1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना में पार्किंग विवाद के बाद हुई फायरिंग, 6 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

पटना में पार्किंग विवाद के बाद हुई फायरिंग, 6 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

 Reported By: Nitish Chandra, Edited By: Malaika Imam
 Published : May 25, 2025 02:39 pm IST,  Updated : May 25, 2025 02:39 pm IST

पटना के बोरिंग कैनाल रोड क्षेत्र में पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद अज्ञात बदमाशों ने हवाई फायरिंग की। इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

बिहार की राजधानी पटना के बोरिंग कैनाल रोड क्षेत्र में शनिवार शाम पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद अज्ञात बदमाशों ने हवा में कई बार गोली चलाई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी और बताया कि लापरवाही बरतने के आरोप में छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

लापरवाही के कारण गिरी गाज

पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अवकाश कुमार ने बताया कि घटना के तुरंत बाद जांच के आदेश दिए गए और प्रारंभिक जांच में लापरवाही पाए जाने पर छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। सचिवालय के उपमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) साकेत कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि अज्ञात बदमाश काले रंग की एसयूवी में सवार थे और उन्होंने बोरिंग कैनाल रोड क्षेत्र में हवा में कई बार गोली चलाई। संयोगवश, कानून एवं व्यवस्था के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) पंकज दराद भी उसी समय वहां से एक बैठक के बाद लौट रहे थे।

जांच के लिए टीम हुई गठित

एसडीपीओ ने बताया, "एडीजी के सुरक्षा गार्ड ने बदमाशों को रोकने के प्रयास में जीपीओ गोलंबर के पास हवा में गोली चलाई, लेकिन वे तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए फरार हो गए। दराद ने तुरंत पुलिस नियंत्रण कक्ष को इसकी सूचना दी।" एसएसपी ने बताया कि घटना की जांच के लिए एक टीम गठित की गई है और आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि आरोपी जिस काली एसयूवी में सवार थे, उस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद बदमाशों ने हवा में कई बार गोली चलाई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

ये भी पढ़ें-

'मन की बात' में PM मोदी बोले- सेना के पराक्रम पर पूरे देश को गर्व, जानें और क्या कहा

अंतरिक्ष में एक और दुनिया के मिले 'सबूत', वैज्ञानिकों की चौंकाने वाली खोज के क्या हैं मायने?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।