1. Hindi News
  2. बिहार
  3. युवक की मौत के बाद ग्रामीणों और पुलिस में झड़प, 2 इंस्पेक्टर समेत कई पुलिसकर्मी घायल, घंटों मचा बवाल

युवक की मौत के बाद ग्रामीणों और पुलिस में झड़प, 2 इंस्पेक्टर समेत कई पुलिसकर्मी घायल, घंटों मचा बवाल

 Published : Jul 16, 2026 11:41 am IST,  Updated : Jul 16, 2026 11:43 am IST

नालंदा के हरनौत थाना इलाके में पुलिस और ग्रामीणों के बीच जमकर झड़प हुई। पुलिस की गाड़ी से एक युवक की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। इस झड़प में 2 इंस्पेक्टर और 8 अन्य पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। फिलहाल स्थिति शांत बनी हुई है।

नालंदा में पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प- India TV Hindi
नालंदा में पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प Image Source : INDIA TV

बिहार के नालंदा के हरनौत थाना क्षेत्र में पुलिस वाहन की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद लोगों ने जमकर बवाल किया। चेरन गांव के पास हुई घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने रजौली-बख्तियारपुर मुख्य सड़क को कई घंटों तक जाम कर दिया और आगजनी कर पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प हो गई। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले छोड़े और हवाई फायरिंग भी की। पथराव में दो इंस्पेक्टर समेत आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि जाम में फंसे कई राहगीरों को भी चोटें आईं।

मृतक की पहचान हरनौत थाना क्षेत्र के चेरन गांव निवासी प्रद्युम्न कुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर आगजनी की और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। 

युवक की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने किया हंगामा

पुलिस अधिकारियों ने लगातार लोगों को समझाने की कोशिश की और जाम हटाने की अपील की, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। जाम के कारण रजौली–बख्तियारपुर सड़क मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। 

पुलिस पर पथराव, गाड़ियों के शीशे तोड़े

ग्रामीणों का आरोप है कि दुर्घटना के समय पुलिसकर्मी शराब के नशे में थे। वहीं सोशल मीडिया पर एक तस्वीर भी तेजी से वायरल हुई, जिसमें एक पुलिसकर्मी मृतक के गले पर पैर रखे हुए दिखाई दे रहा है। हालांकि, इस वायरल तस्वीर की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस पर जमकर पथराव शुरू कर दिया। कई गाड़ियों के शीशे तोड़ते हुए क्षतिग्रस्त किया। 

2 इंस्पेक्टर, 8 पुलिसकर्मी और कई राहगीर घायल

पथराव में दो इंस्पेक्टर समेत कुल आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं जाम में फंसे कई राहगीर भी इस हिंसा की चपेट में आकर घायल हो गए। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए कई राउंड हवाई फायरिंग की। मौके पर कई थानों की पुलिस, 150 से अधिक सुरक्षाकर्मी, एसडीपीओ, एसडीएम और बीडीओ समेत प्रशासनिक अधिकारी कैंप कर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे रहे। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण माहौल है और हालात काबू में हैं।

इनपुट: शिव कुमार (नालंदा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।