1. Hindi News
  2. बिहार
  3. परीक्षा वाले दिन ट्रेन लेट होने से भड़के छात्र, पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर हंगामा, पथराव में IG समेत कई पुलिसकर्मी घायल

परीक्षा वाले दिन ट्रेन लेट होने से भड़के छात्र, पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर हंगामा, पथराव में IG समेत कई पुलिसकर्मी घायल

 Reported By: Nitish Chandra Edited By: Shakti Singh
 Published : Jun 14, 2026 06:20 am IST,  Updated : Jun 14, 2026 09:22 am IST

परीक्षा वाले दिन ट्रेन लेट होने से छात्र भड़क गए और रेलवे ट्रैक पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे। पुलिस छात्रों को ट्रैक से हटाने पहुंची तो पथराव कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

Railway station- India TV Hindi
रेलवे स्टेशन पर जुटे छात्र Image Source : REPORTER INPUT

बिहार के दानापुर पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह छात्रों ने जबरदस्त हंगामा किया। परीक्षा देने के लिए छात्र परीक्षा केंद्र जा रहे थे, लेकिन ट्रेन लेट होने से परेशान हो गए। गुस्साए छात्रों ने दानापुर और पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर जमकर हंगामा किया। इस दौरान पथराव में पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। बिहार में पुलिस मद्य निषेध की परीक्षा है। परीक्षा देने जाने के लिए हजारों की संख्या में छात्र पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पहुंचे थे, लेकिन ट्रेन लेट हो गई। इससे नाराज छात्र रेलवे ट्रैक पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। हालात इतने बिगड़े कि छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। छात्रों ने प्लेटफार्म पर जमकर तोड़फोड़ की और जबरदस्त पथराव किया। घंटों तक पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर हंगामा होता रहा, जिसमें आईजी जितेंद्र राणा समेत कई थाना इंचार्ज घायल हो गए।

छात्रों का कहना है कि अभ्यर्थियों के लिए ट्रेन का इंतजाम नहीं था, जिससे ज्यादातर छात्र समय से परीक्षा केंद्र पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। इसलिए अब इस परीक्षा को रद्द करना चाहिए। पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन ने बताया, "आधी रात के आस-पास, हमें जानकारी मिली कि कुछ लोग हंगामा कर रहे हैं। हमने उनसे बार-बार कहा कि वे हंगामा न करें और जो एग्जाम देना चाहते हैं, उनके साथ कोऑपरेट करें। लेकिन, कुछ असामाजिक तत्वों ने बार-बार इमरजेंसी चेन खींची और अलग-अलग मांगें रखीं, जैसे स्पेशल ट्रेनों की रिक्वेस्ट, जबकि दो स्पेशल ट्रेनें पहले से ही अवेलेबल थीं। उन्होंने उन स्टूडेंट्स को भी रोका जो जाना चाहते थे। इन दिक्कतों की वजह से, हमें हल्का फोर्स इस्तेमाल करना पड़ा। अब सिचुएशन पूरी तरह नॉर्मल है, और ट्रेनें निकल चुकी हैं। एग्जाम देने वालों के लिए बनी ट्रेनें पहले ही निकल चुकी हैं। ट्रेन ऑपरेशन भी नॉर्मल चल रहा है।"

परीक्षा रद्द कराना चाहते थे हंगामा करने वाले छात्र

आईजी रेलवे ने बताया कि सीमांचल और मधुबनी स्पेशल ट्रेन आकर लगी। इसे दरभंगा और अररिया साइड जाना था। लास्ट मोमेट पर पौने बाहर बजे के आसपास 300 से 400 संख्या में छात्र किस्म के लोग आए। ऐसा लगता था उनका उद्देश्य बाकी लोगों को डिस्टर्ब करना था। स्पेशल ट्रेन की डिमांड रखी। रेलवे से घोषणा हो गई कि एक घंटे के अंदर स्पेशल ट्रेन पहुंचा दी जाएगी। इस बीच इन लोगों ने गुड्स ट्रेन को रोक दिया। इस वजह से स्पेशल ट्रेन आने में व्यवधान हुआ। दो बजकर 10 मिनट पर स्पेशल ट्रेन पहुंच गई। डीजीपी साहब ने कहा कि इनको बताया जाए कि इस ट्रेन से चले जाए। अगर एग्जाम छूट जाता तो रिशिड्यूल या अन्य ऑप्शन प्रदान किया जाएगा। हमने कहा 4.30 घंटे में अररिया पहुंचा दिया जाएगा, लेकिन ये कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे। ऐसा लगता है कि ये संकल्पित थे कि एग्जाम को वेंडलाइज करना है। स्टूडेंट थे कि नहीं ये जांच का विषय है, लेकिन जिस तरह से बार-बार परीक्षा रद्द कराने की मांग कर रहे थे, उससे लग रहा था कि ये एग्जाम कैंसल कराना चाहते थे।

4 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती

केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही के कुल 4128 पदों के लिए लिखित परीक्षा 14 जून से 17 जून तक आयोजित की जाएगी। कक्षपाल के 2417, मद्य निषेध सिपाही के 1603 और चलंत दस्ता सिपाही के 108 पदों के लिए परीक्षा ली जाएगी। दूसरी शिफ्ट के लिए जो छात्र जाने हैं, उनके लिए ट्रेन आ रही है और काफी भीड़ है।

दो शिफ्ट में हो रही परीक्षा

मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा दो शिफ्ट में हो रही है। पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से 12 बजे के बीच है। वहीं, दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक है। हालांकि, पहली शिफ्ट के लिए रिपोर्टिंग टाइम सुबह 8-9 बजे के बीच है। ऐसे में वो छात्र अपने परीक्षा केंद्र तक समय पर नहीं पहुंच पाएंगे, जिनकी परीक्षा पहली शिफ्ट में है। इसी वजह से छात्रों ने रेलवे स्टेशन पर जमकर हंगामा किया। खगड़िया जाने वाली एक छात्रा ने बताया कि जो छात्र भीड़ की वजह से ट्रेन में सवार नहीं हो पाए, उन्होंने ट्रेन को आगे बढ़ने नहीं दिया। ट्रेन के इंजन के आगे आ गए और पथराव शुरू कर दिया। ये छात्र यह चाह रहे थे कि यदि उनकी परीक्षा छूट जाएगी तो फिर दूसरे छात्र भी परीक्षा ना दें और परीक्षा रद्द हो जाए।

ट्रेन के शीशे भी टूटे

रविवार सुबह पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन में हर जगह पत्थर और टूटे हुए कांच के टुकड़े नजर आ रहे थे। गुस्साए छात्रों ने ट्रेन लेट होने पर रेलवे ट्रैक पर बैठकर हंगामा शुरू कर दिया। वह एक इलेक्ट्रिक इंजन के ऊपर भी चढ़ गए। इंजन के शीशे तोड़ दिए। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन उन पर ही पथराव कर दिया। हालांकि, सुबह तक हालात सामान्य नजर आ रहे हैं, लेकिन रेलवे स्टेशन की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि रात में किस कदर हंगामा हुआ था।

यह भी पढ़ें-

पटना के मसौढ़ी में पुलिस और किडनैपर के बीच मुठभेड़, एनकाउंटर में एक अपराधी ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल

कटिहार में भीषण सड़क हादसा: कार को बचाने के चक्कर में पलटी मजदूरों से भरी बस, 25 घायल, 15 की हालत गंभीर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।