1. Hindi News
  2. बिहार
  3. दरभंगा में जमुई जैसी वारदात... नाबालिग छात्रा को दुपट्टा खींचकर जबरन अपहरण की कोशिश, पीड़िता के साथ हुई मारपीट

दरभंगा में जमुई जैसी वारदात... नाबालिग छात्रा को दुपट्टा खींचकर जबरन अपहरण की कोशिश, पीड़िता के साथ हुई मारपीट

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Sep 22, 2026 07:07 pm IST,  Updated : Sep 22, 2026 07:14 pm IST

छात्रा ने मदद की गुहार लगाई तो एक दुकानदार उसे बचाने को आया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी युवक उसका 2 किलोमीटर से पीछा कर रहे थे। उसे जबरन बाइक में बैठाने की कोशिश भी कर रहे थे।

पीड़िता को बचाने वाले दुकानदार बबलू कुमार यादव - India TV Hindi
पीड़िता को बचाने वाले दुकानदार बबलू कुमार यादव Image Source : REPORTER INPUT

बिहार के दरभंगा जिले में परीक्षा देने जा रही नाबालिग छात्रा के साथ जबरन अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक सवार दो युवकों ने छात्रा का दुपट्टा खींचकर उसे बाइक पर बैठाने का प्रयास किया। छात्रा के विरोध और शोर मचाने पर उसके साथ मारपीट की गई। मौके पर पहुंचे दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने छात्रा को बचाया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब पांच घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। मालूम हो कि अभी हाल ही में ऐसी ही वारदात जमुई जिले से सामने आई थी। 

परीक्षा देने जा रही थी 10वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा 

वहीं, अब बिहार में ये ताजा मामला जमालपुर थाना क्षेत्र के किरतपुर चौक का है। जहां सोमवार को अर्धवार्षिक परीक्षा देने जा रही दसवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा को बाइक सवार दो युवकों द्वारा कथित तौर पर जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया गया।

दो किलोमीटर दूर से कर रहे थे छात्रा का पीछा

बताया जा रहा है कि दोनों युवक करीब दो किलोमीटर दूर से ही छात्रा का पीछा कर रहे थे। किरतपुर बाजार के पास पहुंचने पर आरोपियों ने छात्रा का दुपट्टा खींचा और उसे जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश की।

पीड़िता ने पास के दुकानदारों से मांगी मदद

छात्रा ने विरोध करते हुए शोर मचाया और पास के दुकानदारों से मदद मांगी। आरोप है कि छात्रा को बचाने पहुंचे दुकानदारों और स्थानीय लोगों के साथ भी दोनों युवकों ने मारपीट की। छात्रा की मां के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ा

हंगामे की सूचना मिलने के बाद 112 की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। पुलिस ने पीछा करते हुए घटनास्थल से करीब 10 किलोमीटर दूर कोसी बांध के पास से दोनों को पकड़ लिया।

दो आरोपियों में से एक नाबालिग

छात्रा की मां के आवेदन पर जमालपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले में 19 वर्षीय राजू कुमार सदा और नाबालिक लड़के को पकड़ा है। नाबालिग आरोपी के खिलाफ किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है।

नानी के घर रहकर पढाई करती है छात्रा

बताया गया कि छात्रा अपनी नानी के घर रहकर पढ़ाई करती है। नानी का घर किरतपुर हाई स्कूल से करीब चार किलोमीटर दूर कोसी नदी के दूसरी ओर है। छात्रा रोज नाव के जरिए कोसी नदी पार कर स्कूल जाती है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

जितेंद्र कुमार की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

स्कूल जा रही छात्राओं पर ब्लेड से हमला, बाइक सवार बदमाश फरार, लहूलुहान हालत में अस्पताल में कराया भर्ती

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।