1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार वाले हो जाएं तैयार, पड़ेगी खून जमा देने वाली ठंड, मौसम विभाग का 14 जनवरी तक का अपडेट

बिहार वाले हो जाएं तैयार, पड़ेगी खून जमा देने वाली ठंड, मौसम विभाग का 14 जनवरी तक का अपडेट

 Published : Jan 08, 2026 04:48 pm IST,  Updated : Jan 08, 2026 04:48 pm IST

बिहार में तापमान में गिरावट के साथ-साथ घने कोहरे की समस्या भी गंभीर होती जा रही है। आने वाले दिनों में और कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। 14 जनवरी तक बिहार वालों को ठंड के प्रकोप से राहत नहीं मिलेगी।

bihar cold- India TV Hindi
बिहार में कड़ाके की ठंड Image Source : PTI

उत्तर भारत में सर्दी जोर पकड़ती जा रही है। बिहार में भी कड़ाके की ठंड का सिलसिला जारी है। आने वाले दिनों में भी बिहार वालों को राहत मिलने के आसार नहीं है। बिहार मौसम सेवा केंद्र (BMSK) ने राज्य में अगले दो दिनों तक शीतलहर की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है। राज्य के अधिकतर जिलों में कम तापमान के साथ मध्यम से तेज गति से हवा चलने के कारण ठिठुरन बनी रहेगी।

कहां-कितना तापमान?

बीएमएसके के आंकड़ों के मुताबिक, गया जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सबसे कम तापमानों में से एक है। राजधानी पटना में पारा 9 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया, जबकि भागलपुर जिले के सबौर क्षेत्र में 4.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से काफी नीचे है। ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में न्यूनतम तापमान अगले 2 दिनों में चार डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे शीतलहर की तीव्रता और बढ़ने की आशंका है।

कोहरा भी करेगा परेशान

तापमान में गिरावट के साथ-साथ घने कोहरे की समस्या भी गंभीर होती जा रही है। पटना, दरभंगा, बेगूसराय और आसपास के कई जिलों में दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे सड़क और रेल परिवहन प्रभावित हुआ है। यात्रियों को देरी, ट्रेनें रद्द होने और हादसों की आशंका के चलते भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज कोहरे की स्थिति और खराब हो सकती है, जबकि शीतलहर कम से कम 14 जनवरी तक रहने की संभावना है।

दिल्ली, UP समेत कई राज्यों में ठंड का प्रकोप

उत्तर भारत में इस वक्त ठंड का भीषण प्रकोप दिखाई दे रहा है। दिल्ली, यूपी समेत कई राज्यों में ठिठुरन वाली शीत लहर की स्थिति है और लोगों को अलाव जलाना का सहारा लेना पड़ रहा है। इस भीषण ठंड में कई राज्यों में स्कूलों को भी बंद कर दिया गया है। राजधानी दिल्ली में ठंड के साथ ही हवाओं का प्रकोप झेलना पड़ सकता है। पहाड़ी राज्यों में भी लोगों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं।

यह भी पढ़ें-

IMD Weather Update: दिल्ली, UP समेत अनेक राज्यों में क्या है मौसम का हाल? 3 प्रदेशों में तो बारिश का अलर्ट

VIDEO: कश्मीर और लद्दाख में जमी जिंदगी... श्रीनगर में रिकॉर्ड तोड़ ठंड, द्रास में -24°C लुढ़का पारा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।