1. Hindi News
  2. बिहार
  3. हाजीपुर में बेखौफ बदमाशों का तांडव, घर के दरवाजे पर बैठे युवक को मारी गोली, फायरिंग करते हुए फरार

हाजीपुर में बेखौफ बदमाशों का तांडव, घर के दरवाजे पर बैठे युवक को मारी गोली, फायरिंग करते हुए फरार

 Published : Jul 30, 2026 10:42 am IST,  Updated : Jul 30, 2026 10:45 am IST

हाजीपुर में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि दिन दहाड़े बाइक पर सवार 3 बेखौफ बदमाशों ने जमकर फायरिंग की। तीनों बाइक सवार ने करीब 10 राउंड फायरिंग की जिसमें एक युवक के पैर में दो गोलियां लगीं। घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

हाजीपुर में बदमाशों ने की फायरिंग- India TV Hindi
हाजीपुर में बदमाशों ने की फायरिंग Image Source : INDIA TV

बिहार के हाजीपुर में सदर थाना क्षेत्र के कुतुबपुर डुमरी गांव में बाइक सवार अपराधियों का तांडव देखने को मिला है। एक बाइक पर सवार तीन बदमाश फायरिंग करते हुए आए और अपने घर के पास बैठे एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस घटना में युवक के बाएं पैर के घुटने के पास दो गोली लगीं। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। स्थानीय लोगों को आता देख अपराधी फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। 

बाइक सवार बदमाशों ने की फायरिंग

स्थानीय लोगों ने घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर में भर्ती कराया गया। जहां घायल युवक का इलाज चल रहा है। उसकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायल युवक की पहचान कुतुबपुर डुमरी गांव निवासी अमरनाथ पासवान के 26 साल के बेटे राहुल कुमार के रूप में की गई है।

घर के बार युवक पर चलाई गोलियां

घटना के बारे में घायल युवक राहुल ने बताया कि वो अपने घर के पास बथान में बैठकर मोबाइल देख रहा था। वहां बहुत सारे लोग थे, बहुत महिलाएं भी मौजूद थीं। तभी एक बाइक पर सवार तीन लोग फायरिंग करते हुए आए। गोली चलने के बाद जैसे ही मैं भागने लगा तो दो गोली मेरे पैर में लग गईं। ये गोली किसी इरादे से चलाई या ऐसे ही लग गई ये पता नहीं है। आपको बता दें घायल राहुत पेशे से राज मिस्त्री का काम करता है। लोगों के पूछने पर उसने बताया कि उसका किसी से कोई झगड़ा या विवाद नहीं है।

फायरिंग करते हुए फरार हुए बदमाश

घटना को अंजाम देने के बाद फायरिंग करते हुए अपराधी मौके से फरार हो गए। वहीं घटना की सूचना मिलते ही सदर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाल रही है। पुलिस ने मौके से खोखा भी बरामद किया है। पुलिस अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। 

इनपुट: राजा बाबू (हाजीपुर)

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।