बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब की तस्करी का सिलसिला जारी है। अब पटना में पुलिस ने एक युवती और उसके दोस्त को शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, युवती उत्तर प्रदेश के वाराणसी से ट्रेन में शराब की खेप लेकर पटना पहुंची थी। उसके बैग की तलाशी में करीब 14 हजार रुपये की अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पढ़ाई के साथ शराब तस्करी करती युवती
गिरफ्तार युवती की पहचान रिया के रूप में की गई है। वह दानापुर की रहने वाली है और पटना में रहकर बीए की पढ़ाई कर रही थी। पुलिस के अनुसार, वह वाराणसी से ट्रेन के जरिए शराब लाकर पटना में सप्लाई करती थी। बुधवार को पुलिस ने पटना जंक्शन के पास कार्रवाई करते हुए रिया को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके हैंडबैग और शोल्डर बैग से करीब 14 हजार रुपये की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पूछताछ में रिया ने पुलिस को बताया कि उसे वाराणसी से पटना शराब पहुंचाने के बदले 2 हजार रुपये देने का झांसा दिया गया था।
डिलीवरी से पहले पुलिस ने पकड़ा
पुलिस के मुताबिक, रिया को पटना जंक्शन पर लेने के लिए उसका दोस्त बाइक से पहुंचा था। दोनों शराब लेकर बाइक से दानापुर जाने वाले थे, जहां शराब की डिलीवरी की जानी थी। हालांकि, डिलीवरी से पहले ही पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रिया किसके कहने पर शराब ला रही थी और इस पूरे नेटवर्क में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
शराब के साथ पकड़ी गई युवती
बिहार में शराब तस्करी के मामले में किसी युवती की गिरफ्तारी का यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब हाल ही में समस्तीपुर में नेहा झा को शराब के साथ पकड़ा गया था। स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में हुई कार्रवाई के दौरान नेहा झा के पास से करीब डेढ़ लाख रुपये की विदेशी शराब बरामद होने की बात सामने आई थी। इस मामले में उसके बहनोई ईशान कुमार को भी गिरफ्तार किया गया था।
AC फर्स्ट कूपे से मिली थी डेढ़ लाख की शराब
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात नई दिल्ली से दरभंगा जा रही स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे की सीआईडी टीम ने संयुक्त कार्रवाई की थी। टीम ने ट्रेन के एसी फर्स्ट कूपे में कार्रवाई करते हुए नेहा झा के पास से करीब डेढ़ लाख रुपये की विदेशी शराब बरामद की थी। कार्रवाई के दौरान उसके साथ उसकी बड़ी बहन के पति ईशान कुमार को भी गिरफ्तार किया गया था। दोनों को समस्तीपुर जीआरपी ने गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
अब SIT करेगी नेहा मामले की जांच
नेहा झा के शराब बरामदगी मामले की जांच अब SIT करेगी। पुलिस पूरे शराब तस्करी नेटवर्क की तह तक जाने की कोशिश कर रही है। पटना में रिया की गिरफ्तारी और समस्तीपुर में नेहा के मामले ने एक बार फिर बिहार में शराब तस्करी के तरीके और नेटवर्क पर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस अब दोनों मामलों में यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और इसके पीछे कौन लोग काम कर रहे हैं।