंज में मंदिर के पार्किंग शुल्क से 20 रुपए ज्यादा वसूलना पड़ा भारी, आरोपी गिरफ्तार

बिहार के गोपालगंज में मंदिर के पार्किंग शुल्क से 20 रुपए ज्यादा वसूलना पड़ा भारी, आरोपी गिरफ्तार

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Sep 19, 2026 02:16 pm IST,  Updated : Sep 19, 2026 02:16 pm IST

मामला गोपालगंज के प्रसिद्ध थावे मंदिर परिसर का है। इस मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Gopalganj- India TV Hindi
पार्किंग शुल्क से 20 रुपए ज्यादा वसूलना पड़ा भारी Image Source : INDIA TV

गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज में पार्किंग शुल्क से 20 रुपए ज्यादा वसूलना एक शख्स को भारी पड़ गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामला गोपालगंज के प्रसिद्ध थावे मंदिर परिसर का है।

क्या है पूरा मामला?

गोपालगंज के प्रसिद्ध थावे मंदिर परिसर से बड़ी खबर सामने आई है। श्रद्धालुओं से पार्किंग के नाम पर निर्धारित शुल्क से 20 रुपये ज्यादा वसूलना एक शख्स को भारी पड़ गया। मामला सामने आते ही गोपालगंज पुलिस ने जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। 

दरअसल, 13 सितंबर को थावे मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं से पार्किंग के नाम पर ज्यादा पैसे वसूले जाने का एक वीडियो सामने आया। वीडियो पुलिस तक पहुंचा तो थावे थाना पुलिस ने तुरंत मामले का सत्यापन शुरू किया। जांच के दौरान बंदोबस्तधारी और मेला ठेकेदार से पूछताछ की गई।

पुलिस के मुताबिक, जांच में वर्ष 2025 की शुल्क पर्ची सामने आई, जिसमें कार पार्किंग के लिए 60 रुपये शुल्क निर्धारित था। लेकिन वर्ष 2026 के निर्धारित पार्किंग शुल्क से संबंधित कोई शुल्क पर्ची या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद जांच में पुलिस के सामने जो जानकारी आई, उसके मुताबिक श्रद्धालुओं और वाहन मालिकों से 60 रुपये की जगह 80 रुपये प्रति वाहन वसूले जा रहे थे।

मामले को लेकर थावे थाना में कांड संख्या 221/2026, 14 सितंबर को दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अजय कुमार राम, पिता स्वर्गीय दयाशंकर राम, निवासी विदेशी टोला, थाना थावे, जिला गोपालगंज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की गई है और मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही गई है।

एसपी का बयान सामने आया

वहीं, गोपालगंज पुलिस कप्तान विनय तिवारी ने श्रद्धालुओं और आम लोगों से अपील की है कि पार्किंग के नाम पर मनमानी वसूली या किसी भी तरह की अवैध गतिविधि सामने आए तो तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दें। थावे मंदिर परिसर में फिलहाल विधि-व्यवस्था सामान्य है और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर पुलिस निगरानी जारी रखे हुए है।

इससे पहले पटना में पार्किंग विवाद के बाद फायरिंग हुई थी, 6 पुलिसकर्मियों पर गाज भी गिरी थी।

(रिपोर्ट- गोपालगंज से अयाज अहमद की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें-

बिहार: पार्किंग के विवाद में शख्स की गला काटकर हत्या, नाराज लोगों ने आरोपी दुकानदार को भी पीट-पीटकर मार डाला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।