1. Hindi News
  2. बिहार
  3. जिला पार्षद बैद्यनाथ हत्याकांड में आरोपी का वीडियो वायरल, बोला- मुझ पर गोलीबारी का आरोप झूठा

जिला पार्षद बैद्यनाथ हत्याकांड में आरोपी का वीडियो वायरल, बोला- मुझ पर गोलीबारी का आरोप झूठा

 Published : Sep 16, 2026 11:34 pm IST,  Updated : Sep 16, 2026 11:53 pm IST

जिला पार्षद प्रतिनिधि बैद्यनाथ महतो हत्याकांड में आरोपी बनाए गए त्रिभुवन कुशवाहा ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को गलत बताया है। उसने वीडियो में कहा है कि गोलीबारी में उसका कोई हाथ नहीं था

बैद्यनाथ महतो हत्याकांड- India TV Hindi
बैद्यनाथ महतो हत्याकांड Image Source : INDIA TV

बिहार के सीतामढ़ी में जिला पार्षद प्रतिनिधि बैद्यनाथ महतो हत्याकांड में आरोपी बनाए गए त्रिभुवन कुशवाहा ने एक वीडियो जारी कर कई गंभीर आरोप लगाए हैं जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से पत्रकार को भेजे गए वीडियो में त्रिभुवन ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को गलत बताया है। उसने दावा किया कि 28 अगस्त को बैद्यनाथ महतो पर कथित गोलीबारी में उसका कोई हाथ नहीं था और उसने बैद्यनाथ महतो पर गोली नहीं चलाई थी। इसके साथ ही उसने बैद्यनाथ महतो पर जमीन कब्जाने का भी आरोप लगाया।

आरोपी ने कहा बैद्यनाथ ने उसके पिता के साथ की थी मारपीट 

आरोपी ने अपने वीडियो में दावा किया कि बैद्यनाथ महतो ने उसके पिता के साथ मारपीट की थी। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसके साथ मारपीट करने के अलावा उसकी मां और बहन के साथ गाली-गलौज की गई। त्रिभुवन ने कहा कि इन घटनाओं को लेकर कई बार पंचायती भी हुई, लेकिन उसके परिवार के साथ न्याय नहीं हुआ।

त्रिभुवन ने आरोप लगाया उसके साथ नाइंसाफी हुई है 

वीडियो में त्रिभुवन ने आरोप लगाया कि बैद्यनाथ महतो उस पर दबाव बनाना और अपना वर्चस्व कायम करना चाहते थे। उसने कहा कि उसके साथ कई बार नाइंसाफी हुई है और इन्हीं विवादों को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। बता दें कि सीतामढ़ी जिले में जिला पार्षद खुशदिल देवी के पति बैद्यनाथ महतो की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 

पुलिस कर रही है मामले की जांच 

इस मामले में त्रिभुवन कुशवाहा को आरोपी बनाया गया है। फिलहाल वह फरार बताया जा रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।

सीतामढ़ी से सौरभ की रिपोर्ट 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।